Chane Ka Achar Recipe: दाल-सब्जी चाहे कितनी भी अच्छी बनी हो, थाली तब तक अधूरी लगती है जब तक उसमें एक चम्मच चटपटा अचार ना हो और अगर बात चने के अचार (Chane Ka Achar Recipe) की हो तो स्वाद दोगुना हो जाता है। कच्चे आम की खटास, सरसों के तेल की खुशबू और भुने मसालों का तड़का, ये तीनों मिलकर ऐसा अचार बनाते हैं जिसे एक बार खाने के बाद लोग रेसिपी जरूर पूछते हैं। अच्छी बात यह है कि ये काफी जल्दी बन जाता है। बस कुछ चीजों का ध्यान रखना है और आपका अचार साल भर तक खराब भी नहीं होगा।
चने का अचार बनाने के लिए सामग्री (Chane Ka Achar Ingredients)
घर में चने का अचार बनाने के लिए सबसे पहले आप नीचे दिए गए सामान को अलग कर लें।
- चना: आधा कप, काबुली या काला, कोई भी ले सकते हैं
- कच्चा आम: डेढ़ कप, कद्दूकस किया हुआ
- सरसों का तेल: 0.25 कप
- सौंफ: 1 चम्मच
- मेथी दाना: 1 चम्मच + मेथी पाउडर 1 चम्मच
- कलौंजी: 1 छोटा चम्मच
- हींग: आधा छोटा चम्मच
- हल्दी: 1 छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर: 1 चम्मच
- नमक: स्वादानुसार
image credit- ai
चने का अचार बनाने की विधि
चने का अचार बनाना काफी आसान है। नीचे बताए गए स्टेप को फॉलो कर आप चटपटा अचार बना सकती हैं।
- सबसे पहले चने को रातभर पानी में भिगो दें। सुबह पानी निकालकर चने को साफ कपड़े पर फैला दें। पंखे के नीचे रखकर पूरी तरह सुखा लें। अचार में पानी बिल्कुल नहीं रहना चाहिए, नहीं तो वो जल्दी खराब हो जाएगा।
- कद्दूकस किए हुए आम में थोड़ी हल्दी और नमक मिलाकर आधे घंटे के लिए रख दें। इसके बाद हाथ से दबाकर इसका सारा पानी निकाल दें। इस खट्टे पानी को फेंकें नहीं, बाद में काम आएगा। आम को फ्रिज में रातभर रख दें।
- कड़ाही में सौंफ, मेथी दाना और कलौंजी को हल्की आंच पर भूनें। जैसे ही खुशबू आने लगे, गैस बंद कर दें। ठंडा होने पर इन्हें दरदरा पीस लें। बारीक पाउडर नहीं बनाना है, दरदरा ही स्वाद देता है।
- सरसों के तेल को कड़ाही में तब तक गर्म करें जब तक उसमें से धुआं ना उठने लगे। इससे तेल की कड़वाहट खत्म हो जाती है। अब इसे पूरी तरह ठंडा होने दें। गर्म तेल अचार में कभी नहीं डालना है।
- एक बड़े कांच के बर्तन में सूखे चने, आम, पिसे मसाले, मिर्च, हींग और नमक डालें। ऊपर से ठंडा किया हुआ तेल डालकर अच्छी तरह मिलाएं। हर दाने पर तेल और मसाला लग जाना चाहिए।
- अचार को साफ और सूखे कांच के जार में भर दें। ऊपर से पतला कपड़ा बांधकर 5 से 7 दिन धूप में रखें। रोज एक बार चम्मच से हिला दें। चने में आम का खट्टापन और मसाला पूरी तरह उतर जाएगा।
image credit- pinterest (MPC)
चने के अचार में बाजाj वाला स्वाद
हम आपको चने के अचार का सीक्रेट बताएंगे, जो हलवाई नहीं बताते। असली स्वाद आम के पानी में छपा होता है। जिसे लोग फेंक देते हैं, उसी खट्टे पानी में मेथी को 2 घंटे भिगोकर फिर अचार में मिलाएं। इससे अचार में बाजार जैसी खटास और खुशबू आती है और चने भी जल्दी नरम हो जाते हैं।
चने के अचार बनाते वक्त ध्यान रखने वाली 4 बातें
चने के अचार को बनाते वक्त नीचे दी गई बातों का जरूर ख्याल रखें, वरना अचार जल्दी खराब हो जाएगा।
- अचार बनाते समय हाथ, बर्तन और जार बिल्कुल सूखे होने चाहिए।
- एक बूंद पानी भी पूरा अचार खराब कर सकता है।
- निकालने के लिए हमेशा सूखी चम्मच ही इस्तेमाल करें।
- चने वाला अचार फ्रिज में रखें या तेल में डूबा हुआ रखें, तभी ये लंबे समय तक चलेगा।
यह भी पढ़ें- Mooli Achar Recipe: आम और नींबू का नहीं, इस बार मूली का चटपटा अचार घर पर मिनटों में बनाएं
ऊपर बताए गए तरीको से आप अच्छा और चटपटा अचार बना सकती हैं और यह खाने के स्वाद को भी बढ़ाएगा।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
main image credit- ai
