सर्दी आते ही हर घर में च्यवनप्राश की डिब्बे खुल जाते हैं क्योंकि च्यवनप्राश इम्यूनिटी बढ़ाने का काम करता है। बाजार में मिलने वाला च्यवनप्राश देखने में अच्छा लगता है, लेकिन उसमें चीनी और मिलावट की शिकायत अक्सर रहती है। इसलिए, कई महिलाएं अब घर पर ही शुद्ध च्यवनप्राश बनाना पसंद करती हैं।

कैसे बनाएं आंवला च्यवनप्राश?

घर का बना आंवले का च्यवनप्राश स्वाद में भी अच्छा होता है और सेहत के लिए भी फायदेमंद होता है। इसे बनाना बिल्कुल मुश्किल नहीं है। थोड़े से आंवले, गुड़, घी और घर के मसालों से आप पूरा साल चलने वाला च्यवनप्राश तैयार कर सकते हैं।

घर का च्यवनप्राश क्यों है बेहतर?

बाजार वाले च्यवनप्राश में अक्सर ज्यादा चीनी, प्रिजर्वेटिव और रंग मिला होता है। घर पर बनाते समय आपको पता होता है कि आपने क्या डाला है। आप चीनी की जगह गुड़ डाल सकते हैं। मसाले भी ताजे पीसकर डाल सकते हैं। घर का च्यवनप्राश बच्चों और बड़ों, दोनों के लिए फायदेमंद होता है। इसका स्वाद भी अपने हिसाब से कम-ज्यादा मीठा रखा जा सकता है।

Photo Credit: Magnific

च्यवनप्राश बनाने के लिए क्या चाहिए?

इस रेसिपी के लिए ज्यादा सामान नहीं चाहिए। सब कुछ आसानी से घर की रसोई में मिल जाता है।

सामान की लिस्ट

  • ताजा आंवला- 500 ग्राम
  • गुड़- 250 से 500 ग्राम
  • देसी घी- 4 से 6 बड़े चम्मच
  • शहद- 2 से 4 बड़े चम्मच
  • मसालों के लिए- हरी इलायची, काली मिर्च, दालचीनी, लौंग, सौंठ, सौंफ और थोड़ा सा केसर

गुड़ की मात्रा आप अपने स्वाद के हिसाब से कम या ज्यादा कर सकते हैं। अगर ज्यादा मीठा नहीं खाना है तो 250 ग्राम गुड़ ही काफी है।

Photo Credit: Magnific

इस विधि से बनाएं च्यवनप्राश

स्टेप 1

सबसे पहले आंवलों को अच्छे से धो लें। फिर उन्हें 10 से 15 मिनट तक भाप में पकाएं। अगर कुकर में पका रहे हैं, तो 1 से 2 सीटी काफी है। आंवले नरम हो जाएं तो उन्हें ठंडा होने दें। फिर उनकी गुठली निकाल दें। अब बचे हुए गूदे को मिक्सी में डालकर चिकना पेस्ट बना लें। इस पेस्ट में पानी बिल्कुल न डालें।

स्टेप 2

एक कढ़ाई में सारे साबुत मसाले डालकर धीमी आंच पर हल्का भून लें। मसालों से खुशबू आने लगे तो आंच बंद कर दें। मसालों को ठंडा होने दें और फिर मिक्सी में बारीक पीस लें। ताजे पिसे मसालों से च्यवनप्राश में बहुत अच्छी खुशबू और स्वाद आता है। केसर को अलग से थोड़े से गर्म दूध में भिगोकर रख दें।

स्टेप 3

अब एक भारी तले वाली कढ़ाई लें। इसमें घी गरम करें। घी गरम हो जाए तो इसमें आंवले का पेस्ट डाल दें। धीमी से मीडियम आंच पर इसे लगातार चलाते हुए भूनें। थोड़ी देर में इसका पानी सूखने लगेगा और पेस्ट चमकदार हो जाएगा। यही पहचान है कि आंवला अच्छे से भुन गया है। इसे भूनने में जल्दबाजी न करें।

स्टेप 4

आंवला भुन जाए तो इसमें कद्दूकस किया हुआ गुड़ डाल दें। गुड़ को चलाते रहें ताकि वह अच्छे से पिघल जाए। गुड़ डालने के बाद मिश्रण थोड़ा पतला हो जाएगा, घबराएं नहीं। इसे धीमी आंच पर पकाते रहें। धीरे-धीरे यह फिर से गाढ़ा होने लगेगा।

स्टेप 5

जब मिश्रण गाढ़ा हो जाए तो इसमें पिसा हुआ मसाला पाउडर और केसर वाला दूध डाल दें। अच्छे से मिला लें। इसे 2 से 3 मिनट और पकाएं। जब मिश्रण कढ़ाई के किनारे छोड़ने लगे तो समझ जाएं कि च्यवनप्राश तैयार है। अब आंच बंद कर दें।

स्टेप 6

च्यवनप्राश को पूरी तरह ठंडा होने दें। जब यह हल्का गुनगुना रह जाए तो इसमें शहद मिला दें। ध्यान रखें कि शहद को कभी भी गर्म च्यवनप्राश में न डालें। गर्म करने से शहद के गुण खत्म हो जाते हैं। अब इसे साफ और सूखे कांच के जार में भरकर रख दें। फ्रिज में रखने की जरूरत नहीं है, ठंडी और सूखी जगह पर ही यह 2 से 3 महीने तक अच्छा रहता है।

Photo Credit: Magnific

च्यवनप्राश खाने का सही तरीका

  • रोज सुबह खाली पेट 1 से 2 छोटा चम्मच च्यवनप्राश लें। इसके बाद ऊपर से गुनगुना दूध या पानी पी लें। बच्चे को आधा चम्मच देना ही काफी है।
  • सर्दी-जुकाम, खांसी और थकान में यह बहुत फायदा करता है। रोज खाने से इम्यूनिटी मजबूत होती है और पाचन भी ठीक रहता है।

बनाते समय इन गलतियों से बचें

  • आंवले में पानी डालकर पेस्ट न बनाएं, नहीं तो च्यवनप्राश जल्दी खराब हो जाएगा। स्टील की पतली कढ़ाई में न बनाएं, वह जल्दी जल जाता है।
  • गीले चम्मच या गीले जार में च्यवनप्राश न रखें। थोड़ी सी भी नमी इसे खराब कर सकती है। शहद हमेशा ठंडा होने पर ही डालें।

बिना मिलावट वाला च्यवनप्राश घर पर बनाना बहुत आसान है। कुछ मसालों के साथ शुद्ध और स्वादिष्ट च्यवनप्राश तैयार हो जाता है। बाजार के डिब्बे पर पैसे खर्च करने के बजाय, इस बार घर पर ही बनाकर देखें। एक बार बनाएंगे तो हर साल घर पर ही बनाना पसंद करेंगे।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।