खाने में जब कुछ समझ न आता तो अक्सर माताएं पुलाव, वेज बिरयानी या फ्राइड राइस बनाती हैं, लेकिन बार-बार वही मटर-गाजर वाला पुलाव खाकर परिवारवाले बोर हो जाते हैं। अगर आप भी रूटीन के चावलों से बोर हो चुकी हैं और कुछ नया, टेस्टी और हेल्दी ट्राई करना चाहती हैं, तो इस बार परवल चावल अच्छा विकल्प हो सकते हैं। ऐसे में इसकी रेसिपी के बारे में पता होना जरूरी है। आज का हमारा लेख इसी विषय पर है। आज हम आपको अपने इस लेख के माध्यम से बताएंगे कि आप घर पर रहकर कैसे दो तरीकों से पुलाव (Parwal Pulao Recipe) तैयार कर सकती हैं। जानते हैं इस लेख के माध्यम से...

पनीर ट्विस्ट के साथ शाही परवल चावल

इसके लिए आपके पास लंबे कटे हुए परवल, पनीर के छोटे क्यूब्स, बासमती चावल, प्याज, अदरक-लहसुन का पेस्ट और खड़े गरम मसाले का होना बेहद जरूरी है।

  • सबसे पहले एक कड़ाही या कुकर में थोड़ा घी या तेल गर्म करें। इसमें पनीर के टुकड़ों और परवल को हल्का सुनहरा होने तक तलकर अलग निकाल लें।
  • अब बचे हुए तेल में जीरा, तेजपत्ता, लौंग और दालचीनी का तड़का लगाएं। इसके बाद प्याज और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर भूनें।

इसे भी पढ़ें - इन 2 तरीकों से बनाएं चावल और दाल के क्रिस्पी पापड़, महीनों तक स्टोर करने का तरीका भी जान लें

  • जब मसाला तेल छोड़ दे, तो इसमें हल्दी, गरम मसाला और स्वादानुसार नमक डालें। अब भीगे हुए चावल, तले हुए परवल और पनीर को हल्के हाथों से मिलाएं।
  • अब पानी डालकर कुकर बंद करें और एक सीटी आने तक पकाएं। आपका गर्मागर्म शाही परवल-पनीर पुलाव तैयार है।

काले चने वाला परवल का पुलाव

इसे बनाने के लिए आपके पास कटे हुए परवल, उबले हुए काले चने, चावल, बारीक कटा टमाटर, हरी मिर्च और बेसिक मसाले का होना बेहद जरूरी है।

  • सबसे पहले आप कुकर में सरसों का तेल गर्म करें। तेल गर्म होने पर हींग, जीरा और हरी मिर्च का छौंक लगाएं।
  • अब इसमें परवल डालकर 2 मिनट के लिए भूनें। इसके बाद उबले हुए काले चने और टमाटर डालकर अच्छी तरह मिलाएं।इसमें धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और थोड़ा सा अमचूर पाउडर डालें।
  • मसालों के भुनने के बाद चावल और पानी डालकर कुकर का ढक्कन लगा दें और दो सीटी आने के बाद गैस बंद कर दें।

जरूरी टिप्स - जब आप चावल में पानी डाल रही हों, तो उसी समय उसमें आधे नींबू का रस और एक छोटा चम्मच देसी घी ऊपर से डाल दें। 

इसे भी पढ़ें - कभी ट्राई किए हैं लौकी के नूडल्स? जान लें इसकी आसान रेसिपी

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: magnific