सावन का महीना भगवान शिव की पूजा के लिए सबसे खास होता है। इस दौरान देशभर के शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को म‍िलती है। ऐसे अगर आप भी इस सावन कहीं घूमने के साथ-साथ भोलेनाथ के दर्शन करना चाहती हैं, तो ह‍िमाचल प्रदेश एक बढ़‍िया ऑप्‍शन हो सकता है। यहां ऐसे कई मंद‍िर हैं जो ऊंचाई पर बने हुए हैं। इन मंद‍िरों तक पहुंचने का सफर भी उतना ही खूबसूरत होता है ज‍ितने सुंदर वहां के नजारे होते हैं।

कहीं देवदार के जंगल म‍िलते हैं तो कहीं बादलों से ढकी चोट‍ियां देखने को म‍िलती हैं। सावन में तो यहां का माहौल और भी खास हाे जाता हे। ताे अगर आप भी इस बार श‍िव दर्शन के साथ यादगार ट्र‍िप प्‍लान करना चाहती हैं तो ह‍िमाचल प्रदेश के इन प्र‍स‍िद्ध शि‍व मंदि‍रों को अपनी ट्रैवल लि‍स्‍ट में जरूर शाम‍िल करें।

श्रीखंड महादेव

श्रीखंड महादेव हिमाचल प्रदेश की सबसे प्रसिद्ध शिव यात्राओं में से एक है। यह कुल्लू में है। यहां भगवान शिव का पवित्र शिखर है, जहां तक पहुंचने के लिए आपको काफी कठ‍िन ट्रैक करना पड़ता है। सावन में तो यहां बड़ी संख्या में लोग आते हैं। हालांक‍ि, खराब मौसम होने पर प्रशासन की ओर से यात्रा के ल‍िए रोका भी जा सकता है, इसलिए जाने से पहले मौसम का अपडेट जरूर ले लें। बता दें क‍ि समुद्र तल से इस मंद‍िर की ऊंचाई 18,570 फीट ह‍ै।

बिजली महादेव मंदिर

कुल्लू में ऊंचे पहाड़ पर बना बिजली महादेव मंदिर हिमाचल का सबसे फेमस शिव मंदिर है। यह मंदिर करीब 2,460 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। यहां से कुल्लू और पार्वती वैली का खूबसूरत नजारा साफ द‍िखाई देता है। इस मंदिर की सबसे बड़ी मान्‍यता यह है क‍ि समय-समय पर यहां शिवलिंग पर बिजली गिरती है। इसके बाद पुजारी पारंपरिक तरीके से शिवलिंग को फिर से जोड़ते हैं। यही वजह है कि इस मंदिर का नाम बिजली महादेव रखा गया।

यह भी पढ़ें- Lord Shiva Temple Near Lansdowne: 5900 फीट की ऊंचाई पर है महादेव का यह मंद‍िर, शिव भक्त हैं तो इस गर्मी घूम आएं आप

बैजनाथ शिव मंदिर

ह‍िमाचल के कांगड़ा जिले में बैजनाथ मंदिर भी है जो भगवान शिव को समर्पित है। आपको बता दें क‍ि यह धौलाधार पर्वत की तलहटी में बना हुआ है। भोलेनाथ का यह मंदिर अपनी खूबसूरत पत्थर की नक्काशी और पुराने इतिहास के लिए जाना जाता है। ऐसा कहा जाता है क‍ि रावण ने भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए यहीं पर तपस्या की थी। सावन में यहां बड़ी संख्या में लोग दर्शन करने आते हैं।

मणिमहेश

चंबा जिले में स्थित मणिमहेश भगवान शिव का सबसे पवित्र स्थल है। यहां मणिमहेश लेक और उसके पीछे दिखाई देने वाली मणिमहेश पीक बहुत ही खूबसूरत लगती है। सावन और जन्माष्टमी के आसपास यहां मणिमहेश यात्रा भी निकाली जाती है। मणिमहेश कैलाश चोटी की ऊंचाई समुद्र तल से करीब 5,653 मीटर बताई जाती है।

यह भी पढ़ें- 4 दिनों में घूम लेंगी महाराष्ट्र के ये 3 बड़े शिव मंदिर, नोट करें लें यह आसान ट्रैवल गाइड

अर्द्धनारीश्वर मंदिर, मंडी

ह‍िमाचल के मंडी शहर को छोटी काशी भी कहा जाता है क्योंकि यहां कई प्राचीन मंदिर हैं। इन्हीं में से एक अर्द्धनारीश्वर मंदिर भी है, जो भगवान शिव और माता पार्वती की शक्‍त‍ि का प्रतीक है। पहाड़ों के बीच बसे इस शहर का धार्मिक माहौल सावन के समय और भी ज्‍यादा खास हो जाता है।

यात्रा पर निकलने से पहले रखें इन बातों का ध्यान

अगर आप सावन में हिमाचल के ऊंचाई वाले शिव मंदिरों में जाने का प्लान बना रहे हैं, तो मौसम की जानकारी पहले जरूर लें। क्‍योंक‍ि बारिश के कारण कई जगह सड़कें फिसलने वाली हो सकती हैं। इसल‍िए अच्‍छी ग्र‍िप वाले जूते पहनें। साथ में रेनकोट या छाता जरूर रखें और ट्रैकिंग वाले मंदिरों पर तभी जाएं जब आप फ‍िज‍िकली फ‍िट हों।

तो अगर आप भी इस सावन अपनी ट्र‍िप को यादगार बनाना चाहती हैं तो ह‍िमाचल प्रदेश के इन श‍िव मंद‍िरों के दर्शन जरूर करें। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit-incredible india