Janmashtami Bhog 2026: न मावा, न चाशनी! सिर्फ 1 कप गेहूं के आटे और गोंद से बनाएं लजीज बर्फी
जन्माष्टमी पर घर में लड्डू गोपाल के लिए भोग बनाया जाता है। आप इस बार घर में मौजूद गेहूं के आटे और गोंद से स्वादिष्ट बर्फी बना सकती हैं। इसे बनाने बहुत आसान है।
जन्माष्टमी का त्योहार नजदीक है। इस साल 4 सितंबर को जन्माष्टमी मनाई जा रही है। इस मौके पर घरों में बाल गोपाल के लिए भोग तैयार किया जाता है। अगर आप इस बार कुछ ऐसा बनाना चाहती हैं जाे स्वादिष्ट तो हो ही, साथ ही बनाने में भी मेहनत न करनी पड़े तो आटे और गोंद की बर्फी बना सकती हैं। खास बात तो यह है कि इसे बनाने के लिए न तो मावे की जरूरत है और न ही चाश्नी बनाने का झंझट।
घर पर कैसे बनाएं आटे और गोंद की बर्फी?
इसमें मुख्य रूप से गेहूं का आटा, खाने वाले गोंद, घी, गुड़ या बूरा और मेवे का इस्तेमाल होता है। इस बर्फी का स्वाद बहुत ही अच्छा होता है। आज हम आपको आटे और गोंद की बर्फी बनाने की रेसिपी बता रहे हैं। आइए जानते हैं-
बर्फी बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप घर पर गोंद और आटे की बर्फी बना रही हैं, तो कुछ बातों का जरूर ध्यान रखें, तभी इसका स्वाद अच्छा आएगा-
गोंद को तेज आंच पर न तलें। इसे अच्छी तरह फूलने और कुरकुरा होने तक लो फ्लेम पर ही भूनें।
गेहूं के आटे को भी लो फ्लेम पर लगातार चलाते हुए भूनें ताकि वह नीचे से जले नहीं।
गोंद को पूरी तरह ठंडा करके ही दरदरा कूटें।
गुड़ या बूरा डालने से पहले गैस बंद कर दें और मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें।
बर्फी को ट्रे में डालने के बाद अच्छी तरह दबाएं, इससे टुकड़े आसानी से कटेंगे।
बर्फी को बहुत गर्म रहते काटने की कोशिश न करें। सेट होने के बाद ही बर्फी के शेप में काटें।
जन्माष्टमी पर जब बर्फी अच्छी तरह सेट हो जाए तो इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर भोग की थाली में रख सकती हैं। ऊपर से कटे हुए काजू-बादाम या पिस्ता डालकर गार्निश कर सकती हैं। भोग लगाने के बाद इसे परिवार के लोगों के साथ प्रसाद के रूप में सर्व कर सकती हैं।
अगर आप भी इस बार जन्माष्टमी पर मार्केट से नहीं बल्कि घर पर मिठाई बनाना चाहती हैं तो गेहूं के आटे और गोंद की बर्फी बना सकती हैं।
This website uses cookie or similar technologies, to enhance your browsing experience and provide personalised recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.
Atta Gond Barfi Recipe Card
जन्माष्टमी के भोग के लिए 1 कप आटे और गोंद से बर्फी बनाने की आसान विधि
Total Time :40min
Preparation Time : 15min
Cooking Time : 25
Servings : 4
Cooking Level : Low
Course: Desserts
Calories: 400
Cuisine: Indian
Author: Vrinda Srivastava
सामग्री
गेहूं का आटा- 1 कप
खाने वाला गोंद- 3 से 4 बड़े चम्मच
देसी घी- आधा कप
कद्दूकस किया हुआ गुड़ या पिसी चीनी या बूरा- तीन चौथाई कप
काजू और बादाम- 2 बड़े चम्मच
हरी इलायची पाउडर- आधा छोटा चम्मच
जायफल पाउडर- एक चौथाई छोटा चम्मच (ऑप्शनल)
विधि
Step 1 :
सबसे पहले एक कड़ाही में करीब दो बड़े चम्मच देसी घी गर्म करें। घी गर्म होने के बाद इसमें खाने वाला गोंद डाल दें। इसके बाद इसे मीडियम फ्लेम पर लगातार चलाते हुए भून लें। गोंद जब अच्छी तरह फूल जाए और क्रिस्पी हो जाए तो इसे कड़ाही से निकालकर एक प्लेट में रख दें।
Step 2 :
अब गोंद को थोड़ा ठंडा होने दें। ठंडा होने के बाद इसे किसी कटोरी के पेंदे या दूसरे भारी सामान की मदद से दरदरा होने तक कूट लें। इसे बहुत बारीक पाउडर बनाने की जरूरत नहीं है।
Step 3 :
इसके बाद उसी कड़ाही में बचा हुआ देसी घी डाल दें और इसमें एक कप गेहूं का आटा डालें। आटे को भी एकदम लो फ्लेम पर लगातार चलाते हुए भून लें। यहां जल्दबाजी न करें, क्योंकि आटा अच्छी तरह भुना होगा तभी बर्फी में अच्छा स्वाद आएगा।
Step 4 :
जब आटे का रंग थोड़ा सा सुनहरा नजर आने लगे और उसमें से सोंधी खुशबू आने लगे तो इसमें कटे हुए काजू-बादाम या अपनी पसंद के ड्राई फ्रूट्स डाल दें। अब इसमें कुटा हुआ गोंद और इलायची पाउडर भी मिला दें। सभी चीजों को लो फ्लेम पर करीब एक मिनट तक अच्छी तरह मिलाएं।
Step 5 :
अब गैस बंद कर दें और कड़ाही को चूल्हे से नीचे उतार लें। अब इसे थोड़ा ठंडा होने दें। इसके बाद इसमें कद्दूकस किया हुआ गुड़ या पिसी चीनी या बूरा डालें। बस ध्यान रहे कि गुड़ या चीनी को गैस चालू करके नहीं मिलाना है, वरना बर्फी बहुत हार्ड हो जाएगी।
Step 6 :
अब एक प्लेट या बर्फी जमाने वाली ट्रे में थोड़ा घी लगाकर उसे चिकना कर लें। तैयार मिश्रण को इसमें डालें और चम्मच या कटोरी की मदद से इसे अच्छी तरह दबाकर बराबर फैला दें। ऊपर से चाहें तो थोड़े बारीक कटे हुए काजू-बादाम भी डाल सकती हैं।
Step 7 :
अब इसे करीब 15 से 20 मिनट तक सेट होने के लिए रख दें। इसके बाद चाकू से इसे चौकोर या अपनी पसंद के शेप में काट लें। पूरी तरह ठंडा होने के बाद बर्फी के टुकड़ों को प्लेट से निकालें। आपकी आटे और गोंद की स्वादिष्ट बर्फी तैयार है, जिसे जन्माष्टमी पर भोग में रख सकती हैं।
Disclaimer
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।