10 मिनट में झटपट बनने वाले ब्रेकफास्ट में ज्यादा सामग्री और ज्यादा पकाने की भी जरूरत नहीं होती। बस थोड़ी सी तैयारी और सही तरीका पता हो तो कम समय में भी नाश्ता तैयार हो सकता है। वर्किंग लोगों के लिए ऐसे नाश्ते काफी काम के होते हैं। ऐसा इसलिए, क्योंकि सुबह जल्दी ऑफिस जाना हो तो 10 मिनट में बनने वाली रेसिपी आपका काफी समय बचा सकती है। अगर आप भी रोज सुबह यही सोचकर परेशान रहते हैं कि आज नाश्ते में क्या बनाएं, तो यहां से ब्रेकफास्ट आइडिया ले सकती हैं।
ब्रेड पोहा बनाएं
अगर सुबह का नाश्ता टेस्टी और यूनिक करना है, तो ब्रेड पोहा बेस्ट हो सकता है। इसमें आपको ज्यादा सामग्री की भी जरूरत नहीं होती। बस हाथों से ब्रेड को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लें। इसके बाद जिस तरह से पोहा तैयार किया जाता है, ठीक उसी तरह प्याज-टमाटर पकाने के बाद इसमें ब्रेड डालकर 2 मिनट के लिए पका लें। ध्यान रखें कि सब्जियों को बहुत ज्यादा नहीं पकाना है।
- सामग्री - ब्रेड स्लाइस, प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, तेल, राई, हल्दी, नींबू का रस, बारीक कटा हरा धनिया, नमक स्वादानुसार।ॉ
दूध और ओट्स
सुबह टाइम कम है, तो दूध और ओट्स सबसे आसान नाश्ता है। इसे बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होगी और गैस पर पकाने से ज्यादा समय भी नहीं लगेगा। आप इसमें केला, सेब, किशमिश या अपने पसंद के अनुसार चीजें डाल सकती हैं।
- सामग्री- ओट्स, दूध, केला, शहद और थोड़े ड्राई फ्रूट्स। इसे पकाने के लिए आपको गैस पर लगभग 4 से 5 मिनट के लिए दूध और ओट्स को रखना है।
पीनट बटर ब्रेड
पीनट बटर और ब्रेड का नाश्ता झटपट तैयार हो जाता है। इसमें न सब्जियां काटने की जरूरत है और न ही लंबी कुकिंग करनी पड़ती है। आप इसे चलते-फिरते भी खा सकती हैं। ज्यादातर लोग ब्रेड गर्म करके इसमें पीनट बटर लगा कर खाते हैं। आप भी ऐसा कर सकती हैं। बटर के सात केला लगाकर भी खाया जा सकता है।
- सामग्री- ब्रेड स्लाइस, पीनट बटर और केला।
वेज सैंडविच
इसे बनाने में भी ज्यादा समय नहीं लगने वाला। ऐसा इसलिए, क्योंकि आप सब्जियों को चॉपर में डालकर काट सकती हैं। अगर चॉपर नहीं है, तो आप इसे मिक्सी में हल्का पीस दें। इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और आप इसे टोस्ट करके या बिना टोस्ट किए भी खा सकती हैं।
- सामग्री- ब्रेड, खीरा, टमाटर, प्याज, शिमला मिर्च, हरी चटनी, मक्खन और चाट मसाला।
ब्रेड और ऑमलेट
अगर नाश्ते में हैवी खाने का शौक है, तो आप ब्रेड ऑमलेट भी खा सकती हैं। ब्रेड और ऑमलेट सुबह के लिए सबसे आसान कॉम्बिनेशन में से एक है। इसे पकाने में भी ज्यादा समय नहीं लगता, इसलिए हर कोई इसे आसानी से बना सकता है।
- सामग्री- 2 अंडे, 2 ब्रेड स्लाइस, प्याज, हरी मिर्च, नमक, काली मिर्च और थोड़ा तेल।
पापड़, चाय और पीनट
अगर सुबह के नाश्ते मे ज्यादा हैवी नहीं खाना चाहती हैं और हर दिन चाय पीने की आदत हैं, तो चाय के साथ आप पापड़ और पीनट ले सकती हैं। इसमें आपको ज्यादा मेहनत करने की भी जरूरत नहीं होगी। ऐसा इसलिए, क्योंकि पापड़ तलने में ज्यादा समय नहीं लगता।
- सामग्री- पापड़, दूध, पीनट, चीनी और चायपत्ती।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- magnific
