खुशबूदार बिरयानी हो या धीमी आंच पर पकी हुई करी, इनका स्वाद एक बार चखने के बाद भुलाया नहीं जाता है। इस स्वाद के पीछे एक पुरानी कला छिपी है, जिसे दम कुकिंग कहते हैं। इसमें हांडी को आटे से बंद करके खाना पकाया जाता है, ताकि भाप, खुशबू और स्वाद बाहर न निकल सके।
दम बिरयानी का इतिहास
आज दम की बिरयानी को शाही खाने का नाम दिया जाता है। बड़े-बड़े होटलों में इसे बहुत महंगे दाम पर परोसा जाता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस शाही कला की शुरुआत किसी महल से नहीं, बल्कि अकाल की मजबूरी से हुई थी। भूखे लोगों का पेट भरने के लिए शुरू हुआ यह जुगाड़ बाद में नवाबों की पसंद बन गया।
दम कुकिंग आखिर होती क्या है?
दम कुकिंग का मतलब है धीमी आंच पर पकना, बंद बर्तन में खाना पकाना। इसमें हांडी के ऊपर ढक्कन रखकर उसके किनारों को आटे से अच्छी तरह बंद कर दिया जाता है। इससे अंदर की भाप बाहर नहीं निकलती है। खाना अपने ही रस और भाप में पकता है। मसालों की खुशबू भी अंदर ही रह जाती है, इसलिए खाने का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। इसमें बार-बार चलाने की जरूरत नहीं पड़ती और खाना नीचे से जलता भी नहीं है। यही वजह है कि दम पर बना खाना ज्यादा नरम, रसीला और खुशबूदार बनता है।
Photo Credit: Magnific
अकाल से शुरू हुई थी यह कहानी
दम कुकिंग की कहानी अवध से जुड़ी है। बात अठारहवीं सदी के आखिरी समय की है। उस समय अवध में भयंकर अकाल पड़ा था। लोगों के पास खाने को कुछ नहीं था। ऐसे समय में बहुत सारे लोगों के लिए एक साथ खाना बनाना बड़ी चुनौती थी। तब बड़ी-बड़ी हांडियों में चावल, दाल, सब्जियां, मांस और मसाले एक साथ डाल दिए गए। हांडी को बंद करके धीमी आंच पर रख दिया गया। इससे कम ईंधन में ज्यादा लोगों के लिए खाना तैयार हो जाता था। खाना भी पौष्टिक बनता था और स्वाद भी अच्छा रहता था। मजबूरी में शुरू हुआ यह तरीका लोगों को इतना पसंद आया कि अकाल खत्म होने के बाद भी यह तरीका खत्म नहीं हुआ।
नवाबों की रसोई तक कैसे पहुंचा दम?
अवध के शाही खानसामों ने जब इस तरीके से बना खाना चखा तो वे हैरान रह गए। बंद हांडी में पके खाने में गहरा स्वाद और तेज खुशबू थी। उन्होंने इस जुगाड़ को और बेहतर बनाना शुरू किया। मसालों को और ध्यान से चुना जाने लगा। मांस को पहले से अच्छी तरह मेरिनेट किया जाने लगा। खुशबूदार बासमती चावल का इस्तेमाल होने लगा। धीरे-धीरे दम कुकिंग अवधी खाने की पहचान बन गई। नवाबों के दस्तरखान पर दम की बिरयानी, दम का मुर्ग और दम के कबाब परोसे जाने लगे। जो कला कभी आम लोगों का पेट भरने के लिए बनी थी, वह अब शाही शान का प्रतीक बन गई।
Photo Credit: Magnific
घर पर बनाएं क्लासिक चिकन दम बिरयानी
दम बिरयानी टेस्ट के साथ-साथ बहुत ही ज्यादा पौष्टिक भी होती है।
सामग्री
- चावल: 2 कप बासमती चावल, 30 मिनट तक भिगोया हुआ
- चिकन: 500 से 700 ग्राम
मेरिनेशन के लिए
- 4 चम्मच दही
- 2 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
- 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 चम्मच कश्मीरी मिर्च पाउडर
- आधा चम्मच हल्दी
- 1-2 चम्मच बिरयानी मसाला
- पुदीना
- धनिया
- तली हुई प्याज
- 1 चम्मच नींबू का रस और नमक
खड़े मसाले
- तेजपत्ता
- हरी इलायची
- लौंग
- दालचीनी
- शाही जीरा
- चक्रफूल
लेयरिंग के लिए
- दूध में भिगोया केसर
- देसी घी
- तली प्याज
- केवड़ा या गुलाब जल
Photo Credit: Magnific
दम बिरयानी बनाने का आसान तरीका
अगर आप भी होटल जैसी दम बिरयानी घर बनानी चाहती हैं, तो यहां नोट करें बनाने की आसान विधि
1. चिकन को मेरिनेट करें
चिकन को साफ करके उसमें दही, अदरक-लहसुन पेस्ट, सारे मसाले, आधी तली प्याज, पुदीना, धनिया, नींबू का रस, नमक और थोड़ा तेल मिलाएं। इसे 1 से 3 घंटे के लिए रख दें। रातभर फ्रिज में रखेंगे तो स्वाद और भी अच्छा आएगा।
2. चावल को आधा पकाएं
बड़े बर्तन में पानी उबालें। उसमें खड़े मसाले और नमक डालें। भिगोया हुआ चावल डालकर 70 से 80 प्रतिशत तक पकाएं। चावल में हल्की कसर रहनी चाहिए। फिर पानी छान लें।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश के खाने में क्यों किया जाता है सबसे ज्यादा लौंग और काली मिर्च का इस्तेमाल? जानें इसके पीछे की वजह
3. बिरयानी की लेयर लगाएं
भारी तले वाले बर्तन में नीचे मेरिनेट किया हुआ चिकन रखें। उसके ऊपर आधा पका चावल बिछाएं। ऊपर से केसर वाला दूध, घी, बाकी तली प्याज, पुदीना और धनिया डालें।
4. दम पर पकाएं
बर्तन को ढक्कन से बंद करें और किनारों को आटे से सील कर दें। तेज आंच पर 5 से 8 मिनट पकाएं, फिर आंच बिल्कुल धीमी करके 15 से 20 मिनट दम पर रखें। गैस बंद करके 10 से 15 मिनट ऐसे ही छोड़ दें। इसके बाद ढक्कन खोलें।
Photo Credit: Magnific
दम कुकिंग की कहानी हमें सिखाती है कि बड़ी चीजें अक्सर छोटी मजबूरी से शुरू होती हैं। अकाल में भूख मिटाने के लिए शुरू हुआ यह तरीका आज भारत की सबसे सम्मानित खाने की कला बन गया है। इसमें धैर्य है, सादगी है और स्वाद है। अगर आपने कभी घर पर दम बिरयानी नहीं बनाई है तो इस बार जरूर बनाकर देखें।
यह भी पढ़ें- Hari Matar Roti Recipe: बेसन नहीं, सर्दियों में बनाएं हरी मटर की रोटी; जानें बनाने का सरल तरीका
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
