विदेश में हनीमून पर जाना है, तो मलेशिया की एडवेंचर कैपिटल लैंगकावी और हॉलीवुड नगरी लॉस एंजेल्स परफेक्ट डेस्टिनेशन हो सकती हैं। इन खूबसूरत जगहों पर हमसफर के साथ जीवन के नए अध्याय की शुरुआत से अच्छी स्मृतियां भला क्या होंगी?
खूबसूरत लैंगकावी
यह नए जमाने का स्वर्ग है। अथाह हरे-नीले पानी के बीच टापू, कहीं सपाट मैदान और वन्य जीवों से भरपूर उष्णकटिबंधीय जंगलों से ढकी हुई हरी-भरी पहाड़ियां। यहां के पानी के भी इतने रंग हैं कि मन इनके जादू में खो जाता है। मलेशिया की एडवेंचर कैपिटल लैंगकावी में कुदरत ने सुंदरता का पूरा खजाना लुटा दिया है। कुआलालंपुर से करीब एक घंटे की उड़ान के बाद यहां पहुंचा जा सकता है।
बंदर कुआह की सैर
लैंगकावी का मुख्य शहर बंदर कुआह है। आप चाहें, तो यहां बड़े मजे में डेरा डाल सकते हैं। ऐसा हो ही नहीं सकता कि आप यहां आएं और पंख फैलाए गोल्डन ईगल की विशाल प्रतिमा पर आपका ध्यान न जाए। इस मूर्ति से ध्यान हटाना लगभग नामुमकिन है। इसे 'ईगल स्क्वेयर' कहते हैं। 12 मीटर ऊंची ईगल की प्रतिमा को देखकर आप गदगद हो जाएंगे।
मैंग्रोव जंगलों में बोटिंग
लैंगकावी के समुद्र और नदी मैंग्रोव के जंगलों से आबाद हैं। यहां आकर आप बोट से मैंग्रोव जंगलों की एडवेंचर सैर पर निकल पड़िए। यहां आकर यह न किया तो फिर क्या किया? पानी में उगने वाले ये जंगल न सिर्फ इकोसिस्टम को संतुलित रखते हैं, बल्कि इनमें तमाम तरह के जीव-जंतु भी पनाह पाते हैं।
मिट्टी और कीचड़ में पनपने वाली मडफिश, आसपास मैंग्रोव में छिपकर बैठे अजगर और कीचड़ के बीच से जंगलों में सरपट दौड़ती करीब चार फीट लंबी मॉनिटर लिजर्ड देखकर डरने के बजाय साथी को कसकर पकड़ लेना चाहिए।
चमगादड़ों की गुफा में
गाइड जब बोट किनारे लगवा दे, तो चुपचाप उतरिए और चमगादड़ों की गुफा की ओर चल दीजिए। गाइड की मजेदार कमेंट्री के बीच गुफा की छत से चिपके हजारों चमगादड़ों को देखकर आपका मुंह खुला का खुला रह जाएगा। यहां एक जगह पानी में तैरते 'फिश फार्म' को देखना अद्भुत अनुभव हो सकता है। आप चाहें, तो विशेष मछलियों को चारा खिलाने का मौका भी मिल सकता है।
स्काई ब्रिज पर वॉक
'ऑरिएंटल विलेज' एक और शानदार जगह है, जहां से आप 'स्काई कैब' ले सकते हैं। मसिंचांग पर्वतों के घने जंगलों के ऊपर से गुजरते हुए 15 मिनट में आप समुद्र तल से 708 मीटर की ऊंचाई पर बने प्रसिद्ध 'स्काई ब्रिज' पहुंच जाते हैं। गाइड आपको बताएगा कि यहीं पर बॉलीवुड फिल्म 'डॉन-2' और 'रॉय' की शूटिंग हुई थी।
समूचा लैंगकावी ड्यूटी-फ्री है। यहां कई दुकानें हैं, जहां से आप अपने दोस्तों और करीबियों के लिए परिधान व अन्य सामान खरीद सकते हैं। शायद ही कोई जोड़ा होगा, जिसे हसीन लैंगकावी प्रभावित न कर पाया हो। इसकी रोमांटिक और सुकून भरी कुदरती सुंदरता देखकर यकीनन आप दोनों अपनी शादी की सालगिरह पर दोबारा यहां आना चाहेंगे।
हॉलीवुड नगरी लॉस एंजेल्स
लॉस एंजेल्स की फिजाओं में ही रोमांस है। एक तरफ भरपूर प्राकृतिक सुंदरता, तो दूसरी तरफ अमेरिका के दूसरे सबसे बड़े मेट्रोपॉलिटन शहर का आनंद। लॉस एंजेल्स पहुंचने पर 'हॉलीवुड बुलेवार्ड' जाने का निर्णय एकदम ठीक होगा। रूमानी तबीयत वाले सपनों के इस शहर की हृदयस्थली हॉलीवुड बुलेवार्ड का माहौल बेहद खुशनुमा और जोशो-खरोश से भरा रहता है।
वॉक ऑफ फेम
हॉलीवुड बुलेवार्ड में बने विश्व प्रसिद्ध 'वॉक ऑफ फेम' पर चलने का उत्साह ही अलग होता है। एंटरटेनमेंट की दुनिया से जुड़े करीब 2,700 सेलिब्रिटीज के नामों वाले स्टार यहां लगे हुए हैं। अपने पसंदीदा सितारों के स्टार के साथ कुछ फोटो लीजिए, आखिर दोस्तों-रिश्तेदारों के अलावा सोशल मीडिया के लिए भी तो तस्वीरों का जखीरा चाहिए। यहां अनेक स्ट्रीट कलाकार हॉलीवुड सुपरस्टारों और किरदारों की वेशभूषा पहनकर टूरिस्टों को लुभाते रहते हैं।
बेवर्ली हिल्स का टूर
जैसे मुंबई आने वाला व्यक्ति बैंडस्टैंड जाना नहीं भूलता, वैसे ही लॉस एंजेल्स गए लोग 'बेवर्ली हिल्स' का टूर न करें, ऐसा हो ही नहीं सकता। ओपन कार में इस इलाके को घूमने का आनंद तो बस वही जानता है, जिसने ऐसा किया हो। बेवर्ली हिल्स की खूबसूरत सड़कों पर करीब दो घंटे घूमते हुए मैडोना, अदेले, रिहाना, जेनिफर लॉरेंस, एल्टन जॉन और माइकल जैक्सन सहित करीब 30 सेलिब्रिटीज के बेहद आलीशान और भव्य घर आपको दिखाई देते हैं।
कैसे पहुंचे?
लैंगकावी और लॉस एंजेल्स के लिए दिल्ली से सीधी उड़ान नहीं है। लैंगकावी पहुंचने के लिए कुआलालंपुर से दिनभर में कई कनेक्टिंग फ्लाइट्स उपलब्ध हैं। इसी तरह नई दिल्ली से लॉस एंजेल्स के लिए भी कनेक्टिंग फ्लाइट्स लेनी पड़ती हैं।
कब जाएं?
लैंगकावी: अक्टूबर से अप्रैल के बीच कभी भी जाया जा सकता है। इस दौरान यहां मौसम बेहद सुहावना रहता है।
लॉस एंजेल्स: लॉस एंजेल्स में सालभर में कभी भी जा सकते हैं। हालांकि, जुलाई से सितंबर के अत्यधिक गर्म महीनों में जाने से बचें।
लेख एवं फोटो : सीमा श्रीवास्तव
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Images:SAKHI
