महालक्ष्मी व्रत कई घरों में श्रद्धा के साथ रखा जाता है और इसके आखिरी दिन का इंतजार भी खास होता है। 2026 में इस व्रत का समापन 3 अक्टूबर को हो रहा है। व्रत पूरा होने के बाद जब पारण का समय आता है, तो पूजा के साथ खाने की थाली भी खास बनाई जाती है।

अगर आप इस बार पारण की थाली को थोड़ा अलग अंदाज में सजाना चाहती हैं, तो केले के पत्ते का इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके ऊपर घर का बना सादा और सात्विक खाना सजाने से थाली देखने में भी सुंदर लगेगी। आज हम आपको बताएंगे क‍ि आप क‍िन चीजों को महालक्ष्‍मी व्रत की पारण थाली में रख सकती हैं? आइए जानते हैं-

महालक्ष्‍मी व्रत की पारण थाली में कौन-कौन से व्‍यंजन शाम‍िल करें?

अगर आप महालक्ष्‍मी व्रत की पारण थाली को खास बनाना चाहती हैं तो हम आपको कुछ व्‍यंजों के बारे में बता रहे हैं। जब आप इन्‍हें केले के पत्ते पर सजाएंगी तो थाली और भी सुंदर लगेगी।

image credit- magnific

1. साबूदाना खिचड़ी

पारण की थाली में साबूदाना खिचड़ी रख सकती हैं। इसे साबूदाना, मूंगफली, जीरा, हरी मिर्च और सेंधा नमक से बना लें। अगर आपके घर में व्रत के बाद भी इन्हीं चीजों से खाना बनाने की परंपरा है, तो यह थाली की शान बढ़ा देंगी।

2. आलू की सब्जी

उबले या कटे हुए आलू से बिना प्याज-लहसुन की क्र‍िस्‍पी सब्जी भी बना सकती हैं। व्रत के दि‍नों में तो यह खाई ही जाती हैं, साथ ही आप इन्‍हें पारण के दौरान भी बना सकती हैं। इसमें ज्‍यादा मसालों का इस्‍तेमाल न करें।

3. कद्दू की सब्जी

कद्दू की सब्जी भी सात्विक भोजन का ह‍िस्‍सा बना सकती है। इसे कम मसाले में बनाकर थाली में रखा जा सकता है। इसका हल्‍का मीठा स्वाद बाकी चीजों के साथ खाने में अच्छा लगेगा।

image credit- magnific

4. दही

केले के पत्ते पर एक छोटी कटोरी में ताजा दही भी रख दें। अगर आपके घर में पारण के खाने में दही शामिल किया जाता है, तो यह थाली को पूरा कर देगा। आप इसमें काला नमक, चाट मसाला भी स्‍वाद के ल‍िए म‍िला सकती हैं।

5. मखाने की खीर

पारण की थाली में मीठा न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता है। दूध और मखाने से तैयार यह डिश पारण की थाली में अच्छी लगेगी। इसमें म‍िठास आप अपने ह‍िसाब से कम ज्‍यादा कर सकती हैं।

6. नारियल के लड्डू

अगर थाली में एक छोटी-सी मिठाई रखना चाहती हैं, तो नारियल के लड्डू भी रख दें। महालक्ष्मी व्रत से जुड़ी रेसिपी में भी नारियल के लड्डू को भोग के तौर पर शामिल किया जाता है।

7. मौसमी फल

थाली में आप मौसमी फलों को भी जरूर शाम‍िल करें। केले, सेब या दूसरे मौसमी फल भी रख दें। फल को छोटे टुकड़ों में काटकर या पूरा ही केले के पत्ते पर सजाया जा सकता है।

केले के पत्ते पर ऐसे सजाएं थाली

अगर आप केले के पत्तों पर सात्‍व‍िक भोजन सजा रही हैं, तो यह तरीका आजमा लें।

  • सबसे पहले केले के पत्ते को अच्छी तरह साफ कर लें।
  • अब बीच में साबूदाना खिचड़ी रखें।
  • एक तरफ आलू और कद्दू की सब्जी रखें।
  • दही को छोटी कटोरी में रखकर पत्ते पर सजाएं।
  • मखाने की खीर और नारियल के लड्डू को अलग जगह दें।
  • आखिर में फल रखकर थाली को पूरा करें।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- AI