अक्सर रसोई में खाना बनाते समय हम जरूरत से ज्यादा आलू छील या काट लेते हैं। ऐसे में अगर कटे हुए आलू थोड़ी देर हवा में खुले छूट जाएं, तो वे बहुत जल्दी काले पड़ने लगते हैं। काले पड़े इन आलूओं को देखकर ज्यादातर लोग यही सोचते हैं कि ये खराब हो चुके हैं और इन्हें तुरंत उठाकर कूड़ेदान में फेंक देते हैं। बता दें कि कटने के बाद आलू का काला पड़ना एक सामान्य रासायनिक प्रक्रिया है, जिसे ऑक्सीडेशन कहते हैं। अगर आप कटे हुए आलू काले पड़ने पर फेंक देती हैं, तो ऐसा बिल्कुल न करें। नीचे लेख में जानें ऐसा क्यों होता है और आप इन्हें स्टोर करने का सुरक्षित तरीका क्या है?
कटे हुए आलू काले क्यों पड़ जाते हैं ?
आलू में स्टार्च और आयरन के साथ-साथ पॉलीफिनॉल ऑक्सीडेज नामक एंजाइम प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। जब आलू को काटा जाता है, तो इसके अंदर के सेल्स हवा के संपर्क में आते हैं। ऑक्सीजन के साथ इस रासायनिक प्रतिक्रिया के कारण आलू की सतह का रंग भूरा या काला पड़ने लगता है।
यह बिल्कुल वैसा ही है जैसे सेब या बैंगन को काटने के बाद खुला छोड़ने पर उनका रंग बदल जाता है। इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आलू सड़ गया है या खाने लायक नहीं बचा है। यह केवल एक प्राकृतिक रंग परिवर्तन है, जिसे आसानी से रोका जा सकता है।
जर्नल ऑफ एग्रीकल्चरल एंड फूड केमिस्ट्री (Journal of Agricultural and Food Chemistry) की शोध के अनुसार, आलू की अलग-अलग किस्मों में PPO एंजाइम और टाइरोसिन का स्तर अलग-अलग होता है। साथ ही जिन किस्मों में टाइरोसिन अधिक होता है, वे कटने के बाद तेजी से काली पड़ती हैं।
कटे हुए आलू को स्टोर करने के आसान ट्रिक्स
अगर आपके आलू कट चुके हैं और आप उन्हें तुरंत इस्तेमाल नहीं करना चाहती हैं, तो उन्हें फेंकने के बजाय इन आसान तरीकों से बिल्कुल फ्रेश और सफेद रख सकती हैं।
- कटे हुए आलूओं को तुरंत ठंडे पानी से भरे किसी बर्तन में पूरी तरह डुबोकर रख दें। पानी में रहने से आलू का संपर्क ऑक्सीजन से कट जाता है, जिससे ऑक्सीडेशन की प्रक्रिया रुक जाती है और आलू घंटों तक काले नहीं पड़ते।
- अगर आप आलूओं को पानी में भिगोकर नहीं रखना चाहती हैं, तो पानी में कुछ बूंदें नींबू के रस या सफेद सिरके की मिला दें। नींबू का खट्टापन एंजाइम की प्रक्रिया को धीमा कर देता है, जिससे आलू एकदम चमकदार और सफेद बने रहते हैं।
- अगर आपको कटे हुए आलूओं को अगले दिन के लिए स्टोर करना है, तो उन्हें उबलते पानी में 2 मिनट के लिए डालकर तुरंत ठंडे पानी में निकाल लें। इससे आलू के एंजाइम निष्क्रिय हो जाते हैं और वे बिल्कुल खराब नहीं होते।
काले पड़ चुके आलू खाना चाहिए या नहीं?
कटे हुए कुछ ही देर में काले पड़ जाते हैं। ऐसे में मन में सवाल आता है कि क्या हल्के काले या भूरे हो चुके आलूओं का सेवन किया जा सकता है? बता दें कि इसका जवाब हां है।
अगर आलू में से कोई बदबू नहीं आ रही है और वह गल या सड़ नहीं गया है, तो इसे खा सकती हैं। अगर आलू की ऊपरी सतह पर हल्की सी काली परत जम गई है, तो आप पकाने से पहले उन्हें एक बार साफ पानी से धो या चाकू से हल्का छील सकती हैं।
इसे भी पढ़ें- क्या आप जानती हैं भारतीय और इंडोनेशियन खाने में अंतर?
अगली बार जब भी आपके कटे हुए आलू काले पड़ जाएं, तो उन्हें फेंकने की भूल बिल्कुल न करें। इन छोटी-छोटी किचन टिप्स को अपनाकर आप आलू को खराब होने से बचा सकती हैं। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Magnific, Shutterstock
