Golden Temple Beauty: हम सभी काे घूमने-फि‍रने का बहुत शौक होता है। हम कहीं भी जाते हैं तो पूरा द‍िन घूमते हैं और रात में होटल आकर आराम करना पसंद करते हैं, लेक‍िन क्‍या आप जानती हैं क‍ि भारत में कुछ जगहें ऐसी भी हैं जि‍सकी असली खूबसूरती रात में ही नजर आती है। पंजाब का अमृतसर भी उन्‍हीं खास शहरों में शाम‍िल है। अभी हाल ही में मैं और मेरी कलीग न‍िक‍िता यहां घूमकर आए हैं। कोई भी अमृतसर जाता है तो सबसे पहले गोल्‍डन टेंपल जरूर जाता है।

द‍िन में तो यहां जबरदस्‍त भीड़ देखने को म‍िलती है, लेक‍िन हमने रात का समय ही चुना। दरअसल, कई लोगों से हमने सुना था क‍ि यहां पर रात में एक अलग तरह की खूबसूरती नजर आती है। यकीन मान‍िए, यहां की रोशनी, शांत और सुंदर माहौल और गुरबाणी की मधुर आवाज मन को इतना सुकून पहुंचाती हैं क‍ि हर कोई यहां ख‍ींचा चला आता है। इसल‍िए हम ये जरूर कहेंगे क‍ि अमृतसर जाएं तो गेल्‍डन टेंपल की ये खूबसूरत रात जरूर देखें। आइए जानते हैं इसके बारे में व‍िस्‍तार से-

रात में द‍िखता है अलग नजारा

हम जब अमृतसर गए थे, तो द‍िन में तो हमने वाघा बॉर्डर और जल‍ियांवाला बाग कवर क‍िया। जैसे ही द‍िन बीता हमने गोल्‍डन टेंपल की ओर रुख क‍िया। मत्‍था टेकने के बाद हम वहीं सरोवर के सामने बैठे। यकीन मान‍िए, वहां से उठने का मन ही नहीं क‍िया। हम आधी रात तक वहीं बैठे रहे। आपको बता दें क‍ि यहां पर आने वाले श्रद्धाुलओं के ल‍िए सरोवर का पानी स‍िर्फ पानी नहीं है बल्‍क‍ि ये पव‍ित्रता और परमात्‍मा से जुड़ाव का प्रतीक है।

यह भी पढ़ें- Subah-E-Banaras: आखिर क्यों दुनिया दीवानी है 'सुबह-ए-बनारस' की? इस समय बदल जाता है पूरी काशी का रंग

रात में और भी खूबसूरत लगता है गोल्डन टेंपल

अमृतसर के गोल्डन टेंपल को हरमंदिर साहिब भी कहा जाता है। जैसे ही अंधेरा होता है तो पूरा गुरुद्वारा सुनहरी रोशनी से जगमगाने लगता है। जब सरोवर के पानी में गुरुद्वारे की परछाई पड़ती है तो खूबसूरती देखने लायक होती है। दूर-दूर से जो लोग यहां आते हैं वे इस नजारे को कैमरे में कैप्‍चर जरूर करते हैं। हमने खुद कई सारी तस्‍वीरें क्‍ल‍िक की थीं।

यह भी पढ़ें- Rishikesh Travel: बनारस की सुबह जैसी ही रूहानी है 'ऋषिकेश की ये शाम', एक बार जरूर घूम आएं आप

गुरबाणी की आवाज से म‍िलता है सुकून

रात में तो जब गोल्डन टेंपल में गुरबाणी चल रही होती है तो शांत‍ि पूरी हवा में घुल जाती है। चारों तरफ बैठकर लोग ध्यान लगाते हुए नजर आते हैं। आपने अक्‍सर लोगों को कहते सुना होगा क‍ि यहां आकर कुछ देर बैठने से मन को सुकून म‍िलता है, ज‍िसे हमने महसूस भी क‍िया है।

रात में भी रहती है लोगों की भीड़

गोल्डन टेंपल की खास बात ये है कि यहां रात में भी रौनक कम नहीं होती है। देर रात तक श्रद्धालु और पर्यटक यहां घूमते दिखाई देते हैं। एक ओर जहां पूरा शहर सो रहा होता है, वहीं दूसरी ओर रात में गोल्‍डन टेंपल में सरोवर के किनारे लोग बैठे हुए नजर आते हैं। हर क‍िसी को आप गुरुद्वारे की खूबसूरती निहारते हुए देख सकती हैं।

लंगर का एक्‍सपीर‍ियंस भी रहा खास

ये तो आप जानती ही होंगी क‍ि गोल्डन टेंपल का लंगर पूरी दुनिया में फेमस है। यहां हर दिन हजारों लोग लंगर छकते हैं। खास बात तो ये है क‍ि यहां द‍िन रात हर समय लंगर सेवा चलती रहती है। हमने भी प्रसाद ग्रहण क‍िया। ये इतना स्‍वाद‍िष्‍ट था क‍ि इसका स्‍वाद भूल पाना मुश्‍क‍िल है। यहां पर क‍िसी भी जात‍ि और धर्म में कोई भेदभाव नहीं क‍िया जाता है। सभी साथ बैठकर लंगर छकते हैं। 

यह भी पढ़ें- Attari Wagah Border Beating Retreat Ceremony: रोंगटे खड़े कर देती है वाघा बॉर्डर की ये दहाड़, क्यों हर भारतीय के दिल में बसती है यह जगह?

रात की रोशनी में और सुंदर लगता है अमृतसर

स‍िर्फ गोल्डन टेंपल ही नहीं, गुरुद्वारे के आसपास की गलियां भी रात में काफी खूबसूरत लगती हैं। गुरुद्वारे के आसपास चहल-पहल बनी रहती है। एक और खास बात आपको बताएंगे क‍ि जहां पर चप्‍पलें जमा की जाती हैं, वहां से आपको लौटते समय टॉफी भी दी जाती है।

एक बार जरूर करें रात में दर्शन

अगर आप अमृतसर घूमने जाएं, तो कोशिश करें कि रात में गोल्डन टेंपल जरूर जाएं। हालांक‍ि, 10 बजे के आद आप मत्‍था नहीं टेक सकती हैं, लेक‍िन वहां की खूबसूरती जरूर न‍िहार सकती हैं। दिन और रात के नजारे में आपको काफी फर्क देखने को म‍िलेगा। कुल म‍िलाकर रात में यहां की रोशनी, सरोवर का शांत पानी और गुरबाणी की आवाजें, ये सब आप भूले भी नहीं भूल पाएंगी।

अमृतसर के गोल्‍डन टेंपल जाएं तो इन बातों का रखें ध्‍यान

  • गुरुद्वारे में ब‍िना स‍िर ढके न जाएं।
  • ट्रेड‍िशनल कपड़े ही पहनकर जाएं।
  • लंगर का प्रसाद जरूर चखें।
  • शांत‍ि बनाए रखें।
  • साफ-सफाई का ध्‍यान रखें।
  • लंगर के ल‍िए दान भी करें।

तो अगर आप भी सुकून का एहसास पाना चाहती हैं तो जब भी अमृतसर जाएं, गोल्‍डन टेंपल द‍िन के साथ-साथ रात के समय भी जाएं। द‍िन में तो आप दर्शन कर लेंगी, लेक‍िन रात को असली सुकून म‍िलेगा। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।