बाहर मिलने वाली जलेबी देखने में जितनी कुरकुरी और स्वादिष्ट लगती है, वैसी ही आप घर पर भी तैयार कर सकती हैं। सावन के महीने बारिश वाला होता है। ऐसे में इस मौसम में लोगों को अलग-अलग तरह की टेस्टी चीजें खाने का मन करता है। अगर आपको भी जलेबी खाने का मन हो रहा है, लेकिन आप बाहर से ऑर्डर नहीं करना चाहती हैं, तो यह आर्टिकल आपके काम आएगा। आज के इस आर्टिकल में हम आपको कुछ ऐसे टिप्स बताएंगे, जिससे आपक कम समय में जलेबी तैयार कर सकती हैं।
मैदा और दही से 30 मिनट में कैसे बनाएं जलेबी?
इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती। बस बैटर का घोल और चाश्नी सही से तैयार करना जरूरी है। अगर घोल बहुत ज्यादा गाढ़ा या बहुत ज्यादा पतला नहीं होगा, तो यह बिल्कुल मार्केट जैसी क्रिस्पी बनेगी।
जलेबी बनाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
- दही बहुत ज्यादा खट्टी न हो, इससे जलेबी का स्वाद बदल सकता है।
- बैटर को कम से कम 10 से 15 मिनट के लिए छोड़ दें,, इससे जलेबी का टेक्सचर बेहतर आता है।
- तेल या घी को बहुत तेज गर्म न करें। जलेबी को मध्यम आंच पर तलना अच्छा रहता है।
- जिस कोन में आप बैटर डाल रही हैं, वह बहुत ज्यादा मोटा न हो।
- इसके साथ ही चाशनी बहुत पतली होगी तो जलेबी रस नहीं पकड़ पाएगी, इसलिए इसे हल्का गाढ़ा ही रखें।
- तली हुई जलेबी को हल्की गुनगुनी चाशनी में डालें।
- जलेबी को चाशनी में बहुत देर तक न छोड़ें, इससे क्रिस्पी नहीं रहेगी।
सामग्री- जलेबी के बैटर के लिए मैदा, दही, पानी, बेकिंग पाउडर, फूड कलर, तेल, चाशनी के लिए चीनी और इलायची पाउडर।
इसे भी पढ़ें- सावन में बनाएं सीताफल बासुंदी, पढ़ें स्वादिष्ट भोग की आसान रेसिपी
बैटर कैसे तैयार करे?
इसके लिए आपको एक कप मैदा, 2 चम्मच दही और बेकिंग पाउडर मिलाकर घोल बनाना है। इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर इसे अच्छी तरह फेंटें। बैटर की कंसिस्टेंसी ऐसी रखें कि वह आसानी से कोन से बाहर निकले, लेकिन पानी जैसी पतली न हो। फूड कलर डालना चाहती हैं, तो बैटर में साथ में ही मिक्स कर लें। अब बैटर को 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें।
जरूरी टिप्स- अगर पहली बार जलेबी बना रही हैं, तो पहले एक छोटी जलेबी तलकर देखें। अगर वह तेल में फैल रही है, तो बैटर बहुत पतला है, इसमें थोड़ा मैदा मिलाकर पेस्ट को गाढ़ा करें।
चाशनी कैसे तैयार करें?
इसे बनाने के लिए एक पैन में 1 कप चीनी और आधा कप पानी डालकर पकाएं। आंच धीमी रखें और इसे गाढ़ा होने दें। चीनी घुल जाए, तो इसमें इलायची मिला दें। आप हाथों से चेक करके देख सकती हैं। अगर चाशनी गाढ़ी और चिपचिपी लग रही है, तो यह अच्छे से तैयार हो गया है।
इसे भी पढ़ें- Independence Day Special: घर पर बनाएं स्पंजी तिरंगा ढोकला, रेसिपी है बेहद आसान
जलेबी कैसे बनाएं?
आपके पास अगर कोन नहीं है और कपड़े की मदद से जलेबी बनाने में परेशानी हो रही है, तो आप बोतल की मदद से बना सकती हैं। सॉस बोतल से जलेबी बनाना आसान होता है। इसमें आगे की तरफ छेद दिया होता है। साथ ही, जलेबी पतली-पतली बनती है। कढ़ाई में तेल या घी गर्म करने के बाद इसमें गोल-गोल घुमाते हुए जलेबी बनाएं। धीमी आंच पर जलेबी को दोनों तरफ से हल्का सुनहरा होने तक तलें और लास्ट में इसे तेल से निकालकर चाशनी में डाल दें।
ध्यान रखें कि बहुत तेज आंच पर तलने से जलेबी जल्दी रंग पकड़ सकती है, लेकिन अंदर से अच्छी तरह नहीं पकती। जलेबी बनने के बाद इसे तुरंत परोसें। इससे जलेबी का स्वाद सही-क्रिस्पी लगता है।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- magnific
