मूंग और काला चना, दोनों के स्प्राउट्स सेहत के लिए अच्छे माने जाते हैं। इनमें प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। अगर आपका लक्ष्य वजन घटाना है, तो दोनों में से किसी एक को चुनने से पहले यह समझना जरूरी है कि इनमें कैलोरी, प्रोटीन और फाइबर की मात्रा कितनी होती है। साथ ही, इन्हें खाने का तरीका और मात्रा भी वजन घटाने पर असर डाल सकती है।

मूंग और चना स्प्राउट्स में से कौन सा है बेस्ट?

वजन कम करने के लिए लोग अक्सर नाश्ते में स्प्राउट्स खाना पसंद करते हैं। ये हल्के लगते हैं और इनमें पोषण भी भरपूर होता है। जब बात मूंग और काले चने के स्प्राउट्स की आती है, तो सवाल उठता है कि पेट देर तक भरा रखने और वजन घटाने में कौन ज्यादा मददगार है? आइए National Library of Medicine की रिसर्च से जानते हैं कि दोनों के अपने फायदे हैं, बस इनके पोषण और खाने के तरीके में थोड़ा अंतर है।

Photo Credit: Magnific

मूंग और चना स्प्राउट्स में क्या है अंतर?

दोनों तरह के स्प्राउट्स पोषण से भरपूर होते हैं, लेकिन इनके गुण थोड़े अलग हैं। मूंग स्प्राउट्स में पानी की मात्रा ज्यादा होती है और ये कैलोरी में हल्के होते हैं। वहीं, काले चने के स्प्राउट्स में प्रोटीन और फाइबर की मात्रा तुलनात्मक रूप से ज्यादा होती है। यही वजह है कि दोनों को खाने से शरीर को अलग-अलग फायदे मिलते हैं।

1. मूंग स्प्राउट्स

अगर आप वजन घटाने की सोच रही हैं, तो मूंग स्प्राउट्स अच्छा ऑप्शन हो सकता है। इनमें कैलोरी कम होती है और थोड़ी मात्रा में प्रोटीन, फाइबर, विटामिन और मिनरल्स भी मिलते हैं। 100 ग्राम कच्चे मूंग स्प्राउट्स में करीब 30 कैलोरी और 3 ग्राम प्रोटीन पाया जाता है। हालांकि, पोषण की मात्रा स्प्राउट्स तैयार करने के तरीके और उनमें मौजूद पानी के आधार पर बदल सकती है। मूंग स्प्राउट्स को सलाद, चाट या नाश्ते के रूप में खाया जा सकता है। इनमें खीरा, टमाटर, प्याज और नींबू मिलाकर खाने से स्वाद के साथ पोषण भी बढ़ जाता है। कम कैलोरी वाला ऑप्शन चाहने वालों के लिए ये फायदेमंद हो सकते हैं।

2. काले चने के स्प्राउट्स

काले चने के स्प्राउट्स में मूंग के मुकाबले प्रोटीन और फाइबर अधिक मिल सकता है। ये पोषक तत्व पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद करते हैं। इससे बार-बार भूख लगने और कुछ खाते रहने की आदत पर काबू पाने में मदद मिल सकती है। काले चने में आयरन, मैग्नीशियम और फोलेट जैसे पोषक तत्व भी पाए जाते हैं। अगर आप नियमित व्यायाम करती हैं और खाने में प्रोटीन की मात्रा बढ़ाना चाहती हैं, तो चने के स्प्राउट्स को डाइट में शामिल कर सकती हैं। हालांकि, इनमें मूंग के मुकाबले कैलोरी भी अधिक होती है, इसलिए मात्रा का ध्यान रखना जरूरी है।

Photo Credit: Magnific

वजन घटाने के लिए कौन सा स्प्राउट्स बेहतर है?

इसका जवाब आपकी जरूरत पर निर्भर करता है। अगर आप कम कैलोरी वाला नाश्ता चाहती हैं, तो मूंग स्प्राउट्स बेहतर विकल्प हो सकते हैं। वहीं, अगर आपका लक्ष्य ज्यादा प्रोटीन और फाइबर लेना और देर तक पेट भरा रखना है, तो काले चने के स्प्राउट्स चुन सकती हैं। ध्यान रखें कि सिर्फ मूंग या चने के स्प्राउट्स खाने से वजन कम नहीं होता है। वजन घटाने के लिए पूरे दिन में ली जाने वाली कैलोरी और खर्च होने वाली ऊर्जा के बीच संतुलन जरूरी है। इसके साथ नियमित शारीरिक गतिविधि और पर्याप्त नींद भी अहम भूमिका निभाती है।

पोषण / फायदा मूंग स्प्राउट्स काले चने के स्प्राउट्स
कैलोरी (100 ग्राम में) करीब 30 कैलोरी, सबसे हल्का करीब 160-180 कैलोरी, ज्यादा
प्रोटीन (100 ग्राम में) करीब 3 ग्राम करीब 8-9 ग्राम
फाइबर कम, पर पचने में आसान ज्यादा, देर तक पेट भरा रखता है
मुख्य पोषक तत्व विटामिन C, K, फोलेट, मैग्नीशियम आयरन, मैग्नीशियम, फोलेट, प्रोटीन
वजन घटाने में किसके लिए बेस्ट कम कैलोरी वाला नाश्ता चाहिए तो भूख कंट्रोल करनी है, प्रोटीन बढ़ाना है तो

क्या दोनों स्प्राउट्स एक साथ खा सकती हैं?

जी हां, आप मूंग और काले चने के स्प्राउट्स को मिलाकर भी खा सकती हैं। इससे आपको दोनों दालों के पोषक तत्व मिलेंगे। एक कटोरी में थोड़े मूंग और चने के स्प्राउट्स लेकर उसमें खीरा, टमाटर, नींबू और हरा धनिया मिला लें। स्वाद के लिए थोड़ा भुना जीरा और काली मिर्च डाल सकती हैं। हालांकि, शुरुआत में कम मात्रा लें। चने में फाइबर ज्यादा होने के कारण कुछ लोगों को गैस या पेट फूलने की परेशानी हो सकती है।

अगर आप चाहते हैं सुबह का नाश्ता हल्का हो और पेट पर बोझ न पड़े, तो मूंग स्प्राउट्स आपके लिए बेस्ट हैं। अगर आपको बार-बार लगती है, तो काले चने के स्प्राउट्स आपको देर तक फुल रखेंगे। सबसे स्मार्ट तरीका यही है कि दोनों को मिलाकर खाएं मूंग से कम कैलोरी, चने से ज्यादा प्रोटीन मिलता है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।