सर्दियों में गरमागरम मूली के पराठे खाने का मजा ही अलग होता है। दही, मक्खन या अचार के साथ इनका स्वाद और भी बढ़ जाता है। इन्हें बनाना हर बार आसान नहीं होता है। कई बार पराठे में भरी मूली बेलते समय बाहर निकलने लगती है, आटा फट जाता है और सारी मेहनत खराब हो जाती है। इसकी सबसे बड़ी वजह मूली में मौजूद पानी और स्टफिंग तैयार करने का गलत तरीका हो सकता है।

कैसे बनाएं बिना फटा मूली का पराठा?

मूली का पराठा बनाते समय सबसे ज्यादा परेशानी उसकी स्टफिंग को लेकर होती है। अगर मूली में ज्यादा नमी रह जाए या आटे की लोई सही तरीके से न बनाई जाए, तो पराठा तवे तक पहुंचने से पहले ही फट जाता है। हालांकि, कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर इस परेशानी से बचा जा सकता है। आइए जानते हैं ऐसी 4 आसान ट्रिक्स, जिनसे मूली के पराठे बेलना और बनाना काफी आसान हो जाएगा।

Photo Credit: Pinterest (Sanjana.Feasts)

1. मूली का एक्स्ट्रा पानी अच्छी तरह निकालें

मूली में पानी काफी मात्रा में होता है। इसे कद्दूकस करने के बाद अगर सीधे आटे में भर दिया जाए, तो बेलते समय स्टफिंग गीली होकर बाहर निकलने लगती है। इससे पराठा फट सकता है। इसलिए, सबसे पहले मूली को धोकर सुखा लें और फिर बारीक कद्दूकस करें। अब इसमें थोड़ा नमक मिलाकर करीब 10 मिनट के लिए रख दें। इसके बाद हाथों से अच्छी तरह दबाकर इसका बचा पानी निकाल लें। इस पानी को फेंकने के बजाय आटा गूंथने में इस्तेमाल कर सकते हैं।

2. स्टफिंग में नमक पहले से न मिलाएं

मूली की स्टफिंग तैयार करते समय नमक डालने में जल्दबाजी न करें। नमक मिलाने से मूली और पानी छोड़ने लगती है। इससे स्टफिंग चिपचिपी हो जाती है और उसे आटे में भरना मुश्किल हो सकता है। बेहतर होगा कि पराठा बनाने से ठीक पहले जितनी स्टफिंग इस्तेमाल करनी है, उतनी अलग निकालें और उसमें नमक मिलाएं। साथ ही, मूली को बारीक कद्दूकस करें ताकि स्टफिंग आसानी से आटे के अंदर फैल सके।

Photo Credit: Pinterest (Cubes N Juliennes)

3. थोड़ा बेसन या भुना आटा मिलाएं

अगर मूली की स्टफिंग में थोड़ी नमी है, तो उसमें एक-दो चम्मच बेसन या भुना हुआ आटा मिला सकते हैं। इससे अतिरिक्त नमी सोखने में मदद मिलती है और स्टफिंग संभालना आसान हो जाता है। ध्यान रखें कि बेसन या आटा जरूरत से ज्यादा न डालें, वरना मूली का असली स्वाद दब सकता है। स्टफिंग तैयार करने के बाद उसे लंबे समय तक खुला न छोड़ें। इसे तुरंत पराठे में भरकर बेल लें।

4. आटे में ज्यादा स्टफिंग न भरें, हल्के हाथ से बेलें

पराठे में ज्यादा मूली भरने से उसके किनारे ठीक से बंद नहीं हो पाते हैं। इसलिए, आटे की लोई के आकार के हिसाब से ही स्टफिंग डालें। स्टफिंग भरने के बाद लोई को चारों तरफ से अच्छी तरह बंद करें। अब सूखा आटा लगाकर हल्के हाथों से बेलें। बेलन से बहुत ज्यादा दबाव न डालें और पराठे को सभी तरफ से बराबर बेलने की कोशिश करें। इससे स्टफिंग एक जगह जमा नहीं होगी और पराठा फटने की आशंका कम रहेगी।

Photo Credit: Magnific

पराठा सेंकते समय भी रखें ध्यान

  • पराठा बेलने के बाद उसे अच्छी तरह गर्म तवे पर डालें।
  • पहले एक तरफ हल्का पकने दें, फिर पलटकर दूसरी तरफ सेंकें।
  • इसके बाद घी या तेल लगाकर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक पकाएं।
  • इस तरह आपका मूली का पराठा स्वादिष्ट और देखने में भी अच्छा बनेगा।

मूली के पराठे का फटना कोई बड़ी बात नहीं है, सिर्फ छोटे-छोटे स्टेप्स का ध्यान रखना है। मूली का पानी निकालना, नमक आखिर में डालना और हल्के हाथ से बेलना, इन तीन बातों से ही आपका पराठा परफेक्ट बनेगा। अब अगली बार जब सर्दियों में मूली के पराठे बनाएं तो ये ट्रिक्स जरूर आजमाएं, तवा भी साफ रहेगा और पराठा भी टेस्टी बनेगा। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।