भारत में कुछ गांव अपने खाने के लिए फेमस हैं, कुछ अपनी कारीगरी के लिए, लेकिन महाराष्ट्र में एक ऐसा गांव है, जहां घूमने जाओ तो लगेगा ही नहीं कि ये गांव है। यहां हर घर में खुशहाली है। इस गांव को लोग करोड़पतियों का गांव कहते हैं।

भारत का सबसे अमीर गांव

घूमने के लिए अक्सर लोग पहाड़, बीच या बड़े शहर चुनते हैं, लेकिन इस बार एक अलग जगह घूमने का प्लान बनाइए। एक ऐसा गांव, जहां के किसान करोड़पति हैं। जहां न गरीबी है, न लोन की टेंशन। ये गांव देखने के बाद आपकी सोच ही बदल जाएगी।

कौन सा है करोड़पतियों का गांव?

इस गांव का नाम है हिवरे बाजार। ये गांव महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले में है। इस गांव को भारत का 'Millionaire Village' कहा जाता है। यहां के ज्यादातर घर खेती और डेयरी फार्मिंग से अमीर बने हैं। पहले ये गांव भी बाकी गांवों जैसा ही था। सूखा पड़ता था, पानी नहीं था, जिससे लोग परेशान थे। आज ये गांव पूरे देश के लिए मिसाल बन गया है।

Photo Credit: Pinterest (Chirodeep Chaudhari)

कैसे बदली गांव की किस्मत?

गांव की कहानी 1990 के दशक में बदली। उस समय गांव के सरपंच पोपटराव पवार ने गांव वालों के साथ मिलकर काम शुरू किया। सबसे पहले पानी पर काम हुआ। गांव में चेक डैम बनाए गए। बारिश का पानी रोकने के लिए कंटूर ट्रेंच बनाए गए। पानी का हिसाब रखा जाने लगा। कौन सी फसल कितने पानी में होगी, ये पहले से तय किया जाने लगा। इससे धीरे-धीरे जमीन के नीचे का पानी बढ़ गया। खेती अच्छी होने लगी। किसानों की कमाई बढ़ गई। आज गांव में हर परिवार खुशहाल है। गांव को करोड़पतियों का गांव कहना कोई सरकारी टैग नहीं है। ये नाम लोगों ने प्यार से दिया है क्योंकि यहां के कई परिवार खेती से ही लखपति और करोड़पति बन गए हैं।

Photo Credit: Pinterest (Chirodeep Chaudhari)

घूमने जाएं तो क्या-क्या देखें?

हिवरे बाजार में कोई बड़ा किला या मॉल नहीं मिलेगा। यहां का मजा गांव की जिंदगी को करीब से देखने में है।

हनुमान मंदिर जरूर जाएं
गांव का हनुमान मंदिर यहां का सबसे बड़ा लैंडमार्क है। गांव घूमते समय यहां रुकना बहुत अच्छा लगेगा।

पानी बचाने वाला काम देखें
यहां के चेक डैम, बारिश का पानी रोकने वाले स्ट्रक्चर और ट्रेंच ही इस गांव की असली कहानी है। इन्हें देखकर समझ आता है कि सूखे वाले इलाके में भी पानी कैसे बचाया जा सकता है।

खेती और डेयरी फार्मिंग समझें
यहां खेती और दूध का काम ही सबसे बड़ा काम है। पानी के हिसाब से कौन सी फसल बोनी है, ये यहां के किसान बहुत अच्छे से जानते हैं। अगर आपको खेती में इंटरेस्ट है, तो यहां बहुत कुछ सीखने को मिलेगा।

लोकल गाइड के साथ घूमें
यहां स्टूडेंट और घूमने वाले लोग अक्सर गांव का तरीका समझने आते हैं। इसलिए, पहले से लोकल गाइड कर लेना अच्छा रहता है। वो आपको पूरा गांव अच्छे से घुमा देगा। एक बात याद रखें, ये घूमने की जगह नहीं, लोगों का घर है। इसलिए किसी के घर या खेत की फोटो लेने से पहले उनसे पूछ जरूर लें।

हिवरे बाजार कैसे पहुंचें?

हिवरे बाजार पुणे से करीब 110 किमी. दूर है। कार से जाने में 2 से 3 घंटे लगते हैं। ट्रैफिक के हिसाब से टाइम थोड़ा आगे-पीछे हो सकता है। आप पुणे से सीधे कार से जा सकते हैं या फिर अहिल्यानगर तक ट्रेन या बस से जाकर वहां से रोड से गांव पहुंच सकते हैं। ये कोई आम टूरिस्ट जगह नहीं है, इसलिए जाने से पहले गाइड का नंबर जरूर लेकर जाएं। सुबह जल्दी निकलेंगे तो एक ही दिन में घूमकर वापिस भी आ सकते हैं।

Photo Credit: Pinterest (Chirodeep Chaudhari)

क्यों जाना चाहिए इस गांव?

यहां जाकर आपको लगेगा कि गांव का मतलब गरीबी नहीं होता है। सही प्लानिंग और सबके साथ मिलकर काम करने से गांव भी अमीर बन सकता है। ये ट्रिप आपको फोटो से ज्यादा यादें देगी। यहां की हरियाली, साफ-सुथरा गांव और लोगों की मेहनत देखकर मन खुश हो जाएगा।

हिवरे बाजार गांव बताता है कि अगर पानी बचाया जाए और सब मिलकर काम करें, तो सूखा गांव भी करोड़पतियों का गांव बन सकता है। इसलिए, अगली बार ट्रिप का प्लान बने, तो इस गांव को लिस्ट में जरूर रखिए। यहां की एक ट्रिप आपकी सोच बदल देगी। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।