Winter Car Care Tips: सर्दियों में सुबह-सुबह कार स्टार्ट करते ही सबसे पहली दिक्कत वाइपर से होती है। कोहरा, ओस और पाला शीशे पर जम जाता है और वाइपर चलाते ही किर्र-किर्र की आवाज आने लगती है। कई बार तो ब्लेड शीशे से चिपक जाता है और खींचने पर रबर ही फट जाता है।
ऐसा इसलिए होता है क्योंकि ठंड में रबर सख्त हो जाता है। अगर आपने सर्दियों में वाइपर की थोड़ी सी देखभाल नहीं की, तो एक ही सीजन में नया वाइपर भी खराब हो जाएगा और शीशे पर स्क्रैच भी आ जाएंगे। इसलिए इन 5 बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है।
कार के वाइपर की ब्लेड का ऐसे रखें ख्याल
जिन लोगों के घरों में कार है उनके लिए ठंड के मौसम में एक परेशानी आ जाती है, वह है कार के वाइपर की ब्लेड। हम आपके लिए कुछ तरीके लाए हैं, जिनसे आप ब्लेड का ख्याल रख सकती हैं।
1. रात को पार्क करते समय वाइपर को उठाकर रखें
यह सबसे आसान और सबसे काम का तरीका है। रात में ओस, कोहरा या पाला पड़ने से वाइपर का रबर शीशे से चिपक जाता है। सुबह आप जैसे ही वाइपर चलाती हैं, रबर खिंचकर फट जाता है।
इससे बचने के लिए रात को कार पार्क करते समय दोनों वाइपर को ऊपर उठाकर खड़ा कर दें। सुबह शीशा साफ करके वाइपर को वापस नीचे कर दें। इससे ब्लेड सालों तक चलेगी।
image credit-pinterest
2. सूखे या जमे हुए शीशे पर कभी वाइपर न चलाएं
बहुत से लोग शीशे पर जमी धूल या बर्फ को साफ करने के लिए सीधे वाइपर चला देते हैं। यही सबसे बड़ी गलती है।
सूखी धूल, बर्फ या पाले पर वाइपर चलाने से रबर घिस जाता है और शीशे पर बारीक-बारीक स्क्रैच आ जाते हैं। पहले किसी नरम कपड़े से शीशा पोंछें या वॉशर स्प्रे मारें। कार का डीफॉगर ऑन करें, बर्फ पिघलने के बाद ही वाइपर चलाएं।
3. वॉशर फ्लूइड हमेशा फुल रखें
सर्दियों में कोहरा और धूल शीशे को बार-बार गंदा कर देती है। अगर वॉशर फ्लूइड खत्म हो गया तो आप सूखे शीशे पर वाइपर चलाने को मजबूर हो जाएंगे।
इसलिए हफ्ते में एक बार वॉशर टैंक चेक जरूर करें। इसमें हमेशा अच्छा वाला वॉशर फ्लूइड भरकर रखें। सिर्फ सादा पानी डालने से सर्दियों में वो जम भी सकता है।
4. ब्लेड में धारियां आ रही हैं तो तुरंत बदलें
ठंड में रबर में क्रैक आना आम बात है। अगर वाइपर चलाने पर शीशे पर पानी की लाइनें रह जा रही हैं, कहीं-कहीं जगह छूट रही है या आवाज आ रही है, तो समझ जाइए ब्लेड खराब हो गया है।
ऐसे ब्लेड को खींच-खींचकर चलाने से शीशा खराब होगा। अच्छा होगा कि सर्दी शुरू होने से पहले ही पुराने ब्लेड बदल लें। नया ब्लेड ज्यादा महंगा भी नहीं आता।
image credit-pinterest
5. हफ्ते में एक बार ब्लेड और शीशा साफ करें
शीशे पर जमी धूल और ब्लेड पर लगा कचरा भी वाइपर को खराब करता है। हफ्ते में एक बार गीले नरम कपड़े से वाइपर के रबर को हल्के हाथ से पोंछें। साथ ही विंडशील्ड को भी अंदर और बाहर से साफ करें। इससे वाइपर स्मूथ चलेगा और शीशा भी एकदम क्रिस्टल क्लियर दिखेगा।
यह भी पढ़ें- क्या कोई भी अपनी कार को बनवा सकता है बुलेटप्रूफ? जानिए इससे जुड़े नियम, प्रक्रिया और खर्च
वाइपर की देखभाल करते समय ध्यान रखने वाली बातें
कार के वाइपर का ख्याल रखते हुए कुछ बातों का ध्यान देना काफी जरूरी होता है। आइए जानते हैं यहां-
- अगर ब्लेड बर्फ से चिपक गयई है, तो उसे जोर से न खींचें। पहले गुनगुना पानी डालें या डीफॉगर से बर्फ पिघलाएं।
- जमी बर्फ को पिघलाने के लिए उबलता हुआ गरम पानी कभी न डालें, इससे शीशा चटक सकता है।
- सस्ते ब्लेड का रबर जल्दी सख्त हो जाता है। हमेशा अच्छी कंपनी का ब्लेड ही लगवाएं।
- शीशा सूखा हो तो पहले वॉशर स्प्रे मारें, फिर वाइपर चलाएं। सूखा वाइपर चलाना ब्लेड की उम्र आधी कर देता है।
- अगर कार 3-4 दिन तक नहीं चलानी है, तो वाइपर को उठाकर ही रखें, ताकि रबर शीशे से चिपके नहीं।
यह भी पढ़ें- क्या गाड़ी में रखती हैं मेकअप का सामान? गर्मी में भूलकर भी न करें ये काम, हो सकता है बड़ा नुकसान
सर्दियों में वाइपर खराब होना कोई बड़ी समस्या नहीं है, बस थोड़ी सी सावधानी की जरूरत है। रात को वाइपर उठाकर रखना, सूखे शीशे पर वाइपर न चलाना और वॉशर फ्लूइड भरा रखना, इन तीन आदतों से ही आपका वाइपर पूरी सर्दी आराम से चल जाएगा।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
main image credit-pinterest (One Good Thing by Jillee)
