राजस्थान अपने अनूठे स्वाद के लिए जाना जाता है। यह न सिर्फ दाल-बाटी-चूरमा और बेसन के लड्डू के लिए फेमस है, बल्कि खाने-पीने की बात करें, तो यहां आपको कई ऐसी टेस्टी डिशेज मिल जाएंगी, जिनका स्वाद आपका दिल जीत लेगा। आज हम आपको इस खबर में राजस्थान का मशहूर कच्ची हल्दी का हलवा बनाने की रेसिपी बताएंगे, जिसे आप बेहद आसानी से अपने घर पर तैयार कर सकती हैं और राजस्थान के स्वाद का मजा ले सकती हैं। आइए जानते हैं हल्दी का हलवा बनाने का तरीका
घर पर बनाएं हल्दी वाला हलवा
कच्ची हल्दी का हलवा सबसे ज्यादा राजस्थान में खाया और पसंद किया जाता है। ऐसे में अब आप इस हलवे को अपने घर पर तैयार करके अपने परिवार वालों या दोस्तों को खिला सकती हैं। यह हलवा पूरी तरह से औषधीय गुणों से भरपूर 'कच्ची हल्दी' से तैयार होता है। आइए जानते हैं इसे बनाने के लिए आपको किन-किन सामग्रियों की जरूरत लगेगी।
हल्दी का हलवा बनाने का तरीका
हल्दी का हलवा बनाने के लिए सबसे पहले आप कच्ची हल्दी को धो लें, उसके बाद इसका ऊपर से छिलका हटा दें।
छिलका हटाने के बाद आप हल्दी के छोटे टुकड़े करके इसे मिक्सर ग्राइंडर में दूध के साथ बारीक पीस लें।
हल्दी का यह पेस्ट बनकर तैयार हो गया है। इसके बाद धीमी आंच पर एक कढ़ाई रखें और इसमें देसी घी डाल दें।
घी गर्म होने दें उसके बाद इसमें बारीक कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डालकर अच्छी तरह भून लें, ड्राई फ्रूट्स हलवे को और लजीज बनाने में मदद करेंगे।
इसी घी और ड्राई फ्रूट्स वाले मिश्रण थोड़ी देर तक चलाएं, उसके बाद इसमें हल्दी और दूध वाला पेस्ट डाल दें। अब इस मिश्रण को धीमी आंच 20 मिनट तक लगातार चलाते हुए भूनें।
जब मिश्रण अच्छी तरह पक जाए और घी छोड़ने लगे, तब इसमें ऊपर से फुल क्रीम दूध मिलाएं और सभी सामग्री लगातार चलाएं। अगर दूध थोड़ा गाढ़ा या रबड़ी के जैसा होगा, तो इससे हलवा और स्वादिष्ट बन सकता है।
थोड़ी देर तक चलाने के बाद, दूध जब सूखने लगे, तब इसमें स्वादानुसार गुड़, इलायची पाउडर और केसर के कुछ धागे डाल कर भून लें।
जब यह थिक हो जाएं, तब समझ जाइए की आपका हलवा बनकर तैयार है। इसे प्लेट में निकालकर सर्व कर सकती हैं।
हलवा बनाते समय ध्यान रखे ये बातें -
- हलवा बहुत ज्यादा पतला ना करें इसे थोड़ा गाढ़ा ही रहने दें।
- आप गुड़ की जगह चीनी का भी इस्तेमाल कर सकती हैं।
- हलवा हमेशा धीमी आंच पर ही पकने दें।
कच्ची हल्दी का हलवा न सिर्फ स्वाद में बढ़िया है, बल्कि यह सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है। ध्यान रहे, हल्दी की तासीर गर्म होती है। ऐसे में इसका आप सीमित मात्रा में ही सेवन करें।
यह भी पढ़ें: Gehu ka Halwa: गेहूं से बनाएं यह स्पेशल हलवा, स्वाद ऐसा कि महंगी मिठाई जाएंगी भूल; आसान है रेसिपी
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
Image Credit : magnific
