आजकल किचन में एयर फ्रायर का इस्तेमाल काफी बढ़ गया है। इसकी मदद से कम तेल में फ्रेंच फ्राइज, पनीर टिक्का, सब्जियां और कई तरह की चीजें आसानी से बन जाती हैं, लेकिन एयर फ्रायर में खाना बनाते समय सिर्फ टाइम और टेंपरेचर का ध्यान रखना ही काफी नहीं है। इसमें कौन सा बर्तन रखना चाहिए और कौन सा नहीं, यह जानना भी जरूरी है।
कई लोग घर में रखे स्टील, कांच या प्लास्टिक के बर्तन बिना सोचे-समझे एयर फ्रायर में रख देते हैं। ऐसा करना कई बार नुकसानदायक हो सकता है। गलत बर्तन इस्तेमाल करने से एयर फ्रायर खराब हो सकता है और खाना बनाने में भी दिक्कत आ सकती है। इसलिए अगली बार एयर फ्रायर में कुछ बनाने से पहले जान लें कि कौन से बर्तन इस्तेमाल करना सही है और किनसे दूरी बनाकर रखनी चाहिए।
image credit- shutterstock
स्टील के बर्तन एयर फ्रायर में रख सकते हैं या नहीं?
अगर आपके मन में भी यह सवाल है कि एयर फ्रायर में स्टील का बर्तन रख सकते हैं या नहीं, तो इसका जवाब है हां। आप इसमें स्टील की कटोरी, छोटी ट्रे या बेकिंग टिन रख सकती हैं, लेकिन ध्यान रखें कि बर्तन गर्मी सहने लायक होना चाहिए और एयर फ्रायर के अंदर आसानी से फिट हो जाना चाहिए।
- स्टील के बर्तन में प्लास्टिक या लकड़ी का हैंडल नहीं होना चाहिए।
- बर्तन इतना बड़ा न हो कि गर्म हवा आने-जाने की जगह ही न बचे।
- गर्म बर्तन निकालते समय मोटे ग्लव्स या चिमटे का इस्तेमाल करें।
एयर फ्रायर में कांच के बर्तन इस्तेमाल करते समय न करें गलती
कई लोग कांच की कटोरी या बाउल देखकर उसे एयर फ्रायर में रख देते हैं, लेकिन ऐसा करना सही नहीं है। हर तरह का कांच तेज गर्मी सहन नहीं कर सकता है। इसलिए एयर फ्रायर में सिर्फ वही कांच का बर्तन यूज करें, जिस पर ओवन सेफ या हीट रेसिस्टेंट लिखा हो। नॉर्मल कांच की कटोरी या फ्रिज में खाना रखने वाले कंटेनर को इसमें न रखें। क्योंकि यह तेज गर्मी की वजह से टूट सकते हैं।
- ओवन में इस्तेमाल होने वाला कांच का बर्तन ही एयर फ्रायर में यूज करें।
- फ्रिज से निकाला हुआ ठंडा कांच का बर्तन सीधे गर्म एयर फ्रायर में न रखें।
- चटका हुआ या टूटा बर्तन बिल्कुल इस्तेमाल न करें।
- बर्तन की गर्मी सहने की सीमा जरूर चेक करें।
सिरेमिक के बर्तन भी एयर फ्रायर में कर सकते हैं इस्तेमाल
अगर आपके पास सिरेमिक यानी चीनी मिट्टी के बर्तन हैं, तो इनका भी एयर फ्रायर में इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन इसके लिए उनका ओवन सेफ होना जरूरी है। आप ऐसे छोटे बर्तनों में केक, पुडिंग या दूसरी बेक की जाने वाली चीजें बना सकती हैं। हालांकि, हर सिरेमिक की कटोरी एयर फ्रायर के लिए सही नहीं होती है। इसलिए इस्तेमाल करने से पहले उस पर दी गई जानकारी जरूर पढ़ें।
सिलिकॉन के बर्तन हैं अच्छा ऑप्शन
आप एयर फ्रायर में सिलिकॉन के बर्तन भी इस्तेमाल कर सकती हैं। खासकर केक, मफिन और बेकिंग वाली चीजें बनाने के लिए ये काम आते हैं, लेकिन ध्यान रहे कि हर सिलिकॉन प्रोडक्ट गर्मी सहने के लिए नहीं बना होता है। इसलिए-
- हमेशा फूड ग्रेड और ओवन सेफ सिलिकॉन मोल्ड चुनें।
- इस्तेमाल से पहले उसकी तापमान सीमा चेक करें।
- ऐसा मोल्ड न लें जो एयर फ्रायर की गर्म हवा को रोक दे।
एक ब्रांड की गाइड के मुताबिक, ओवन में इस्तेमाल होने वाले कांच, सिरेमिक, मेटल और सिलिकॉन के बर्तन एयर फ्रायर में भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं। हालांकि, अपने मॉडल की गाइड जरूर देखें।
image credit- magnific
एल्युमिनियम फॉयल और बेकिंग पेपर का इस्तेमाल एयर फ्रायर में कैसे करें?
कई लोग एयर फ्रायर की सफाई आसान बनाने के लिए उसमें एल्युमिनियम फॉयल या बेकिंग पेपर बिछा देते हैं। इनका इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन इसका भी एक तरीका होता है।
- एल्युमिनियम फॉयल को हीटिंग एलिमेंट के पास न जाने दें।
- बेकिंग पेपर को खाली एयर फ्रायर में न रखें।
- पेपर को खाने के नीचे रखें।
- एयर फ्रायर के छेद या हवा आने-जाने वाली जगह को न ढकें।
एयर फ्रायर में भूलकर भी न रखें ये चीजें
आपको बता दें कि कुछ चीजें ऐसी भी हैं, जिन्हें एयर फ्रायर में नहीं रखना चाहिए। इनकी वजह से बर्तन खराब हो सकते हैं और आग लगने का खतरा भी हो सकता है।
- प्लास्टिक के बर्तन
- लकड़ी के बर्तन
- नॉर्मल कागज जैसे- अखबार, टिश्यू और पेपर टॉवल।
- थर्माकोल के डिब्बे।
एयर फ्रायर इस्तेमाल करते समय इन 4 बातों का भी रखें ध्यान
अगर आप एयर फ्रायर का इस्तेमाल कर रही हैं, तो कुछ बातों का भी ध्यान रखें। जैसे-
- बर्तन रखने के बाद भी गर्म हवा के आने-जाने के लिए जगह खाली रखें।
- खाने से बास्केट को जरूरत से ज्यादा न भरें।
- गर्म बर्तन निकालते समय हाथों में हीट-सेफ ग्लव्स पहन लें।
- किसी भी नए बर्तन को इस्तेमाल करने से पहले एयर फ्रायर के मैनुअल में दी गई जानकारी पढ़ लें।
आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Magnific
