आज के समय अधिकतर घरों में प्रेशर कुकर में दाल-चावल और सब्जी बनाई जाती है। वहीं पहले के वक्त में दाल और चावल को पकाने के लिए बटुआ या फिर भगोने का इस्तेमाल किया जाता है। इसमें जहां घंटों का समय लगता था। वहीं अब 10-15 में दाल पककर तैयार हो जाती है। मगर क्या आपने कभी सोचा है कि प्रेशर कुकर में दाल मिनटों में कैसे गल जाती है? नीचे लेख में जानें इसके पीछे का वैज्ञानिक कारण-
प्रेशर कुकर में दाल जल्दी कैसे पक जाती है?
प्रेशर कुकर में दाल बहुत जल्दी पक जाती है क्योंकि यह दबाव और तापमान के विज्ञान पर काम करता है। सामान्य बर्तन में जब हम दाल उबालते हैं, तो पानी 100°C पर उबलकर भाप बनकर उड़ जाता है। मगर प्रेशर कुकर पूरी तरह बंद होता है, जिससे उसके अंदर भाप बाहर नहीं निकल पाती।
बढ़ती भाप के कारण कुकर के अंदर दबाव बहुत बढ़ जाता है, जिससे पानी का क्वथनांक 100°C से बढ़कर लगभग 120°C या उससे ज्यादा हो जाता है। अधिक तापमान और दबाव मिलने से दाल के सख्त कण जल्दी गल जाते हैं।
इसे भी पढ़ें- Kitchen Hacks: प्रेशर कुकर की काली और चिपचिपी सीटी मिनटों में चमकेगी, बस अपनाएं यह आसान ट्रिक
खुले बर्तन में दाल पकने में ज्यादा समय क्यों लगता है?
दाल को पकने में ज्यादा समय इसलिए लगता है क्योंकि इसके दाने अंदर से बहुत सख्त होते हैं और इनमें प्रचुर मात्रा में जटिल कार्बोहाइड्रेट, फाइबर और प्रोटीन होते हैं। सामान्य बर्तन में जब हम दाल उबालते हैं, तो पानी अधिकतम 100 डिग्री सेल्सियस पर ही उबलता है और भाप बनकर उड़ जाता है।
इस तापमान पर दाल के कठोर रेशे और प्रोटीन को टूटने में काफी लंबा समय लगता है। इसके अलावा, पुरानी या सूखी दाल में नमी की कमी होती है, जिससे उसे गलने के लिए और अधिक समय और पानी की आवश्यकता होती है
दाल ज्यादा जबकि चावल कम सीटी में कैसे पक जाता है?
दाल को पकने के लिए ज्यादा सीटी की जरूरत होती है, जबकि चावल कम सीटी में जल्दी पक जाता है, क्योंकि दोनों की बनावट अलग होती है। दाल के दाने अंदर से बहुत सख्त होते हैं और उनमें भरपूर मात्रा में प्रोटीन, फाइबर और जटिल कार्बोहाइड्रेट होते हैं। इन कड़े बंधनों को गलने में समय लगता है।
इसके विपरीत, चावल में स्टार्च की मात्रा अधिक होती है जो नमी पाते ही बहुत जल्दी मुलायम हो जाता है। चावल के दाने नाजुक होते हैं, इसलिए प्रेशर कुकर में पानी का दबाव मिलते ही वे तुरंत पक जाते हैं।
इसे भी पढ़ें- दाल-राजमा या फिर छोला भिगोना गई हैं भूल? बर्फ का टुकड़ा मिनटों में करेगा कमाल
अब यकीनन आपको प्रेशर कुकर में दाल जल्दी पकने के बारे में पता चल गया होगा। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit- magnific
