Soan Papdi Storage Tips: दिवाली का त्योहार आते ही घर में मिठाइयों के डिब्बे जमा होने लगते हैं। कोई रिश्तेदार सोन पापड़ी दे जाता है, तो कोई दोस्त मिठाई का पैकेट थमा देता है। त्योहार की भागदौड़ में कई बार ये डिब्बे रसोई की अलमारी में ही रखे रह जाते हैं और कुछ दिन बाद याह आता है कि क्या अब भी इन्हें खाना सेफ है? खासकर सोन पापड़ी जिसे देखकर लगता है कि यह लंबे समय तक चलेगी। आइए उसकी असली शेल्फ लाइफ जानते हैं।

मैसूर स्थित केंद्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी अनुसंधान संस्थान (CFTRI) की रिसर्च में सोन पापड़ी की शेल्फ लाइफ बताई गई है। सोन पापड़ी की शेल्फ लाइफ लगभग 12 दिन की होती है। हालांकि, यह आंकड़ा शोध में इस्तेमाल किए गए उत्पाद और परिस्थितियों से संबंधित है। बाजार में मिलने वाली हर सोन पापड़ी के लिए इसे एक निश्चित समय सीमा नहीं माना जा सकता। ऐसे में दिवाली पर मिली सोन पापड़ी को कितने दिन तक खाना चाहिए, इसे स्टोर करने का सही तरीका क्या है और किन संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए? आइए जानते हैं।

सोन पापड़ी कितने दिन तक रखकर खा सकते हैं?

सोन पापड़ी को कितने दिन तक खाया जा सकता है, इसका जवाब उसके निर्माण के तरीके, सामग्री, पैकेजिंग और स्टोरेज पर निर्भर करता है। इसलिए सभी सोन पापड़ी के लिए एक ही समय सीमा तय करना सही नहीं है।

CFTRI के शोध में सामान्य सोन पापड़ी की शेल्फ लाइफ लगभग 12 दिन बताई गई थी। दूसरी ओर, शोध में विशेष परिस्थितियों में पैक किए गए उत्पाद को ज्यादा समय तक सेफ रखने की संभावना भी देखी गई। इसका मतलब यह नहीं है कि बाजार से खरीदी गई हर सोन पापड़ी कई महीनों तक खा सकते हैं।

image credit- Pinterest (sutarfeni)

दिवाली पर सोन पापड़ी खाते समय इन बातों का ध्यान रखें

दीवाली के समय हर किसी के यहां काफी सोन पापड़ी आती है कुछ लोग किसी को दे देते हैं, तो कुछ घर में ही खाई जाती है।

  • पैकेट पर लिखी मैन्युफैक्चरिंग डेट और बेस्ट बिफोर या यूज बाय तारीख जरूर देखें।
  • पैकेट खुला हुआ है या उसकी सील टूटी है, तो उसकी स्थिति जांचें।
  • घर में बनी सोन पापड़ी और बाजार में मिलने वाली पैक्ड सोन पापड़ी की शेल्फ लाइफ अलग हो सकती है।
  • अगर मिठाई में फफूंद या रंग में बदलाव दिखाई दे, तो उसे न खाएं।

सोन पापड़ी को स्टोर करने का सही तरीका क्या है?

सोन पापड़ी की खासियत उसकी हल्की और परतदार बनावट है, लेकिन नमी के संपर्क में आने पर इसकी बनावट बदल सकती है। इसीलिए दिवाली पर सोन पापड़ी को स्टोर करते समय इन तरीकों को अपनाएं।

1- एयरटाइट डिब्बे में रखें

अगर सोन पापड़ी का पैकेट खोल दिया है, तो इसे साफ और सूखे एयरटाइट डिब्बे में रखें। इससे मिठाई बाहरी नमी और धूल के संपर्क में नहीं आएगी।

image credit- Pinterest (zainab ahmad)

2- गैस और धूप से दूर रखें

सोन पापड़ी को गैस स्टोव, ओवन या ऐसी जगह के पास न रखें जहां गर्मी और भाप आती है। रसोई की गर्म और नम जगह इसकी गुणवत्ता प्रभावित कर सकती है।

3- बार-बार पैकेट न खोलें

दिवाली पर मेहमानों के आने-जाने के दौरान मिठाई का डिब्बा बार-बार खुलता है। इससे सोन पापड़ी हवा और नमी के संपर्क में आती है। इसलिए जितनी मिठाई परोसनी हो, उतनी ही निकालें और डिब्बा तुरंत बंद कर दें।

4- साफ और सूखे हाथों से निकालें

मिठाई निकालने के लिए हमेशा साफ और सूखे हाथों या साफ चम्मच का इस्तेमाल करें। गीले हाथों से मिठाई छूने या डिब्बे में पानी की बूंदें पहुंचने से बचें।

image credit- Pinterest (zainab ahmad)

क्या सोन पापड़ी को फ्रिज में रखना चाहिए?

सोन पापड़ी को फ्रिज में रखना जरूरी है या नहीं, इसका फैसला उत्पाद के लेबल पर दिए गए निर्देशों के अनुसार करना चाहिए। हर सोन पापड़ी के लिए फ्रिज में रखने का एक जैसा नियम नहीं है।

अगर पैकेट पर फ्रिज में रखने की सलाह दी गई है, तो उसका पालन करें। वहीं, अगर उत्पाद को सामान्य तापमान पर रखने के निर्देश हैं, तो उसे ठंडी, सूखी और साफ जगह पर रखें।

दिवाली पर मिठाई खरीदते समय कौन-सी गलती न करें?

त्योहार पर मिठाइयों की खरीदारी करते समय अक्सर लोग सिर्फ कीमत, स्वाद और पैकेट की सुंदरता पर ध्यान देते हैं, लेकिन मिठाई कितने दिन तक खाने योग्य रहेगी, यह जानना भी उतना ही जरूरी है।

FSSAI के निर्देशों के अनुसार, पैक्ड मिठाइयों पर निर्माण की तारीख और बेस्ट बिफोर या यूज बाय तारीख जैसी जानकारी दी जानी चाहिए। खुले में बिकने वाली मिठाइयों के लिए भी बिक्री के स्थान पर उनकी शेल्फ लाइफ से संबंधित जानकारी होनी चाहिए।

इस साल ऊपर बताए गए तरीकों को फॉलो कर आप सोन पापड़ी सही से रख सकती हैं। आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

mai image credit- Pinterest (Boldsky)