इस साल हरियाली तीज 15 अगस्त 2026 को मनाई जाने वाली है। यह पर्व महिलाओं के सबसे खास त्योहारों में से एक माना जाता है। इस दिन महिलाएं श्रृंगार करती हैं और झूला झूलते हुए लोकगीत गाती हैं। सावन के महीने में गांवों से लेकर शहरों तक कई जगहों पर झूला उत्सव का आयोजन होता है। कहीं बगीचों में झूले लगाए जाते हैं, तो कहीं मंदिर परिसरों में खास कार्यक्रम होते हैं। आज के इस आर्टिकल में हम आपको उन जगहों के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे, जहं इस साल झूला उत्सव मनाया जाएगा।

वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में होने वाला झूला उत्सव

अगर इस साल हरियाली तीज का असली अनुभव करना है, तो वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर पहुंच जाएं। यहां होने वाला झूला उत्सव पूरे देश में फेमस है। हरियाली तीज के दिन प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण को सोने के झूले में बिठाया जाता है। ऐसा पूरे साल में केवल एक ही बार होता है, इसलिए यह उत्सव सबसे खास माना जाता है। इस दिन मंदिर का माहौल भी आकर्षक होता है, क्योंकि पूरे मंदिर को फूलों से सजाया जाता है।

कैसे पहुंचें?

  • मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन से मंदिर की दूरी लगभग 12 से 13 किमी है।
  • रेलवे स्टेशन से ऑटो, ई-रिक्शा और टैक्सी लेकर आप पहुंच सकती हैं। यहां पहुंचने में लगभग 20-30 मिनट का समय लगेगा।
  • दिल्ली से यमुना एक्सप्रेसवे के जरिए सड़क मार्ग से लगभग 3 से 4 घंटे में वृंदावन पहुंचा जा सकता है।

जयपुर में झूला उत्सव

हरियाली तीज पर इस साल 15 और 16 अगस्त को शाम करीब 5:00 या 5:35 बजे के बाद तीज माता की शाही सवारी निकाली जाने वाली है। इसमें सजे-धजे हाथी, ऊंट, घोड़े और लोक कलाकार शामिल होते हैं। इस दौरान आपको शहर में जगह-जगह झूला उत्सव में शामिल होने का मौका मिलेगा। शहर के बड़े पार्क और मंदिरों में रंग-बिरंगे झूले लगाए जाते हैं।

इसे भी पढ़ें- भारत के इस मंदिर में बिना घंटियों के होती है भव्य आरती, जानें लोकेशन

कैसे पहुंचे?

  • निकटतम रेलवे स्टेशन- जयपुर जंक्शन
  • मंदिर तक पहुंचने के लिए रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट से कैब, ऑटो और बस आसानी से मिल जाती है।
  • निकटतम एयरपोर्ट- जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा
  • दिल्ली से आ रही हैं, तो बस या कैब से पहुंचने में लगभग 4 से 5 घंटे का समय लग जाएगा।

दिल्ली में झूला उत्सव

दिल्ली में इस मौके पर कई मंदिरों, धार्मिक संस्थानों और सांस्कृतिक संगठनों में खास कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। लाडली जी का बड़ा मंदिर, हरियाली तीज पर घूमने के लिए सबसे खास माना जाता है। इसके अलावा इस्कॉन मंदिर और श्री जगन्नाथ मंदिर में भी झूला उत्सव का आयोजन होता है। इन जगहों पर मेहंदी प्रतियोगिता, लोकगीत, नृत्य और तीज उत्सव का भी आयोजन होता है।

कैसे पहुंचे?

  • नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन और आनंद विहार रेलवे स्टेशन से इन मंदिरों तक पहुंचना आसान है।
  • निकटतम एयरपोर्ट- इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है।

इसे भी पढ़ें- राजस्थान के इन मंदिरों को क्यों माना जाता है चमत्कारी? जानें इससे जुड़ी मान्यताएं

अगर आप हरियाली तीज का त्योहार सिर्फ पूजा-पाठ तक सीमित नहीं रखना चाहती, तो झूला उत्सव का हिस्सा बनने जा सकती हैं। मथुरा-वृंदावन, जयपुर और दिल्ली जैसी जगहों पर आपको तीज की सांस्कृतिक रौनक देखने को मिलेगी।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- magnific, gemini