बॉलीवुड की ड्रीमगर्ल हेमा मालिनी आज अपना 78वां जन्मदिन मना रही हैं। हेमा का फिल्मी करियर जितना चर्चा में रहा, उतना ही उनकी निजी जिंदगी ने भी सुर्खियां बटोरीं। हेमा मालिनी और दिग्गज दिवंगत एक्टर धर्मेंद्र की लव स्टोरी उस दौर में फिल्मी गलियारों में काफी चर्चा में रही थी। शादीशुदा धर्मेंद्र, हेमा मालिनी के प्यार में पड़ गए थे और दोनों ने साल 1980 में शादी रचाई। कहा जाता है कि हेमा मालिनी की मां इस शादी के बेहद खिलाफ थीं और पहले हेमा भी धर्मेंद्र की दूसरी पत्नी बनने को राजी नहीं थीं, लेकिन आखिर में इनकी मोहब्बत ने बाकी सारी दीवारों को गिरा दिया। कहा जाता है कि जब हेमा की मां को धर्मेंद्र और उनकी मोहब्बत के बारे में पता चला था, तो उन्होंने गुपचुप तरीके से हेमा की शादी जितेंद्र से करवाने की कोशिश की थी, लेकिन धर्मेंद्र ने ऐन मौके पर पहुंचकर हेमा मालिनी को अपना बना लिया। चलिए आपको सुनाते हैं यह दिलचस्प किस्सा।
हेमा और जितेंद्र की शादी में नशे में धुत होकर पहुंच गए थे धर्मेंद्र
हेमा मालिनी की मां नहीं चाहती थीं कि हेमा, धर्मेंद्र की दूसरी पत्नी बनें। हेमा दिल ही दिल में धर्मेंद्र से प्यार करती थीं, लेकिन जैसे ही वह उनके साथ अपनी दुनिया बसाने का सोचतीं, उनके दिमाग में धर्मेंद्र के शादीशुदा होने का ख्याल आ जाता है। इधर परिवार के दबाव में उन्होंने जितेंद्र से शादी करने के लिए हां कर दी। कहा जाता है कि जितेंद्र, हेमा मालिनी को पसंद करने लगे थे और शोभा कपूर से मंगनी होने के बाद भी वह हेमा से शादी करने पहुंच गए थे।
हेमा और जितेंद्र की चेन्नई के एक मंदिर में गुपचुप तरीके से शादी हो रही थी, तो धर्मेंद्र नशे में धुत होकर वहां पहुंच गए थे। कहा जाता है कि धर्मेंद्र, जितेंद्र की मंगेतर शोभा को लेकर वहां पहुंचे और हेमा मालिनी व जितेंद्र की शादी रुकवा दी। हालांकि, राम कमल मुखर्जी की किताब बियॉन्ड द ड्रीम गर्ल में जिक्र है कि जितेंद्र भी हेमा से शादी नहीं करना चाहते थे, क्योंकि वह जानते थे कि हेमा और धर्मेंद्र एक-दूसरे से प्यार करते हैं, लेकिन परिवार की मर्जी के चलते वह शादी के लिए राजी हो गए थे।
पूरी रात हेमा को फोन करते रहे थे धर्मेंद्र
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जितेंद्र से उनकी शादी तुड़वाने के बाद धर्मेंद्र एक बार पूरी रात हेमा के घर फोन करते रहे थे। वह हर बार फोन करते और हेमा से अपने प्यार का इजहार करते। उन्होंने अपनी पहली पत्नी या बच्चों को छोड़ने के कोई फिल्मी या झूठे वादे नहीं किए थे, बल्कि हेमा का सच्चे दिल से साथ निभाने का वादा किया था। आखिरकार हेमा का दिल धर्मेंद्र की सच्ची मोहब्बत के लिए राजी हो गया और दोनों हमसफर बने।
45 साल निभाया एक-दूसरे का साथ
धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की शादी 2 मई 1980 हो हुई थी। 24 नवंबर, 2025 को धर्मेंद्र ने इस दुनिया को अलविदा कहा था। दोनों ने लगभग 45 साल तक एक-दूसरे का साथ निभाया धर्मेंद्र के निधन के बाद हेमा मालिनी ने उन्हें याद करते हुए अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपने दिल का हाल बयां किया था और कहा था कि धर्मेंद्र के जाने से उनकी जिंदगी में जो खालीपन आया है, वह कभी नहीं भर पाएगा।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड इंडस्ट्री, टीवी, ओटीटी और सेलेब्स की लाइफ के बारे में ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
