लंबी ट्रेन जर्नी के बीच कई बार ऐसा होता है क‍ि अगली ट्रेन के लिए स्टेशन पर लंबे समय तक रुकना पड़ जाता है। ऐसे में प्लेटफॉर्म पर बैठकर टाइम पास करना काफी थका देने वाला होता है। खासकर जब आप फैमिली के साथ हों या रात के समय ट्रेन का वेट कर रहे हों। ऐसे में ज्‍यादातर लोग चिल करने या रेस्‍ट करने के लिए स्टेशन के बाहर होटल ले लेते हैं।

रेलवे स्‍टेशन पर आराम करने के ल‍िए कौन-कौन से ऑप्‍शंस होते हैं?

क्या आपको मालूम है कि रेलवे भी स्टेशन के अंदर रुकने के दो सॉर्टेड ऑप्शंस देता है? एक में आप बिना कोई पैसा दिए आराम कर सकती हैं और दूसरे में कम पैसे देकर प्रॉपर रूम मिल जाता है। यह जुगाड़ पता हो तो हर बार होटल पर फालतू खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ऐसे में हम आपको अपने इस लेख में बता रहे ह‍ैं क‍ि रेलवे के वेटिंग रूम और रिटायरिंग रूम में क्या फर्क है और आपकी ट्रिप के हिसाब से कौन सा ऑप्शन बेस्ट रहेगा?

1. वेटिंग रूम में बैठकर कर सकती हैं फ्री में आराम

अगर आपकी अगली ट्रेन आने में कुछ घंटे बाकी हैं और आप सिर्फ आराम से बैठना चाहतरी हैं, तो रेलवे का वेटिंग रूम आपके काम आ सकता है। यह स्टेशन के अंदर बना एक बड़ा हॉल होता है, जहां कई पसेंजर्स एक साथ बैठकर अपनी ट्रेन का इंतजार करते हैं। इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको अलग से कोई किराया नहीं देना पड़ता। यानी टिकट होने पर आप इस सुविधा का फायदा उठा सकती हैं। वेटिंग रूम इस्तेमाल करने का तरीका ऐसे हैं-

  • सबसे पहले स्टेशन पर बने वेटिंग रूम का पता करें।
  • वहां पहुंचकर अपनी ट्रेन का टिकट दिखाएं।
  • टिकट चेक होने के बाद आप अंदर जाकर बैठ सकती हैं।

आपको बता दें क‍ि रेलवे स्टेशनों पर नॉर्मल और एसी, दोनों तरह के वेटिंग रूम मिल जाते हैं।

2. रिटायरिंग रूम में मिलेगा होटल जैसा आराम

अगर आपको सिर्फ बैठकर समय नहीं बिताना बल्कि कुछ घंटे आराम करना है या अच्छी नींद लेनी है, तो रिटायरिंग रूम आपके लिए अच्छा ऑप्शन रहेगा। यह रेलवे स्टेशन पर मिलने वाला ऐसा रूम होता है, जिसे यात्री कुछ समय के लिए बुक कर सकते हैं। इसमें आपको आराम करने के लिए बिस्तर और नहाने के लिए अटैच बाथरूम जैसी सुविधाएं मिलेंगी। यानी लंबा सफर करने के बाद आप यहां फ्रेश होकर आराम भी कर सकती हैं। रिटायरिंग रूम की खास बातें कुछ ऐसी हैं-

  • यहां आपको अलग रूम मिल जाता है।
  • आराम करने के लिए बेड भी होता है।
  • कमरे के साथ अटैच बाथरूम मिलता है।
  • जरूरत के हिसाब से कुछ घंटों या पूरे दिन के लिए कमरा ले सकती हैं।
  • इसके लिए आपको अलग से पैसे देने होते हैं।

इसकी बुकिंग के लिए आप रेलवे स्टेशन के काउंटर पर जा सकती हैं। इसके अलावा IRCTC की वेबसाइट से भी ऑनलाइन कमरा बुक किया जा सकता है।

वेटिंग रूम और रिटायरिंग रूम में क्या है अंतर?

कई यात्रियों को इन दोनों सुविधाओं के बारे में पता तो होता है, लेकिन वे इनके बीच का फर्क नहीं समझ पाते हैं। जबकि दोनों का इस्तेमाल अलग-अलग जरूरत के हिसाब से किया जाता है।

फीचर वेटिंग रूम रिटायरिंग रूम
जगह यह एक बड़ा हॉल होता है, जहां कई यात्री एक साथ बैठते हैं इसमें आपको आराम करने के लिए अलग कमरा मिलता है
खर्च इसके लिए अलग से पैसे नहीं देने होते कमरा बुक करने के लिए तय शुल्क देना पड़ता है
कब और क्यों इस्तेमाल करें कुछ समय बैठकर ट्रेन का इंतजार करने के लिए आराम करने, सोने और फ्रेश होने के लिए

कब कौन सी सुविधा लेना रहेगा सही?

अब सवाल आता है कि आपको इन दोनों में से किस सुविधा का इस्तेमाल करना चाहिए? इसका जवाब इस बात पर डि‍पेंड करता है कि आपकी अगली ट्रेन कितने समय बाद है और आपको कितने आराम की जरूरत है। अगर आपकी कनेक्टिंग ट्रेन आने में दो-तीन घंटे का समय है और आप सिर्फ बैठकर इंतजार करना चाहती हैं, तो वेटिंग रूम का इस्तेमाल करें। इससे आपके पैसे भी बचेंगे और स्टेशन पर बैठने की अच्छी जगह भी मिल जाएगी। वहीं, अगर आप लंबा सफर करके पहुंची हैं और अगली ट्रेन आने में काफी समय है, तो रिटायरिंग रूम बुक करना बेहतर रहेगा। खासकर जब आपको नहाना हो, कपड़े बदलने हों या कुछ समय चैन से सोना हो।

तो इस तरह आप अपनी जरूरत के हिसाब से सही ऑप्‍शंस देख सकती हैं और बेवजह होटल पर ज्यादा पैसे खर्च करने से बच सकती हैं।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- AI