दिवाली खत्म होते ही हर घर की रसोई और फ्रिज में एक ही नजारा दिखता है और वो है ढेर सारी मिठाइयों के डिब्बे। सोन पापड़ी, काजू कतली, रसगुल्ले और गुलाब जामुन खा-खाकर सब ऊब जाते हैं। ऐसे में या तो ये मिठाइयां खराब होकर फिंकती हैं या फ्रिज के किसी कोने में पड़ी रह जाती हैं, लेकिन आपको इन्हें फेंकने या जबरदस्ती खाने की बिल्कुल जरूरत नहीं है।

दिवाली की बची हुई मिठाइयों से बनाएं ये डिशेज

आप बची हुई मिठाइयों से बहुत ही आसानी से नई, मजेदार और टेस्टी डिशेज बना सकती हैं। हम आपको बता रहे हैं 4 ऐसे एकदम आसान तरीके, जिनसे आपकी बची हुई दिवाली की मिठाइयां मिनटों में नई डिशेज बन जाएंगी। आइए जानते हैं-

image credit- magnific

1. गुलाब जामुन और रसगुल्ले से बनाएं शाही रबड़ी डिलाइट

अगर आपके पास गुलाब जामुन या रसगुल्ले बच गए हैं, तो उनसे बहुत ही बढ़िया डेजर्ट बन सकता है। इसे बनाने के लिए आधा लीटर दूध को गाढ़ा करके रबड़ी जैसा बना लें। इसमें थोड़ी सी इलायची डाल दें। अब एक बाउल में बचे हुए गुलाब जामुन या रसगुल्लों को रखें और ऊपर से यह गरम या ठंडी रबड़ी डाल दें। ऊपर से थोड़े कटे हुए बादाम-पिस्ता भी डालकर गार्निश कर दें। यह खाने में किसी 5 स्टार होटल के शाही डेजर्ट जैसी लगेगी।

2. बर्फी और पेड़े से बनाएं शाही हलवा

मावा बर्फी, काजू कतली या बेसन के पेड़े अगर सूखने लगे हैं, तो इनसे हलवा भी आप बना सकती हैं। इसे बनाने के लिए एक कड़ाही में एक चम्मच देसी घी गर्म करें। बची हुई बर्फी या पेड़ों को हाथों से अच्छी तरह मैश करके कड़ाही में डाल दें। इसे धीमी आंच पर कम से कम 2 से 3 मिनट तक के लिए भून लें। अब इसमें आधा कप दूध मिला दें और तब तक चलाएं जब तक यह हलवे की तरह गाढ़ा न हो जाए। इसकी सबसे खास बात यह है कि इसमें आपको अलग से चीनी डालने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

image credit- magnific

3. सोन पापड़ी से बनाएं सोन पापड़ी परांठा या रोल

सोन पापड़ी तो दिवाली की शान है। दिवाली पर सोन पापड़ी का डिब्बा हर घर में आता ही आता है। अगर कोई इसे ऐसे नहीं खा रहा, तो इसका परांठा बनाकर देखिए। इसके लिए जैसे आप आलू या गोभी का परांठा बेलती हैं, वैसे ही आटे की लोई में सोन पापड़ी को हाथों से क्रश करके भर लें। अब इसे हल्के हाथों से बेलकर तवे पर घी लगाकर सेक लें। आप चाहें तो बच्चों के लिए इसे ब्रेड या रोटी के अंदर रोल करके स्वीट रोल की तरह भी दे सकती हैं। यह बच्चों को बहुत पसंद आएगा और इसका क्रंची-स्वीट टेस्ट भी कमाल का लगता है।

4. बची मिठाइयों से बनाएं मिल्क शेक या स्मूदी

अगर आपके पास ड्राई फ्रूट वाली मिठाइयां, काजू कतली या कोई भी मावा बर्फी बची है, तो उससे बहुत ही गाढ़ा और टेस्टी शेक बन सकता है। इसके लिए मिक्सी के जार में 2 से 3 बची हुई मिठाइयां तोड़कर डाल दें। ऊपर से एक गिलास ठंडा दूध और 2 से 3 बर्फ के टुकड़े डाल उदें। इसे अच्छे से ग्राइंड कर लें। अगर आपको पसंद हो तो इसमें एक स्कूप वैनिला आइसक्रीम भी मिला सकती हैं। इससे मिठाइयों का सारा स्वाद दूध में मिलकर रिच और थिक थिक-शेक बना देगा। बस मिठाइयों का री-यूज करने से पहले यह जरूर चेक कर लें कि उनमें से कोई अजीब महक न आ रही हो और वे पूरी तरह से ताजी और खाने की तरह हों।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- AI