खाने-पीने का शौक किसे नहीं होता है? अधिकतर लोगों को चटपटा खाना ज्यादा पसंद होता है। ऐसे में खासकर बात करें महिलाओं की, तो उन्हें पानी पूरी का बहुत शौक होता है। अगर आपको भी पानी पूरी का बहुत शौक है, तो अब आप एक जैसी साधारण पानी पूरी खाने की बजाय राजस्थानी चटपटी 'रजवाड़ी पानी पूरी' को ट्राई कर सकती हैं। आइए जानते हैं इसे बनाने के लिए किन खास मसालों का इस्तेमाल किया जाता है।
रजवाड़ी पानी पूरी
फूड लवर्स को खाने में कुछ भी दे दो, उन्हें सब अच्छा लगता है। गोलगप्पे, पुचका या पानी पूरी का नाम सुनते ही उनके मुंह में पानी आने लगता है। हर जगह का अपना अलग स्वाद होता है। ऐसे में आज हम आपको इस लेख में रजवाड़ी पानी पूरी रेसिपी के बारे में बताएंगे, साथ ही कुछ ऐसे मसालों के बारे में बताएंगे जो इसके स्वाद को बढ़ा देंगे।
क्यों खास है 'रजवाड़ी पानी पूरी'?
साधारण पानी पूरी में पुदीना, धनिया और अमचूर का तीखा-खट्टा पानी होता है, लेकिन इसमें दही का इस्तेमाल नहीं करते हैं। बात करें रजवाड़ी पानी पूरी की, तो इसमें पुदीने के पानी के अंदर दही मिलाया जाता है, साथ ही शाही मसालों में हींग और काली मिर्च और आमचूर पाउडर का इस्तेमाल किया जाता है।
रजवाड़ी पानी पूरी का पानी
रजवाड़ी पानी पूरी बनाने के लिए आलू का मसाला वैसे ही बनाएं जैसा आमतौर पर बनता है, लेकिन इसका पानी बनाने का तरीका थोड़ा अलग होता है। इसे बनाने के लिए नीचे दिए गए टिप्स को फॉलो करें।
आवश्यक सामग्री:
- 2 चम्मच जीरा
- हरा धनिया और पुदीना
- 5 से 6 लहसुन की कली
- हरी मिर्च और 4 से 5 काली मिर्च
- आधा कप इमली का पानी
- आधा चम्मच काला नमक और सफेद नमक
- आधा चम्मच जीरा पाउडर और लाल मिर्च पाउडर
- आधा चम्मच चाट मसाला
- पानी पूरी मसाला
- हींग और अमचूर पाउडर
- दही और चीनी
- पानी
बनाने का तरीका:
आप भी घर पर खास टेस्टी पानी पूरी का पानी बनाकर एक मजेदार स्वाद ले सकती हैं।
- खास रजवाड़ी पानी को बनाने के लिए आप सबसे पहले एक मिक्सर ग्राइंडर लें।
- ग्राइंडर में कुछ पत्ते हरा धनिया, पुदीना, लहसुन, हरी मिर्च, थोड़ा इमली का पानी, काला नमक, सफेद नमक, जीरा पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, चाट मसाला, हींग, अमचूर पाउडर और काली मिर्च डाल दें।
- सभी को अच्छी तरह पीसकर एक पेस्ट बना लें।
- अब इस मिश्रण को एक कटोरी में निकालकर रख दें।
- इसके बाद आप मिक्सर ग्राइंडर में दही लें, उसमें थोड़ी चीनी और पानी डाल दें।
- इन सभी को ग्राइंड कर लें। अब इन दोनों मिश्रणों को एक बड़े बर्तन में अच्छी तरह मिलाएं।
- इसमें ऊपर से पानी पूरी मसाला मिला दें।
- अब इस पानी को थोड़ी देर के लिए सेट या ठंडा होने दें।
- इसके बाद आप आलू के मसाले और बताशे के साथ इस चटपटे रजवाड़ी पानी का मजा उठा सकती हैं।
कुकिंग टिप्स:
आप इसमें ऊपर से चुटकी भर रजवाड़ी मसाला भी डाल सकती हैं।
इस पानी में कुछ आइस क्यूब्स भी आप मिला सकती हैं।
पानी बनाते वक्त पेस्ट को अच्छी तरह गाढ़ा करें।
यह भी पढ़ें- अगर आप भी पानी पूरी खाने के शौकीन हैं तो दिल्ली की इन जगहों पर जरूर जाएं
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
Image Credit : magnific
