आजकल हर कोई मीठा खाता है, फिर चाहे वह बच्चा हो या बूढ़ा। हर किसी को मीठा पसंद होता है। खासकर बच्चे तो कैंडी ज्यादा खाते हैं और बड़ों को मिठाइयां काफी अच्छी लगती हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि मीठा खाने के बाद मुंह के अंदर पहले कुछ मिनटों और घंटों में क्या होता है?

द कन्वरसेशन की रिसर्च के मुताबिक, आप यह तो जानती हैं कि ज्यादा चीनी खाने से दांतों में कैविटी होती है, लेकिन शायद आप यह नहीं जानती कि कैसे बैक्टीरिया मीठे का पहला टुकड़ा खाते ही दांतों पर प्लाक की चिपचिपी परत बना देते हैं। प्लाक ही वह वजह है, जिससे दांत पीले दिखने लगते हैं। आइए जानते हैं कि चीनी के मुंह में जाते ही क्या होता है और दांतों को कैसे बचाया जाए।

मीठा खाने से दांतों का पीलापन और कैविटी क्यों बढ़ती है?

जैसे ही आप मीठा खाती या पीती हैं, कुछ ही सेकेंड में आपके मुंह में रहने वाले बैक्टीरिया उस चीनी का इस्तेमाल खुद को बढ़ाने के लिए करने लगते हैं। चीनी को एनर्जी में बदलने की प्रक्रिया में ये बैक्टीरिया बड़ी मात्रा में एसिड बनाते हैं। मीठा खाने के 1-2 मिनट के अंदर ही मुंह में एसिडिटी इतनी बढ़ जाती है कि वह दांतों की मजबूत परत यानी इनेमल को गलाने लगती है और तभी अंदर की पीली परत (डेंटिन) दिखने लगती है और दांतों में कैविटी (छेद) बन जाती हैं।

क्या होता है प्लाक?

कैविटी पैदा करने वाले बैक्टीरिया खाने की चीनी से एक चिपचिपी परत बनाते हैं जिसे बायोफिल्म या प्लाक कहते हैं। यह दांतों से चिपका हुआ एक लेयर जैसा होता है। बायोफिल्म को बिना ब्रश किए या डेंटिस्ट के पास सफाई कराए हटाना बहुत मुश्किल होता है।

इसके अलावा, यह प्लाक एक दीवार की तरह काम करता है, जिससे लार अंदर नहीं जा पाती और एसिड को न्यूट्रल नहीं कर पाती। सबसे बुरी बात यह है कि कैविटी वाले बैक्टीरिया इस तेजाबी माहौल में भी जिंदा रह सकते हैं, लेकिन उन्हें रोकने वाले अच्छे बैक्टीरिया मर जाते हैं। प्लाक में, कैविटी वाले बैक्टीरिया बढ़ते रहते हैं, मुंह में एसिडिटी बनाए रखते हैं और दांतों के मिनरल्स को खत्म करते रहते हैं, जब तक कि कैविटी दिखने या दर्द करने न लगे।

image credit-shutterstock

मीठा खाने के बाद दांतों को कैसे बचाएं?

अगली बार मीठा खाने से पहले दांतों को सुरक्षित रखने के लिए ये उपाय करें।

  • सबसे पहले मीठा कम खाएं और मीठे को खाने के साथ ही खाएं। ऐसा इसलिए क्योंकि खाते वक्त लार ज्यादा बनती है और यह एसिड को भी कम करती है।
  • पूरे दिन मीठा न खाएं और चीनी वाली ड्रिंक्स से भी बचें। बार-बार मुंह में चीनी जाने से लंबे समय तक मुंह में एसिड बना रहता है।
  • लास्ट में एक बात का जरूर ध्यान दें और वह है ब्रश करना। रात में खाने के बाद ब्रश जरूर करें और हो सके तो मीठा खाने के बाद भी। ऐसा करने से प्लाक हट जाता है।

दांतों को नुकसान पहुंचाने वाली मीठी चीजें

सभी मिठाइयां एक जैसी नहीं होती हैं। डेंटिस्ट के मुताबिक सबसे ज्यादा नुकसान चिपचिपी मिठाइयां करती हैं।

टॉफी, कैरामल, गमी कैंडी, जलेबी - ये दांतों से चिपक जाती हैं और 2 घंटे तक एसिड बनाती हैं।
बिस्किट, केक, ब्रेड -  ये दांतों के बीच फंस जाते हैं।
चॉकलेट, आइसक्रीम - ये जल्दी घुल जाती हैं और लार से धुल जाती हैं, इसलिए अगर मीठा खाना ही है तो चिपकने वाली मिठाई की जगह चॉकलेट चुनें।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।