हिमाचल प्रदेश अपनी खूबसूरत वादियों, पहाड़ों और घूमने-फिरने की जगहों के लिए काफी फेमस है। शिमला और मनाली जैसी जगहों पर हर साल बड़ी संख्या में लोग घूमने के ल‍िए आते हैं, लेकिन यहां की पहचान सिर्फ खूबसूरत नजारों तक ही नहीं है। हिमाचल के कुछ इलाकों में ऐसी पुरानी परंपराएं भी हैं, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं।

दरअसल, ह‍िमाचल में ऐसा त्योहार भी मनाया जाता है, जिसमें भगवान की जगह परियों को याद किया जाता है। इतना ही नहीं, इस उत्सव में दो पुरुष दूल्हा और दुल्हन बनकर एक अनोखी शादी भी करते हैं। इस परंपरा को रौलाणे उत्सव कहा जाता है। आइए इस उत्‍सव के बारे में जानते ह‍ैं व‍िस्‍तार से-

image credit- pinterest/Himalayan Dream Treks | Best Trekking Company in India

क्या है हिमाचल प्रदेश का रौलाणे उत्सव?

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में कल्पा नाम का एक गांव है। यहां हिंदू और बौद्ध धर्म से जुड़ी परंपराएं एक साथ देखने को मिलती हैं। इस गांव की अपनी अलग पहचान है और रौलाणे उत्सव भी इसी की खास संस्कृति का हिस्सा है। बताया जाता है कि यह त्योहार करीब 5000 साल से मनाया जा रहा है। यह करीब 5 से 7 दिनों तक चलता है।

इस उत्सव के पीछे की कहानी को लेकर कोई पक्का सबूत नहीं मिला है, लेक‍िन मान्यता है कि सर्दियों के दौरान सौणी परियां गांव को छोटी-बड़ी मुसीबतों से बचाती हैं। जब सर्दियां खत्म होकर वसंत का मौसम शुरू होता है, तो गांव के लोग इन परियों का शुक्रिया अदा करते हैं और उन्हें विदा करते हैं।

इस शादी में दूल्हा और दुल्हन दोनों होते हैं पुरुष

रौलाणे उत्सव की सबसे खास बात इसकी शादी की परंपरा है। इसमें दूल्हा और दुल्हन की भूमिका दो पुरुष निभाते हैं। दूल्हे को रौला और दुल्हन को रौलाणे कहा जाता है। यह असली शादी नहीं बल्कि एक खास रस्म है। दोनों पुरुषों को इस मौके पर खास कपड़े और गहने पहनाए जाते हैं।

  • रौला यानी दूल्हा: वह लाल रंग का हिमाचली गच्छी और ऊनी कपड़े पहनता है। चेहरे पर नकाब लगाया जाता है और हाथ में बचाव के लिए राकस यानी छुरी रखी जाती है।
  • रौलाणे यानी दुल्हन: उसे कत्थी, चोली और कमरबंद पहनाया जाता है। सिर पर फूलों से सजा मुकुट होता है। इसके साथ डागलो, बिटरी और कौंताई जैसे चांदी के गहने भी पहनाए जाते हैं।

image credit- pinterest/darshita

नागिन नारायण मंदिर में मनाया जाता है यह उत्सव

रौलाणे उत्सव के दौरान रौला और रौलाणे ह‍िमाचल के ट्रेडि‍शनल कपड़े पहनकर उत्सव की जगह पर पहुंचते हैं। यहां दोनों धीमे कदमों से रौलाणी नृत्य करते हैं। इसके बाद ढोल और दमाऊ की आवाज के साथ पूरे गांव में जुलूस निकाला जाता है। इस जुलूस की एक और खास बात है क‍ि इसमें जौ का आटा छिड़का जाता है। इससे पूरे उत्सव का माहौल होली जैसा लगता है।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Pinterest/illusions_by_mario