Kaddu Makhana Sabji Recipe: रोज-रोज आलू-गोभी और दाल खाकर बोर हो गई हैं? ठंड में कुछ गरम, टेस्टी और हेल्दी खाने का मन कर रहा है? तो इस बार कद्दू-मखाने की सब्जी जरूर ट्राई करें। कद्दू की मिठास और मखाने का क्रंच, जब मसालेदार ग्रेवी में मिलता है तो स्वाद ऐसा बनता है कि बच्चे से लेकर बड़े तक सब उंगलियां चाटते रह जाते हैं।

ये सब्जी बनाना बहुत आसान है, सिर्फ 25 मिनट में बन जाती है और सर्दियों में शरीर को अंदर से गर्म भी रखती है।

कद्दू-मखाने की सब्जी बनाने के लिए सामग्री (Kaddu Makhana Sabji Ingredients)

कद्दू-मखाने की सब्जी बनाना काफी आसान होता है। इसे बनाने के लिए आपको नीचे दिए गए इन सामान की जरूरत पड़ेगी।

  • कद्दू - 300 ग्राम (पीला पका हुआ, छीलकर मीडियम टुकड़ों में कटा हुआ)
  • मखाना - 80 ग्राम (करीब 1.5 से 2 कप)
  • देसी घी - 2 बड़े चम्मच
  • प्याज - 1 मीडियम (बारीक कटा हुआ)
  • टमाटर - 2 मीडियम (पीसकर प्यूरी बना लें)
  • अदरक-लहसुन पेस्ट - 1 बड़ा चम्मच
  • जीरा - 1 छोटा चम्मच
  • हल्दी - 1/2 छोटा चम्मच
  • धनिया पाउडर - 1 छोटा चम्मच
  • कश्मीरी लाल मिर्च - 1/2 छोटा चम्मच
  • गरम मसाला - 1/2 छोटा चम्मच
  • फ्रेश मलाई या काजू पेस्ट - 2 बड़े चम्मच
  • पानी - 1/2 से 3/4 कप
  • नमक - स्वादानुसार
  • हरा धनिया - गार्निश के लिए
  • तैयारी का समय - 15 मिनट
  • बनाने का समय - 25 मिनट
  • कितने लोगों के लिए - 3-4 लोग

image credit-ai

कद्दू-मखाने की सब्जी बनाने का तरीका (Kaddu Makhana Sabji Recipe)

अगर आप भी अपने घर में कद्दू की सब्जी बनाने की सोच रही हैं, तो नीचे दी गई रेसिपी आपके लिए है। चलिए जानते हैं इसे बनाने का तरीका।

  • सबसे पहले कड़ाही में बिना घी या आधा चम्मच घी डालकर मखाने को धीमी आंच पर 5-6 मिनट तक भूनें। जब वो कुरकुरे और क्रंची हो जाएं, तो प्लेट में निकालकर अलग रख दें।
  • अब कद्दू के टुकड़ों पर थोड़ा घी लगाकर तवे या उसी कड़ाही में मीडियम आंच पर हल्का सेंक लें। किनारों पर हल्का सुनहरा रंग आ जाए तो निकाल लें। इससे सब्जी में स्मोकी स्वाद आएगा और कद्दू गलकर हलवा नहीं बनेगा।
  • उसी कड़ाही में 1 चम्मच घी गरम करें। जीरा डालकर चटकाएं, फिर बारीक कटी प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें।
  • अब अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर 1 मिनट भूनें, ताकि कच्ची महक चली जाए। फिर टमाटर की प्यूरी, हल्दी, धनिया पाउडर, कश्मीरी मिर्च और नमक डालें। मसाले को तब तक भूनें जब तक घी किनारों से अलग न दिखने लगे।
  • अब सेंका हुआ कद्दू और थोड़ा गुनगुना पानी डालें। ढककर धीमी आंच पर 8-10 मिनट पकाएं, जब तक कद्दू नरम न हो जाए।
  • अब इसमें फ्रेश मलाई या काजू पेस्ट और गरम मसाला डालकर 1-2 मिनट और पकाएं। ग्रेवी एकदम क्रीमी हो जाएगी।
  • गैस बंद करके आखिर में भुने हुए मखाने डालें और हल्के हाथ से मिलाएं। तुरंत सर्व करें ताकि मखाने का क्रंच बना रहे। ऊपर से हरा धनिया डालें।
  • बस हो गई तैयार आपकी गरमा-गरम कद्दू-मखाने की सब्जी। इसे बाजरे की रोटी, पराठे या जीरा राइस के साथ सर्व करें।

image credit-ai

सर्दियों में और भी टेस्टी बनाने के लिए प्रो टिप्स

सब्जी तो बन जाएगी, लेकिन अगर इन 3 छोटे-छोटे सीक्रेट्स का ध्यान रख लिया तो आपकी कद्दू-मखाने की सब्जी हलवाई जैसी टेस्टी बनेगी-

  • क्रंच बनाए रखने के लिए: मखाने को कभी भी सब्जी में ज्यादा देर तक न उबालें, वरना वो गीले होकर खराब हो जाएंगे। हमेशा सर्व करने से ठीक पहले डालें।
  • व्रत वाली सब्जी बनानी हो तो: प्याज-लहसुन छोड़ दें, सेंधा नमक डालें और थोड़ी कसूरी मेथी और गुड़ डालें। मीठा-खट्टा स्वाद व्रत में और भी अच्छा लगेगा।
  • सर्दी में एक्स्ट्रा गर्मी के लिए: इसमें थोड़ी कुटी हुई काली मिर्च, अदरक के पतले टुकड़े या एक छोटा टुकड़ा गुड़ डाल दें। स्वाद भी बढ़ेगा और शरीर भी गर्म रहेगा।

कद्दू-मखाने की सब्जी बनाते वक्त इन बातों का रखें ध्यान

अक्सर छोटी-सी गलती की वजह से सब्जी का पूरा स्वाद बिगड़ जाता है, इसलिए बनाते समय इन 3 बातों को कभी मत भूलना:

  • कद्दू हमेशा पका हुआ और पीला वाला ही लें, कच्चा कद्दू सब्जी को फीका कर देता है।
  • मखाने पुराने हों तो पहले चेक कर लें, सीले हुए मखाने क्रंची नहीं होते।
  • ग्रेवी ज्यादा पतली मत रखें, थोड़ी गाढ़ी ग्रेवी ही रोटी के साथ अच्छी लगती है।

तो इस सर्दी में जब भी कुछ नया और हेल्दी खाने का मन करे, तो कद्दू-मखाने की यह सब्जी जरूर बनाएं। यह बनाने में आसान है, खाने में टेस्टी है और बच्चों से लेकर बड़ों तक सबको पसंद आएगी।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

 main image credit- ai