दाल में तड़का लगाना हो या सब्जी का स्वाद बढ़ाना, एक चुटकी हींग जायका बदल देती है। भारतीय रसोई में इस्तेमाल होने वाला यह मसाला अपनी तेज खुशबू के लिए जाना जाता है। क्या आपने कभी सोचा है कि बाजार से खरीदी गई पैकेट वाली हींग वास्तव में शुद्ध है या उसमें मिलावट की गई है? दरअसल, असली हींग महंगी होती है, इसलिए इसकी मात्रा कम करके आटा, गोंद और दूसरे पदार्थ मिलाए जाते हैं। ऐसे में घर पर ही कुछ आसान तरीकों से इसकी शुरुआती जांच की जा सकती है।
कैसे करें हींग की जांच?
हींग का डिब्बा खरीदते समय ज्यादातर लोग उसकी कीमत, ब्रांड और पैकिंग देखते हैं, लेकिन उसकी शुद्धता पर ध्यान नहीं देते है। कई बार तेज खुशबू वाला मसाला भी पूरी तरह शुद्ध नहीं होता है। बाजार में मिलने वाली हींग में मिलावट की पहचान करना जरूरी है। अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको किसी खास मशीन या लैब की जरूरत नहीं है। आइए International journal of research in engineering and applied sciences की रिसर्च से जानते हैं, इसकी पूरी जानकारी।
Photo Credit: Pinterest (Dr. Madhvi)
हींग में क्यों की जाती है मिलावट?
हींग फेरूला (Ferula) पौधे की जड़ों से निकलने वाले गोंद जैसे पदार्थ से तैयार की जाती है। इसे सुखाकर और प्रोसेस करके बाजार में बेचा जाता है। असली हींग को तैयार करने की प्रक्रिया मेहनत वाली होती है और इसकी कीमत भी अधिक होती है। इसी वजह से बाजार में मिलने वाली कुछ हींग में सस्ते पदार्थ मिलाए जा सकते हैं।
हींग में मिलावट के लिए गेहूं या चावल का आटा, गोंद, दूसरे रेजिन और रंगों का इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, यह समझना जरूरी है कि पैकेट वाली हींग हमेशा नकली नहीं होती है। FSSAI के अनुसार, कंपाउंडेड हींग में खाने योग्य स्टार्च, आटा और गोंद भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं।
1. पानी में घोलकर करें हींग की जांच
हींग की शुद्धता का शुरुआती अंदाजा लगाने के लिए पानी वाला टेस्ट कर सकते हैं।
- सबसे पहले एक गिलास में पानी लें।
- इसमें करीब एक ग्राम हींग का पाउडर डालें।
- अब इसे अच्छी तरह मिलाएं या गिलास को हिलाएं।
- अगर पानी दूधिया सफेद हो जाता है और नीचे कोई तलछट नहीं बचती है, तो यह शुद्ध हींग का संकेत हो सकता है।
- अगर नीचे कुछ कण या तलछट जमा होती है, तो उसमें दूसरे पदार्थों की मौजूदगी की आशंका हो सकती है।
2. जलाकर देखें हींग की शुद्धता
हींग की पहचान के लिए जलाने वाला टेस्ट भी इस्तेमाल किया जाता है।
- एक स्टील के चम्मच में थोड़ी सी हींग लें।
- इसे चिमटे की मदद से सुरक्षित तरीके से गर्म करें।
- देखें कि हींग किस तरह जलती है।
- FSSAI के मुताबिक, शुद्ध हींग कपूर की तरह चमकदार लौ के साथ जलती है, जबकि मिलावटी नमूने में ऐसा नहीं हो सकता है।
इस टेस्ट के दौरान गैस की खुली लौ के पास सीधे हींग न रखें। इसे सावधानी से करें।
3. खुशबू से पहचानें असली हींग
हींग की सबसे बड़ी पहचान उसकी तेज और तीखी खुशबू होती है। इसकी महक सल्फर जैसी तेज हो सकती है।
- उंगलियों पर थोड़ी सी हींग लेकर हल्का रगड़ें।
- इसके बाद तुरंत इसकी खुशबू पहचानने की कोशिश करें।
- असली हींग की महक तेज और स्पष्ट होती है।
- अगर खुशबू बहुत हल्की है या कुछ ही देर में गायब हो जाती है, तो हींग में मिलावट या उसकी मात्रा कम होने की आशंका हो सकती है।
हालांकि, खुशबू के आधार पर भी शुद्धता की पूरी पुष्टि नहीं की जा सकती है। यह केवल शुरुआती पहचान का तरीका है।
Photo Credit: Magnific
हींग खरीदते समय इन बातों का भी रखें ध्यान
- हींग खरीदते समय उसकी पैकिंग, सूची, FSSAI लाइसेंस नंबर, निर्माण और एक्सपायरी डेट जरूर देखें।
- अगर किसी उत्पाद की शुद्धता को लेकर गंभीर संदेह है, तो अधिकृत लैब में जांच करवाई जा सकती है।
यह भी पढ़ें- दिवाली पर मेहमानों के लिए बनाएं लौकी के छिलके के कबाब, खाने के बाद नहीं भूल पाएंगे स्वाद
कुल मिलाकर हींग की परख सिर्फ खुशबू से नहीं होती है। बाजार में मिलने वाली ज्यादातर पैकेट बंद हींग कंपाउंडेड होती है, जो नकली नहीं बल्कि FSSAI द्वारा मान्य प्रोडक्ट है। इसलिए समझदारी इसी में है कि हींग खरीदते समय लेबल, FSSAI नंबर और एक्सपायरी डेट जरूर चेक करें। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
-1793694847414_m.webp)