हरे-भरे घने जंगल, घुमावदार पहाड़ियां, कलकल बहती नदियां और प्राचीन धरोहरों के बीच से गुजरती सड़कें हर ट्रैवल लवर को बेहद पसंद आती हैं। वहीं बात करें रोड ट्रिप की, तो प्राकृतिक नजारों से भरे ये रास्ते सफर को हमेशा के लिए यादगार बना देते हैं। ऐसे में अगर आप भी ड्राइविंग की शौकीन हैं और छुट्टियों में रोड ट्रिप प्लान करने की सोच रही हैं, तो यह लेख आपके लिए ही है। इस लेख में हम आपको 3 ऐसे खूबसूरत रोड ट्रिप रूट्स के बारे में बताएंगे, जो आपका दिल जीत लेंगे।

रोड ट्रिप के लिए मध्य प्रदेश के 3 सबसे खूबसूरत रूट्स

भागदौड़ भरी जिंदगी से थोड़ा ब्रेक लेकर अगर आप भी रोड ट्रिप का असली मजा लेना चाहती हैं, तो मध्य प्रदेश के इन 3 खूबसूरत रूट्स पर अपने दोस्तों के साथ अगली ट्रिप का प्लान बना सकती हैं।

1. भोपाल से पचमढ़ी

मध्य प्रदेश की रानी कहे जाने वाले पचमढ़ी के बारे में तो हर कोई जानता है। यह जगह अपनी अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है। ऐसे में पचमढ़ी पहुंचने के लिए ट्रेन से जाने के बजाय आप एक बढ़िया रोड ट्रिप प्लान कर सकती हैं। भोपाल से आप बाइक या कार लेकर घने जंगलों, खूबसूरत घाटियों और बलखाती सड़कों से होते हुए अपनी डेस्टिनेशन तक पहुंच सकती हैं। इस रास्ते में आपको नर्मदा नदी का पावन संगम और तवा डैम का मनमोहक नजारा भी देखने को मिलेगा, जो आपकी ट्रिप को यादगार बना देगा।

  • ऐसे पहुंचें: भोपाल से पचमढ़ी की दूरी लगभग 200 किलोमीटर है।
  • भोपाल तक आप ट्रेन या फ्लाइट से पहुंच सकती हैं और फिर वहां से रेंट पर कार या बाइक लेकर अपना सफर शुरू कर सकती हैं।  

2. उज्जैन से ओंकारेश्वर

अगर आप उज्जैन महाकाल के दर्शन करने जा रही हैं और आपके पास कुछ दिनों का अतिरिक्त समय है, तो आप उज्जैन से ओंकारेश्वर के लिए भी रोड ट्रिप प्लान कर सकती हैं। अक्सर श्रद्धालु उज्जैन दर्शन के बाद ओंकारेश्वर जाते ही हैं। ऐसे में आप भी रोड ट्रिप का आनंद लेते हुए इस सफर पर निकल सकती हैं। इस रास्ते में आपको मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध खान-पान के जायके और नर्मदा घाटी का शांत व मनोरम नजारा देखने को मिलेगा।

  • ऐसे पहुंचें: उज्जैन से ओंकारेश्वर करीब 135 किलोमीटर दूर है।
  • आप उज्जैन से कार या बाइक रेंट पर लेकर इंदौर होते हुए आसानी से ओंकारेश्वर जा सकती हैं। 

3. ग्वालियर से ओरछा और खजुराहो

अगर आपकी रुचि इतिहास, पुरानी कथाओं और वास्तुकला में ज्यादा है, तो आपके लिए ग्वालियर से ओरछा और खजुराहो का रोड ट्रिप रूट सबसे बेस्ट रहेगा। यह रूट बुंदेलखंड की ऐतिहासिक धरोहरों को आपस में जोड़ता है। ऐसे में आप अपने करीबियों के साथ इस खूबसूरत ट्रिप का प्लान बना सकती हैं। इस रास्ते से गुजरते समय आपको बेतवा नदी के किनारे बसे ओरछा के भव्य महल, मंदिर और ऐतिहासिक छतरियां देखने को मिलेंगी।

  • ऐसे पहुंचें: ग्वालियर से ओरछा की दूरी लगभग 120 किलोमीटर है।
  • आप ट्रेन से ग्वालियर पहुंचने के बाद वहां से रेंटल कार, स्कूटी या बाइक बुक करके अपनी रोड ट्रिप शुरू कर सकती हैं।   

अगर आप भी अपनी रोजमर्रा की बिजी लाइफस्टाइल से दूर थोड़ा रिफ्रेशमेंट चाहती हैं, तो दोस्तों या फैमिली के साथ मध्य प्रदेश के इन 3 खूबसूरत रास्तों पर ट्रिप के लिए निकल सकती हैं। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।

Image Credit: magnific