Hari Mirch Ka Khatta Meetha Achar Instant Recipe: कई बार ऐसा होता है कि घर में सब्जी बनाने का मन नहीं करता या फिर खाने के साथ कुछ चटपटा खाने का मन करता है। ऐसे में अगर थाली में खट्टा-मीठा अचार मिल जाए, तो साधारण दाल-रोटी का स्वाद भी दोगुना हो जाता है। खासकर हरी मिर्च का अचार पसंद करने वालों के लिए इसकी एक अलग ही जगह होती है। आमतौर पर लोग मिर्च का तीखा अचार बनाते हैं, लेकिन क्या आपने कभी हरी मिर्च का खट्टा-मीठा अचार खाया है? अगर नहीं, तो आज के इस लेख में हम आपको हरी मिर्च का खट्टा-मीठा अचार बनाने के बारे में बताने जा रहे हैं।

हरी मिर्च का खट्टा-मीठा अचार बनाने के लिए सामग्री

इस अचार को बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ेगी। रसोई में मौजूद कुछ सामान्य चीजों से ही यह स्वादिष्ट अचार तैयार हो जाएगा।

Image Credit-magnific

  • 250 ग्राम- मोटी हरी मिर्च
  • आधा कप- गुड़ (स्वाद के अनुसार)
  • 2 बड़े चम्मच- सरसों का तेल
  • 2 बड़े चम्मच- सौंफ
  • 1 छोटा चम्मच- मेथी दाना
  • आधा छोटा चम्मच- हल्दी
  • 1 छोटा चम्मच- राई या पीली सरसों
  • आधा छोटा चम्मच- कलौंजी
  • आधा छोटा चम्मच- लाल मिर्च पाउडर
  • नमक- स्वादानुसार
  • 3 बड़े चम्मच- नींबू का रस या सिरका

हरी मिर्च का खट्टा-मीठा अचार बनाने का तरीका

  • अचार बनाने के लिए सबसे पहले हरी मिर्च को पानी से धोकर साफ कर लें। इसके बाद किसी साफ सूती कपड़े से इन्हें अच्छी तरह पोंछ लें।
  • मिर्च पर पानी बिल्कुल नहीं रहना चाहिए, क्योंकि नमी की वजह से अचार जल्दी खराब हो सकता है। अब मिर्च के डंठल हटा दें और इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें।
  • अगर आप कम तीखा अचार खाना पसंद करते हैं, तो मिर्च के अंदर मौजूद बीज भी निकाल सकती हैं।
  • अब एक कड़ाही में सौंफ और मेथी दाने को हल्का भून लें। जब इनमें से खुशबू आने लगे, तो गैस बंद कर दें।
  • ठंडा होने के बाद इन्हें दरदरा पीस लें। अब एक पैन में सरसों का तेल गर्म करें। तेल गर्म होने के बाद गैस धीमी कर दें और इसमें राई, कलौंजी और हल्दी डालें।
  • इसके बाद कटी हुई हरी मिर्च डालकर 2-3 मिनट तक हल्का पकाएं। मिर्च को बहुत ज्यादा नहीं पकाना है, क्योंकि इससे उसका कुरकुरापन खत्म हो सकता है।
  • अब इसमें पिसी हुई सौंफ, मेथी, नमक और लाल मिर्च पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद गुड़ को छोटे टुकड़ों में डाल दें।
  • धीमी आंच पर इसे चलाते रहें, ताकि गुड़ पिघलकर मसालों के साथ अच्छी तरह मिल जाए। जब गुड़ का मिश्रण थोड़ा गाढ़ा होने लगे, तो गैस बंद कर दें।
  • आखिर में नींबू का रस या सिरका डालकर अच्छी तरह मिला लें। ध्यान रखें कि नींबू का रस डालने से पहले मिश्रण थोड़ा ठंडा हो जाए।
 
Image Credit-ai

मिर्च का खट्टा-मीठा अचार कैसे करें स्टोर?

अचार तैयार होने के बाद इसे पूरी तरह ठंडा होने दें। अब इसे एक साफ और बिल्कुल सूखे कांच के जार में भरकर रखें। ध्यान रखें कि अचार निकालने के लिए हमेशा साफ और सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें। इसे फ्रिज में रखना बेहतर रहेगा। इस तरह तैयार अचार को शुरुआत में थोड़ी मात्रा में बनाएं और उसकी ताजगी, स्वाद और खुशबू पर ध्यान दें।

मिर्च का खट्टा-मीठा अचार किसके साथ परोसें?

हरी मिर्च का खट्टा-मीठा अचार सिर्फ दाल-चावल या रोटी के साथ ही नहीं, बल्कि पराठे, पूरी, खिचड़ी और बेसन के चीले के साथ भी अच्छा लगता है। अगर घर में कभी जल्दी में खाना बनाना हो, तो दही, रोटी और इस अचार के साथ भी स्वादिष्ट खाना तैयार हो सकता है। इसकी खटास और मिठास साधारण खाने को भी चटपटा बना देती है। हालांकि, इसे सब्जी का पूरा विकल्प न समझें, बल्कि खाने के स्वाद को बढ़ाने के लिए थोड़ी मात्रा में परोसें।

अगर आप अचार खाने की शौकीन हैं, तो एक बार हरी मिर्च का खट्टा-मीठा अचार बनाकर जरूर खाएं। इसका लाजवाब स्वाद न केवल खाने का स्वाद दोगुना करेगा बल्कि आपने घर आए मेहमान को यह अचार चखने के लिए भी दे दिया, तो वह आपसे बार-बार रेसिपी मागेंगे। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।

Image Credit-ai