Karwa Chauth 2026 Jaggery Gulgule Recipe: करवा चौथ का त्योहार सिर्फ सोलह श्रृंगार और चांद के दीदार का नहीं है, बल्कि इस दिन घरों में बनने वाले तरह-तरह के पकवान जैसे खीर, गुलगुले भी उत्सव की खुशियों को बढ़ा देते हैं। अगर इस करवा चौथ पर आप भी देसी और स्वादिष्ट गुलगुला बनाना चाहती हैं, तो जरूर बनाएं। गेहूं के आटे, गुड़ और सौंफ से तैयार होने वाली यह मिठाई काफी टेस्टी होती है। इसकी खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती। गेहूं का आटा और गुड़ जैसी चीजों से इसे आसानी से बनाया जा सकता है। आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी।

गुड़ के गुलगुले बनाने की सामग्री

गुड़ के गुलगुले को बनाना काफी आसान है और यह जल्दी बन जाता है। सबसे पहले आप इन चीजों को एक तरफ करें।

  • गेहूं का आटा – 1 कप
  • कद्दूकस किया हुआ गुड़ – 2/4 कप
  • गुनगुना पानी – 1/2 से 3/4 कप
  • सौंफ – 1 छोटा चम्मच
  • इलायची पाउडर – 1/3 छोटा चम्मच
  • बेकिंग सोडा – 1 चुटकी
  • पिघला हुआ घी – 1 बड़ा चम्मच
  • तलने के लिए तेल या देसी घी – जरूरत के अनुसार

image credit- shutterstock

गुड़ के मीठे गुलगुले बनाने का तरीका

गुड़ के मीठे गुलगुले बनाने के लिए नीचे दी गई बातों का ध्यान रखें। आइए जानते हैं यहां।

1. सबसे पहले तैयार करें गुड़ का घोल

एक कटोरे में कद्दूकस किया हुआ गुड़ लें और गुनगुना पानी डालें। इसे तब तक चलाएं, जब तक वह पिघल न जाए। साथ ही अगर आपको गुड़ गंदा दिखे, तो पहले छान लें और बाद में फिर इसे ठंडा होने के लिए रख दें।

2. आटे में मिलाएं देसी स्वाद

एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा, सौंफ, इलायची पाउडर और एक चुटकी बेकिंग सोडा लेकर अच्छे से मिला लें। बाद में इसमें पिघला हुआ घी डालें। गुड़ के घोल को धीरे-धीरे मिलाते हुए फेंटें, ताकि जरा सी भी गांठ न बनें। एक बात का ध्यान रखें कि घोल ज्यादा पतला न हो और न ही गाढ़ा।

3. नरम गुलगुलों को बनाने की ट्रिक

घोल तैयार होने के बाद इसे 15 से 30 मिनट के लिए ढककर रख दें। ऐसा करने से आटा नमी सोख लेता है और गुलगुले ज्यादा अच्छे बन सकते है। तलने से पहले घोल को एक मिनट तक अच्छी तरह फेंट लें। इससे घोल एक जैसा हो जाएगा।

image credit-shutterstock

4. मध्यम आंच पर तलें गुलगुले

इतना करने के बाद कड़ाही में तेल या देसी घी को गर्म करें और फिर घोल के छोटे-छोटे हिस्से बनाकर तेल में डालें। ध्यान रहे कि कड़ाही में एक साथ बहुत सारे गुलगुले न डालें। इन्हें मध्यम आंच पर सुनहरा भूरा होने तक तलें और बीच-बीच में पलटते रहें।

5. तैयार हैं स्वादिष्ट गुड़ के गुलगुले

गुलगुले सुनहरे हो जाने के बाद इन्हें छलनी की मदद से छान लें। करवा चौथ की पूजा के बाद या शाम की चाय के साथ इन्हें खाया जा सकता है। अगर आप इन्हें व्रत के दौरान खाने की सोच रही हैं, तो पहले अपनी व्रत परंपरा के अनुसार सामग्री और सेवन की अनुमति सुनिश्चित कर लें।

गुलगुले बनाते वक्त ध्यान रखें ये बातें

गुलगुले बनाना तो आसान है, लेकिन फिर भी कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी होता है। आइए यहां पर जानते हैं।

  • गुड़ का घोल छानें। ऐसा करने से मिठाई में गुड़ की अशुद्धियां आने की आशंका कम होगी।
  • बहुत तेज आंच पर गुलगुले बाहर से भूरे हो सकते हैं, लेकिन अंदर से कच्चे रह सकते हैं।
  • सौंफ और इलायची जरूर डालें। यह गुलगुलों में खुशबूदार और पारंपरिक स्वाद जोड़ती हैं।
  • घोल को तैयार करने के बाद कुछ देर रखने से आटे को नमी सोखने का समय मिलता है।
इस करवा चौथ आप भी ऊपर दी गई आसान रेसिपी की मदद से गुलगुले बना सकती हैं। इसका टेस्ट आपके परिवार वालों को काफी पसंद आएगा।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।

main image credit- ai