वंदे भारत एक्सप्रेस में ट्रैवल करना बाकी ट्रेनों से थोड़ा अलग है। इसकी कई खासियतों में से एक है इसके ऑटोमैटिक डोर यानी दरवाजे, जो ट्रेन के रुकने और चलने के हिसाब से अपने आप खुलते और बंद होते हैं। ये दरवाजे यात्रियों की सुरक्षा के लिए लगाए गए हैं, लेकिन कभी-कभी यही सुविधा परेशानी की वजह भी बन जाती है। मान लीजिए आप किसी रिश्तेदार या दोस्त को ट्रेन में बैठाने के लिए अंदर गए और वापस आने से पहले ही दरवाजे लॉक हो गए। ऐसे में आप ट्रेन के अंदर ही फंस सकते हैं।
वंदे भारत ट्रेन में फंस जाएं तो क्या करें?
अगर ट्रेन स्टेशन से निकल गई तो बिना टिकट सफर करने की वजह से आपको जुर्माना भी देना पड़ सकता है, लेकिन ऐसी सिचुएशन में आपको घबराने की जरूरत नहीं है। आप कुछ आसान तरीके अपनाकर ट्रेन के बाहर आ सकते हैं। आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं-
ट्रेन प्लेटफॉर्म पर खड़ी है तो दबाएं ये बटन
अगर आप वंदे भारत के अंदर हैं और दरवाजे बंद हो गए हैं, लेकिन ट्रेन अभी प्लेटफॉर्म पर ही खड़ी है, तो सबसे पहले शांत रहें। बाहर निकलने के लिए दरवाजे को खींचने या धक्का देने की कोशिश न करें।
- सबसे पहले दरवाजे के पास लगे इमरजेंसी टॉक-बैक बटन को देखें।
- इस बटन को दबाकर अपनी बात बताएं।
- इसके जरिए आपकी आवाज गार्ड या लोको पायलट तक पहुंच सकती है।
- उन्हें साफ-साफ बताएं कि आप किसी को ट्रेन में छोड़ने आए थे और गलती से अंदर रह गए हैं।
आपकी बात सुनने के बाद वे गेट खुलवाने में मदद कर सकते हैं। इसलिए ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर रहते हुए इस बटन का इस्तेमाल करना सबसे अच्छा तरीका है।
यह भी पढ़ें- Vande Bharat vs Shatabdi Express: किस ट्रेन में सफर करना है ज्यादा आरामदायक? किराए से लेकर सीटों तक का अंतर जानें
ट्रेन स्टेशन से निकल गई है तो क्या करें?
कई बार ऐसा भी होता है कि यात्री को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिलता और ट्रेन चल पड़ती है। अगर आपके साथ भी ऐसा हो जाए, तो बिल्कुल घबराएं नहीं। सबसे जरूरी बात यह है कि आप अपनी परेशानी छिपाने की कोशिश न करें। ऐसी सिचुएशन में ये काम करें-
- सबसे पहले अपने कोच में मौजूद टीटीई को ढूंढें।
- अगर टीटीई आसपास नहीं हैं, तो कोच अटेंडेंट से बात करें।
- उन्हें पूरी बात ईमानदारी से बताएं कि आप किसी अपने को ट्रेन में बैठाने आए थे और गलती से अंदर रह गए।
- अपनी परेशानी साफ-साफ समझाएं और मदद मांगें।
डर के मारे ट्रेन में कहीं छिपने की कोशिश न करें। अपनी बात खुद बताने से रेलवे स्टाफ को आपकी स्थिति समझने में आसानी होगी।
दरवाजे खोलने के लिए बिल्कुल न करें ये काम
ट्रेन के ऑटोमैटिक गेट बंद होने पर कुछ लोग घबरा जाते हैं। उन्हें लगता है कि अगर दरवाजा किसी तरह खुल जाए तो वे तुरंत बाहर निकल जाएंगे, लेकिन इसी चक्कर में वे कई बलतियां कर देते हैं। जैसे- दरवाजे को खींचकर खोलने की कोशिश करना या धक्का मारना, लेकिन ऐसा करना आपके लिए बड़ी मुसीबत बन सकता है। इसलिए-
- बंद दरवाजे को जोर लगाकर खोलने की कोशिश न करें।
- दरवाजे को तोड़ने या नुकसान पहुंचाने की गलती न करें।
- घबराहट में कोई ऐसा कदम न उठाएं जिससे आपकी जान खतरे में पड़ जाए।
- रेलवे स्टाफ से बात किए बिना कोई दूसरा रास्ता अपनाने की कोशिश न करें।
ध्यान रखें कि ट्रेन के दरवाजे यात्रियों की सुरक्षा के लिए होते हैं। इन्हें नुकसान पहुंचाने पर सरकारी संपत्ति को नुकसान करने के आरोप में आपके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।
बड़े जुर्माने से बचने के लिए समझें रेलवे का नियम
अगर आप बिना टिकट ट्रेन में ट्रैवचल करते हैं और अगले स्टेशन तक पहुंच जाते हैं, तो इसे बिना टिकट यात्रा माना जाएगा। ऐसी स्थिति में रेलवे के नियमों के हिसाब से आपसे जुर्माना लिया जा सकता है। इसलिए अगर गलती से आप वंदे भारत के अंदर रह गए हैं, तो शुरुआत में ही अपनी परेशानी बताना बेहतर है। अगर ट्रेन अभी प्लेटफॉर्म पर है तो इमरजेंसी टॉक-बैक बटन का इस्तेमाल करें। वहीं, अगर ट्रेन स्टेशन से निकल चुकी है तो तुरंत टीटीई या कोच अटेंडेंट को अपनी बात बताएं।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- AI
