सावन का महीना भगवान शिव का सबसे पवित्र समय माना जाता है। सावन में आपको नोएडा के लगभग हर शिव मंदिर में भक्तों की भीड़ देखने को मिलेगी। भक्त सुबह से ही मंदिरों में लाइन लगाकर खड़े रहते हैं। वैसे तो नोएडा में कई प्राचीन और प्रसिद्ध शिव मंदिर है, लेकिन ग्रेटर नोएडा में एक ऐसा मंदिर है, जिसे सावन के महीने में भक्तों के दर्शन के लिए सबसे खास माना जाता है। यह मंदिर कहां है और क्यों खास है, इसके बारे में हम विस्तार से जानकारी देंगे।
ग्रेटर नोएडा में कहां है भोलेनाथ का सबसे खास मंदिर?
यह मंदिर ग्रेटर नोएडा के बिसरख गांव में स्थित है। मंदिर का नाम प्राचीन शिव मंदिर है, जिसका संबंध रावण से जोड़कर देखा जाता है। बिसरख गांव को रावण का जन्मस्थल माना जाता है। वाल्मीकि रामायण के ग्रथों के अनुसार रावण के पिता ऋषि विश्रवा और माता कैकेसी का आश्रम इसी गांव में था। यही कारण है कि इस मंदिर को शिव पूजा के लिए सबसे खास जगह मानी जाती है। रावण भोलेनाथ के सबसे बड़े भक्त माने जाते हैं।
प्राचीन शिव मंदिर कहां है?
यह मंदिर ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख जलालपुर गांव में सेक्टर-1 में स्थित है। यहां पहुंचना आसान है, क्योंकि यहां की सड़कें अच्छी हैं।
इसे भी पढ़ें- सावन में लखनऊ से ऐसे करें उज्जैन की यात्रा, जानें बेस्ट रूट और पूरा ट्रैवल प्लान
प्राचीन शिव मंदिर कैसे पहुंचें?
- अगर आप दिल्ली से आ रही हैं, तो नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे या NH-9 के रास्ते से यहां आ सकती हैं, यहां पहुंचने में आपको लगभग 1 से 1.5 घंटे का समय लग जाएगा। ध्यान रखें कि शाम के समय आपको ट्रैफिक भी मिल सकता है।
- नोएडा से आने का प्लान बना रहे भक्त सेक्टर 62, सेक्टर 71 या गौर सिटी से कैब या ऑटो लेकर यहां आ सकती हैं। अगर आप मेट्रो से आ रही हैं, तो आप 52 या 59 मेट्रो स्टेशन पर उतरकर ऑटो ले लें।
- मेट्रो से सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन नोएडा सेक्टर 52 है। वहां से ऑटो या कैब लेकर बिसरख गांव पहुंचना होगा। दोनों के बीच दूरी लगभग 11 किमी की है, जिसमें आपको 30 से 45 मिनट लग जाएंगे।
प्राचीन शिव मंदिर से जुड़ी जरूरी जानकारी
मंदिर में आपको प्राचीन शिवलिंग पर जल चढ़ाने का मौका मिलेगा। सावन में भीड़ ज्यादा रहती है, इसलिए सुबह आने वाले भक्त समय का ध्यान रखें। मंदिर में आपको पूरे शिव परिवार की प्रतिमाओं के साथ-साथ अन्य देवताओं के भी दर्शन करने का मौका मिलेगा।
- मंदिर सुबह 5:00 बजे से 12:00 बजे तक खुला रहता है।
- शाम को 4 बजे से रात 9 बजे तक आप दर्शन के लिए जा सकती हैं।
मंदिर में दर्शन करने जा रहे भक्तों के लिए सुबह 6 से8 बजे के बीच पहुंचना बेहतर रहेगा, क्योंकि बाद में काफी भीड़ हो जाती है। आप सुबह नहीं जा पा रही हैं, तो शाम के समय दर्शन के लिए जाएं। सोमवार के दिन यहां आना शुभ माना जाता है।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
Image Credit: Magnific
