सावन का पवित्र महीना 30 जुलाई, 2026 से शुरू हो चुका है। पूरे एक महीना तक चलने वाले इस माह में आने वाले सोमवार को महिलाएं और पुरुष भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना करते हैं। इस दिन लोग पूरे दिन उपवास रखते और भक्ति में लीन रहते हैं तथा शाम को पूजा के बाद व्रत खोलते हैं। पूरे-दिन भूखे-प्यासे रहने के कारण अधिकतर लोग खाने के लिए हल्का और जल्दी बनने वाली स्वादिष्ट रेसिपी की तलाश में हैं, तो यह लेख आपके लिए मददगार साबित हो सकता है। यहां हम आपके लिए ऐसी रेसिपी लेकर आएं जिन्हें आप व्रत पारण के समय आसानी से बना सकती हैं।

सावन सोमवार व्रत खोलने के बाद क्या खाएं?

सावन सोमवार के व्रत के बाद, पूरे दिन उपवास रखने के कारण डाइजेशन सिस्टम कमजोर हो जाता है। इसलिए व्रत खोलते समय एकदम से भारी या मसालेदार भोजन खाने से बचना चाहिए। नीचे जानें इसे बनाने का नाम और रेसिपी।

क्या खाएं?  बनाने के लिए जरूरी समाग्री बनाने में कितना लगेगा समय
रोस्टेड मखाना  घी, मखाना और सेंधा नमक(स्वादानुसार)  5 मिनट
समा के चावल की खीर  समा के चावल, दूध, चीनी, देसी घी, हरी इलायची, केसर, ड्राई फ्रूट  15 मिनट
शकरकंद की पूड़ी  उबली हुई शकरकंद, सिंघाड़े का आटा, सेंधा नमक, देसी घी या तेल, हरी मिर्च,हरा धनिया, साबुत जीरा और काली मिर्च पाउडर  20 मिनट
सिंघाड़े का चीला  सिंघाड़े का आटा, उबला हुआ आलू,सेंधा नमक, काली मिर्च पाउडर, साबुत जीरा, हरी मिर्च, हरा धनिया, 2-3 बड़े चम्मच देसी घी या तेल  10 मिनट
फ्रूट चाट   अलग-अलग प्रकार के फल, चाट मसाला, सेंधा नमक   10 मिनट
उबले आलू की सब्जी  जीरा, हरा मिर्च, उबले हुए आलू, सेंधा नमक और हरा धनिया  15 मिनट
ताजे फलों का शेक या स्मूदी  ताजे फल, दूध या दही, चीनी, इलायची पाउडर, कटे हुए मेवे, बर्फ के टुकड़े  10 मिनट

व्रत में खाने के लिए बनाएं ये 7 चीजें

पूरा दिन उपवास रखने के बाद खाने के लिए कुछ हल्का और जल्दी बनने वाली रेसिपी बनाना चाहती हैं, तो नीचे दी गई डिशेज ट्राई कर सकती हैं। 

रोस्टेड मखाना

व्रत के समय हल्का खाने का मन हो, तो रोस्टेड मखाना सही विकल्प है। इसे बनाने के लिए एक कड़ाही में एक चम्मच घी गर्म करें।

अब इसमें मखाने डालकर धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए तब तक भूनें जब तक वे कुरकुरे न हो जाएं। इसके बाद इसमें स्वादानुसार सेंधा नमक और थोड़ा सा काली मिर्च पाउडर छिड़क दें। यह सेहतमंद होने के साथ-साथ झटपट तैयार हो जाता है और पेट को लंबे समय तक भरा रखता है।

इसे भी पढ़ें-

सिंघाड़े का चीला

सिंघाड़े के आटे का चीला व्रत के लिए एक स्वादिष्ट और पौष्टिक नाश्ता है। एक बाउल में सिंघाड़े का आटा लें और उसमें बारीक कटा हुआ हरा धनिया, हरी मिर्च, जीरा और सेंधा नमक मिलाएं।

अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए एक मध्यम गाढ़ा बैटर तैयार कर लें। तवे पर घी या तेल लगाकर गर्म करें और बैटर को फैलाकर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेक लें। इसे आप व्रत वाली हरी चटनी के साथ गर्मागर्म परोस सकती हैं।

उबले आलू की सब्जी

व्रत के दौरान बनने वाली उबले आलू की सात्विक सब्जी बहुत कम समय में तैयार हो जाती है। सबसे पहले उबले हुए आलू को छोटे टुकड़ों में तोड़ लें।

कड़ाही में थोड़ा सा घी गर्म करके उसमें जीरा, कटी हुई हरी मिर्च और करी पत्ता डालें। अब इसमें कटे हुए आलू, सेंधा नमक और थोड़ा सा अमचूर पाउडर या नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिला लें। अंत में बारीक कटा हरा धनिया डालकर इसे पूरी या सिंघाड़े के चीले के साथ सर्व करें।

ताजे फलों का शेक और स्मूदी

व्रत में शरीर को हाइड्रेटेड और ऊर्जावान रखने के लिए ताजे फलों का शेक या स्मूदी बहुत फायदेमंद होती है।

अपनी पसंद के ताजे फल जैसे केला, आम या सेब लें और उन्हें मिक्सी के जार में डालें। इसमें ठंडा दूध और स्वादानुसार चीनी या शहद मिलाकर अच्छी तरह पीस लें। चाहें तो ऊपर से थोड़े ड्राई फ्रूट्स भी मिला सकती हैं। यह स्वादिष्ट पेय बनाने में भी बेहद आसान है।

फ्रूट चाट

व्रत के दिनों में झटपट बनने वाली और सेहत से भरपूर फ्रूट चाट एक बेहतरीन व्यंजन है। इसके लिए पपीता, केला, सेब, अंगूर और अनार जैसे ताजे फलों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें।

अब एक बड़े बर्तन में सभी कटे हुए फलों को मिलाएं। इसके ऊपर से थोड़ा सा सेंधा नमक, भुना हुआ जीरा पाउडर और नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिला लें। यह स्वाद में बेहतरीन होने के साथ-साथ पाचन के लिए भी बहुत अच्छी होती है।

समा चावल की खीर

व्रत की दावत को मीठा बनाने के लिए समा के चावल की खीर बहुत पसंद की जाती है। सबसे पहले समा के चावल को अच्छी तरह धोकर कुछ देर के लिए भिगो दें। एक भारी तले के बर्तन में दूध उबालें और उसमें भीगे हुए चावल डालकर धीमी आंच पर पकाएं जब तक वे नरम न हो जाएं। अब इसमें स्वादानुसार चीनी, इलायची पाउडर और मनपसंद कटे हुए ड्राई फ्रूट्स मिला दें। ठंडी या गर्म, दोनों तरह से यह खीर बेहद स्वादिष्ट लगती है।

शकरकंद की पूड़ी

व्रत के दौरान कुछ अलग और चटपटा खाने का मन हो तो शकरकंद की पूड़ी बनाएं। इसके लिए शकरकंद को उबालकर छील लें और अच्छी तरह मैश कर लें। अब इसमें कुट्टू या सिंघाड़े का आटा, थोड़ा सा सेंधा नमक और कुटी हुई काली मिर्च मिलाकर एक नरम आटा गूंथ लें। इसकी छोटी-छोटी लोइयां बनाकर बेल लें और गर्म घी या तेल में सुनहरी होने तक तल लें। यह पूड़ियां खाने में बहुत ही स्वादिष्ट और नरम होती हैं।

इसे भी पढ़ें- आपकी सात्विक थाली में जरूर होनी चाहिए झटपट तैयार हो जाने वाली ये 3 डिशेज, यहां पढ़ें आसान रेसिपीज

इन रेसिपीज को आप सावन सोमवार व्रत पारण के बाद खा सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।

Image Credit- magnific