आजकल ज्यादातर घरों में चाय, कॉफी या गर्म पानी तैयार करने के लिए इलेक्ट्रिक केतली का इस्तेमाल किया जाता है। इससे कुछ ही मिनटों में पानी गर्म हो जाता है और गैस जलाने की जरूरत भी नहीं पड़ती। लेकिन लगातार इस्तेमाल करने की वजह से धीरे-धीरे केतली की तली में काली परत, सफेद दाग और गंदगी जमने लगती है। कई बार इसे सामान्य पानी से धोने पर भी साफ करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में लोग नई केतली खरीदने या महंगे क्लीनर इस्तेमाल करने के बारे में सोचने लगते हैं, लेकिन आप रसोई में रखे बेकिंग सोडा की मदद से इसे आसानी से साफ कर सकती हैं। नीचे लेख में पढ़ें इलेक्ट्रिक केतली (Electric Kettle Cleaning Hacks) की तली में जमी काली परत को हटाने का तरीका।
इलेक्ट्रिक केतली की तली में क्यों जमती है काली परत?
इलेक्ट्रिक केतली में रोजाना पानी गर्म करने से उसकी तली पर धीरे-धीरे गंदगी और खनिजों की परत जम सकती है। खासकर हार्ड वाटर का इस्तेमाल करने पर कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे मिनरल्स सफेद या भूरे रंग की परत बना देते हैं। वहीं, लंबे समय तक सफाई नहीं करने और बार-बार इस्तेमाल करने से कुछ जगहों पर काले निशान भी दिखाई देने लगते हैं। ऐसे में केतली की समय-समय पर सफाई करना जरूरी है।
Image Credit-herzindagi
इलेक्ट्रिक केटल में जमी काली गंदगी को कैसे साफ करें?
बेकिंग सोडा एक सस्ती और आसानी से मिलने वाली चीज है, जिसका इस्तेमाल घर की कई तरह की सफाई में किया जाता है। केतली की तली पर जमी हल्की गंदगी और दाग हटाने के लिए भी इसका इस्तेमाल कर सकती हैं। नीचे पढ़ें Electric Kettle साफ करने का तरीका-
Image credit-herzindagi
Electric Kettle साफ करने के लिए क्लीनिंग पेस्ट बनाने का तरीका
- बेकिंग सोडा- 2 चम्मच
- कटोरी-1
- पानी-जरूरत के अनुसार
पेस्ट बनाने का प्रोसेस
- सबसे पहले एक छोटी कटोरी में 2 चम्मच बेकिंग सोडा लें।
- अब उसमें थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें।
क्लीनिंग पेस्ट इस्तेमाल का तरीका
- सबसे पहले केतली को साफ पानी से धोकर सुखा लें।
- अब पेस्ट को केतली की अंदरूनी तली पर जमी काली परत के ऊपर लगाएं।
- ध्यान रखें कि पेस्ट केतली के इलेक्ट्रिकल हिस्सों या बाहरी कनेक्टर में न जाए।
- इसे रातभर लगा रहने दें। अगर पूरी रात का समय नहीं है, तो 1 घंटा काफी है।
- इसके बाद मुलायम स्पंज की मदद से हल्के हाथों से सफाई करें।
- किसी नुकीली चीज या लोहे के स्क्रबर का इस्तेमाल बिल्कुल न करें।
- बेकिंग सोडा से सफाई करने के बाद केतली को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें।
- इसके बाद उसमें पानी भरकर एक बार उबालें और उस पानी को फेंक दें।
- ऐसा करने से बेकिंग सोडा का बचा हुआ हिस्सा बाहर निकल जाएगी।
- अब केतली को दोबारा साफ पानी से धोकर इस्तेमाल करें।
केतली में जमी सफेद परत को हटाने का दूसरा तरीका अपनाएं
अगर आपकी इलेक्ट्रिक केतली में काली गंदगी की जगह सफेद और सख्त परत जमी है, तो यह हार्ड वाटर के कारण बना मिनरल स्केल हो सकता है। इसे हटाने के लिए निर्माता के निर्देशों के अनुसार सफेद सिरके या साइट्रिक एसिड का इस्तेमाल किया जा सकता है। सफाई के लिए हमेशा केतली के मैनुअल में दिए गए निर्देशों का पालन करें।
Image Credit-shutterstock
केतली को लंबे समय तक नया जैसा बनाएं रखने के लिए क्या करें?
केतली की सफाई के लिए हमेशा मुलायम स्पंज का इस्तेमाल करें। इस्तेमाल के बाद बचा हुआ पानी निकाल दें और केतली को सूखने दें। कोशिश करें कि इसमें लंबे समय तक पानी भरकर न रखें। नियमित सफाई करने से तली में गंदगी और मिनरल्स की मोटी परत जमने की परेशानी कम हो सकती है।
इसे भी पढ़ें- 2 मिनट में बनाएं 200 रुपये वाला Dish Soap Liquid Dispenser, बस 3 चीजों की पड़ेगी जरूरत
निष्कर्ष
इस तरीके से आप बिना किसी परेशानी के आसानी से इलेक्ट्रिक केटल को साफ कर सकती हैं। मगर ध्यान दें कि अगर केतली में जमी काली परत बहुत पुरानी है, तो यह तरीका कम असरदार हो सकता है। । अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit-shutterstock
