घर पर तैयार किए गए मसालों की खुशबू और स्वाद दोनों ही अलग होते हैं। खासतौर पर जब साबुत लाल मिर्च को घर पर पीसा जाता है, तो सब्जी का रंग और तीखापन बाजार के मिलावटी मसालों से कहीं बेहतर आता है, लेकिन लाल मिर्च को मिक्सी में पीसना किसी चुनौती से कम नहीं होता। जैसे ही मिक्सी का ढक्कन खुलता है, हवा में उड़ती तीखी मिर्च की वजह से पूरे घर में तेजी से धसक, छींक और गले में जलन शुरू हो जाती है। कई बार तो हाथों और आंखों में भी भयंकर जलन होने लगती है। अगर आप भी इस परेशानी के डर से घर पर मिर्च पीसने से कतराती हैं, तो अब चिंता करने की जरूरत नहीं है। रसोई में मौजूद एक साधारण सी चीज की बस एक बूंद इस पूरी समस्या को दूर कर सकती है। जानते हैं आगे...

लाल मिर्च पीसते समय क्यों उठती है धसक?

जब सूखी लाल मिर्च को मिक्सी के जार में तेज पीसते हैं, तो उसके बारीक कण और बीज हवा में तेजी से फैलने लगते हैं। मिर्च में मौजूद कैप्साइसिन नाम का तत्व हवा में उड़कर सांस के जरिए हमारी नाक और गले तक पहुंच जाता है। हवा में उड़ते बारीक कणों के कारण चेहरे, आंखों और हाथों में तेज जलन महसूस होने लगती है।

धसक और जलन से बचने की ट्रिक

इस परेशानी से बचने के लिए आपको किसी खास सामान की जरूरत नहीं है। आपकी रसोई में मौजूद तेल और नमक का यह आसान उपाय कमाल कर सकता है-

  • मिर्च को जार में डालने के बाद उसमें सरसों का तेल की केवल 1 बूंद डाल दें।
  • इसके साथ ही चुटकी भर साधारण नमक मिला दें।

कैसे काम करता है यह तरीका: तेल मिर्च के बारीक कणों में नमी बनाकर उन्हें भारी कर देता है, जिससे पीसते वक्त पाउडर हवा में नहीं उड़ता। वहीं नमक मिर्च के रंग को बरकरार रखने में मदद करता है।

यह भी पढ़ें- Homemade Red Chilli Powder: हरी मिर्ची से घर पर ऐसे बनाएं लाल मिर्च पाउडर, जानिए तरीका

मिक्सी चलाते समय बरतें ये सावधानियां

मिक्सी चलाते वक्त की गई कुछ गलतियां भी जलन और धसक के लिए जिम्मेदार हो सकती हैं-

  • जार तुरंत न खोलें: मिर्च पीसने के तुरंत बाद मिक्सी का ढक्कन कभी न खोलें। जार को 2 से 3 मिनट तक बंद ही रहने दें ताकि अंदर जमा पाउडर नीचे बैठ जाए।
  • गीले हाथों से बचें: मिर्च पीसते समय हाथों में नमी न होने दें और पीसने के तुरंत बाद साबुन से हाथ अच्छे से धो लें।

इस लेख के माध्यम से पता चलता है कि घर पर शुद्ध और केमिकल-मुक्त लाल मिर्च पाउडर तैयार करना बेहद आसान है। बस अगली बार जब भी आप सूखी लाल मिर्च पीसने लगें, तो जार में 1 बूंद तेल और थोड़ा सा नमक डालना न भूलें। 

यह भी पढ़ें- Red Chilli Substitutes: लाल मिर्च खत्‍म हो गई है? कोई बात नहीं! क‍िचन में रखी इन 6 चीजों से भी खाना बनेगा स्‍पाइसी

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: magnific