जब भी बात सॉल्ट डेजर्ट यानी नमक के रेगिस्तान की होती है, तो गुजरात के कच्छ का नाम सबसे पहले नंबर पर आता है। कच्छ का सफेद रेगिस्तान पूरी दुनिया में मशहूर है, लेकिन आज इस लेख में हम आपको एक ऐसी ही दूसरी खूबसूरत जगह के बारे में बताएंगे, जो बिल्कुल कच्छ के सॉल्ट डेजर्ट जैसी है। गुजरात ही नहीं है, बल्कि हमारे देश के राजस्थान में भी एक ऐसी शानदार जगह है, जहां दूर-दूर तक नमक की सफेद परत देखने को मिलती है। हम बात कर रहे हैं राजस्थान की सांभर झील की।

राजस्थान का मिनी कच्छ डेसर्ट 

सांभर झील दिखने में बिल्कुल गुजरात के कच्छ डेसर्ट जैसी लगती है। ऐसे में अगर आप शांति, सुकून और फोटोग्राफी के लिए किसी परफेक्ट जगह की तलाश में हैं, तो यह जगह आपके लिए सबसे बेस्ट हो सकती है। आइए जानते हैं राजस्थान की इस खूबसूरत और छिपी हुई जगह के बारे में।

image credit: pinterest/Rajasthan Tourism

क्या है राजस्थान की सांभर झील की खासियत?

जयपुर के पास स्थित सांभर झील भारत की सबसे बड़ी इनलैंड खारे पानी की झीलों में से एक मानी जाती है, जो सर्दियों के दिनों में सबसे ज्यादा खूबसूरत लगती है। सांभर झील जयपुर, नागौर और अजमेर जिलों की सीमाओं तक फैली हुई है। सर्दियों के मौसम में जब झील का पानी सूखने लगता है, तो कई किलोमीटर के दायरे में सफेद नमक की मोटी परत जम जाती है। यह नजारा देखने में बेहद खूबसूरत लगता है।

सांभर झील का इतिहास सदियों पुराना है। यह सफेद नमक का मैदान बॉलीवुड फिल्म मेकर्स की भी हमेशा से पसंदीदा जगह रहा है। आपको जानकर हैरानी होगी कि जोधा अकबर, पीके, गोलियों की लीला रामलीला और दिल्ली-6 जैसी कई सुपरहिट फिल्मों की शूटिंग यहां की गई है।

सर्दियों में प्रवासी पक्षी और गुलाबी फ्लेमिंगो

यही नहीं राजस्थान के इस मिनी सॉल्ट डेजर्ट की सबसे बड़ी खासियत यहां आने वाले पक्षी हैं। सर्दियों के मौसम में यानी नवंबर से फरवरी तक सांभर झील में हजारों किलोमीटर दूर साइबेरिया और उत्तरी एशिया से लाखों गुलाबी फ्लेमिंगो और विदेशी पक्षी आते हैं। सफेद नमक की विशाल चादर पर मंडराते इन गुलाबी पक्षियों का नजारा वाकई देखने लायक होता है। ऐसे में फोटोग्राफी लवर्स के लिए यह किसी जन्नत से कम नहीं है। 

यहां आप दोस्तों और फैमिली वालों के साथ सबसे अनोखी एक्टिविटी कर सकते हैं। यहां एक हेरिटेज नैरो-गेज ट्रेन मौजूद है, जिसे ब्रिटिश काल की साल्ट ट्रॉली कहां जाता है। यह ट्रैन आपको नमक के बड़े-बड़े मैदानों के बीच से लेकर जाती है। इसके अलावा यहां सर्किट हाउस में बना म्यूजियम भी देखने लायक है।

कच्छ का रण और सांभर झील में क्या अंतर है?

अगर आपके मन में भी यह सवाल है कि गुजरात के कच्छ और राजस्थान के सांभर में क्या अंतर है, तो इसे ऐसे समझें -

गुजरात के कच्छ में 'रण उत्सव' के दौरान पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिलती है, जो काफी कमर्शियल है। वहीं, सांभर झील जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सिर्फ 80 किलोमीटर की दूरी पर है, जिससे यहां पहुंचना काफी आसान और बजट-फ्रेंडली होता है। इसके अलावा, सांभर के पास प्रसिद्ध शाकंभरी माता का ऐतिहासिक मंदिर भी मौजूद है, जहां दर्शन के लिए दूर-दूर से भक्त आते हैं। 

image credit: pinterest/neoxy

निष्कर्ष:अगर आप भी गुजरात की भीड़भाड़ वाली जगह यानी कच्छ जाने के बजाय उसी से मिलती-जुलती किसी शांत और खूबसूरत जगह जाने का मन बना रही हैं, तो राजस्थान की सांभर झील आपके लिए सबसे बेस्ट विकल्प हो सकती है। यहां आप अपने बजट में परिवार और दोस्तों के साथ आसानी से ट्रिप प्लान कर सकती हैं। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।