अक्टूबर की शुरुआत हो चुकी है। ऐसे में मौसम भी तेजी से बदल रहा है। मौसम बदलते ही लोग खान-पान को लेकर थोड़ा ज्यादा सावधान हो जाते हैं। ऐसे में आंवला भी घरों में खूब इस्तेमाल किया जाता है। इसे विटामिन C और दूसरे पोषक तत्वों का अच्छा सोर्स माना जाता है, लेकिन कई लोगों के मन में सवाल रहता है आंवला खाना हो तो इसे किस तरह लिया जाए?
क्याेंकि बाजार में आंवला फल, जूस और पाउडर तीनों आसानी से मिल जाते हैं। ऐसे में कई लोगों को समझ नहीं आता कि इन तीनों में से कौन-सा तरीका ज्यादा अच्छा है। हाल ही में पीएम मोदी ने भी मन की बात में आंवला के फायदाें के बारे में जानकारी दी थी। ऐसे में आइए जानते हैं आंवला खाने का तरीका क्या होना चाहिए?
image credit- magnific
बदलते मौसम में Amla क्यों खाया जाता है?
मौसम बदलते ही सर्दी, जुकाम, खांसी और वायरल इन्फेक्शन का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में आंवला शरीर के लिए एक ढाल की तरह काम करता है। आंवले में अच्छी मात्रा में विटामिन-C और एंटी-ऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो इम्युनिटी को मजबूत बनाते हैं। ऐसे में अगर आप रोजाना आंवला खाएंगी तो मौसमी बीमारियों का खतरा कम होगा। यह पाचन तंत्र को दुरुस्त रखता है, पेट की जलन और गैस में भी राहत देता है। साथ ही यह शरीर को डिटॉक्स करके त्वचा में चमक लाता है और बालों का झड़ना भी कम कर सकता है।
आंवला में कौन-कौन से पोषक तत्व पाए जाते हैं?
आंवला को सुपरफूड कहा जाता है, इसमें कोई दो राय नहीं है। वजह है कि इसमें कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसका मेन सोर्स विटामिन-C है। एक छोटे से आंवले में संतरे से भी कई गुना ज्यादा विटामिन-C होता है। इसके अलावा इसमें विटामिन-A, विटामिन-B कॉम्प्लेक्स, कैल्शियम, आयरन और फास्फोरस जैसे जरूरी मिनरल्स भी होते हैं। आंवले में फाइबर भी भरपूर होता है, जो डाइजेशन के लिए अच्छा है।
फ्रेश आंवला खाना कैसा रहेगा?
अगर फ्रेश आंवला आसानी से मिल रहा है, तो उसे सीधे फल के तौर पर खाना एक अच्छा तरीका हो सकता है। आंवले में विटामिन C के साथ फाइबर भी पाया जाता है। आंवला खट्टा और कसैला होता है, इसलिए इसे सीधे खाना हर किसी को पसंद नहीं आता। ऐसे में इसे छोटे टुकड़ों में काटकर भी खाया जा सकता है।
आंवले का जूस लेना कैसा है?
आंवले का जूस भी लिया जा सकता है, लेकिन यहां एक बात ध्यान देने वाली है। अगर जूस निकालते समय फल का गूदा और फाइबर अलग कर दिया जाएगा, तो तो आपको पूरे फल वाला फाइबर नहीं मिलेगा। जूस बनाने और उसे प्रोसेस करने के तरीके से भी उसके पोषक तत्वों पर असर पड़ सकता है। एक रिसर्च में आंवले के जूस को प्रोसेस करने के बाद उसके पोषक तत्वों में बदलाव देखा गया था।
image credit- magnific
आंवला पाउडर कितना अच्छा है?
जिन लोगों को फ्रेश आंवला आसानी से नहीं मिलता, उनके लिए पाउडर एक बढ़िया ऑप्शन रहेगा, लेकिन पाउडर बनाते समय आंवले को सुखाया जाता है और इस दौरान विटामिन C की मात्रा कम हो सकती है।
तो तीनों में क्या चुनें?
अगर फ्रेश आंवला आसानी से मिल जाता है, तो इसे आप फल की तरह खा सकती हैं। जूस उन लोगों के लिए सही रहेगा, जिन्हें फल खाना पसंद नहीं है। वहीं पाउडर तब काम आ सकता है जब ताजा आंवला उपलब्ध न हो।
आंवला का सेवन: कौन-सा तरीका आपके लिए सही है?
| किस तरह आंवला लें | कितनी मात्रा में आंवला लें | ध्यान रखने वाली बात |
| फ्रेश आंवला | दिनभर में 1 से 2 मीडियम आकार के आंवले (टुकड़ों में काटकर खा सकती हैं) | इसमें फाइबर और विटामिन-C भरपूर होता है, लेकिन खट्टे और कसैले स्वाद की वजह से इसे खाना थोड़ा मुश्किल हो सकता है |
| आंवले का जूस | 10 से 20 मिलीलीटर जूस पानी में मिलाकर पिएं | जूस निकालते समय फाइबर अलग हो जाता है और प्रोसेसिंग से पोषक तत्वों में बदलाव हो सकता है |
| आंवला पाउडर | आधा से एक छोटा चम्मच पाउडर पानी के साथ लें | फ्रेश आंवला न मिलने पर यह अच्छा ऑप्शन है, लेकिन सुखाते समय विटामिन C कम हो सकता है |
| आंवला कैंडी/मुरब्बा | दिन में केवल 1 से 2 टुकड़े खाएं | इनमें चीनी की मात्रा बहुत ज्यादा होती है, इसलिए सीमित मात्रा में ही खाएं |
रोज कितना आंवला खाना चाहिए?
अगर आप आंवला का सेवन करती हैं, तो यह भी जान लें कि उसे कितनी मात्रा में खाना सही रहेगा।
- फ्रेश आंवला: दिनभर में 1 से 2 मीडियम साइज का आंवला खाया जा सकता है।
- आंवले का जूस: अगर आप जूस पीती हैं, तो रोजाना 10 से 20 मिलीलीटर जूस को पानी में मिलाकर पी सकती हैं।
- आंवला पाउडर: आंवले का सूखा पाउडर खा रही हैं, तो रोज आधा से एक छोटा चम्मच पानी के साथ ले सकती हैं।
- आंवला कैंडी या मुरब्बा: अगर आप कैंडी या मुरब्बा खाती हैं, तो दिन में 1 से 2 टुकड़े खाएं, क्योंकि इनमें चीनी की मात्रा ज्यादा होती है।
डिस्क्लेमर (Disclaimer): इस लेख में दी गई जानकारी और सुझाव केवल सामान्य जागरूकता और शैक्षणिक उद्देश्य के लिए हैं। इन्हें किसी भी तरह की डॉक्टरी सलाह, इलाज या मेडिकल परामर्श का विकल्प न समझें। यदि आपको स्वास्थ्य से जुड़ी कोई समस्या है, तो आंवले का सेवन शुरू करने से पहले अपने डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Amla Benefits Research
https://pmc.ncbi.nlm.nih.gov/articles/PMC9137578/
image credit- magnific
