Salman Khan Stardom: सिनेमा की दुनिया में किसी कलाकार की लोकप्रियता का अंदाजा उसके नाम पर बजने वाली तालियों और सिनेमाघरों में उमड़ने वाली भीड़ से लगाया जाता है, लेकिन सलमान खान के लिए स्टारडम की कहानी थोड़ी अलग है। वह अपनी कामयाबी को हमेशा दर्शकों की पसंद से जोड़कर देखते हैं। उनका मानना है कि जब तक लोग उन्हें पर्दे पर देखना चाहते हैं, तभी तक उनका स्टारडम कायम है। हाल ही दैनिक जागरण संवादी में एक बातचीत के दौरान सलमान खान (Salman Khan) ने न सिर्फ अपने प्रशंसकों के साथ रिश्ते पर खुलकर बात की, बल्कि जिंदगी में फैसले लेने, दूसरों के साथ व्यवहार करने और अपने परिवार की परंपराओं से जुड़े कई दिलचस्प पहलुओं का भी जिक्र किया। इस दौरान एक्ट्रेस चित्रांगदा सिंह (Chitrangada Singh) भी उनके साथ मौजूद रहीं।
सलमान खान ने बताया क्या होता है असली स्टारडम?
सलमान खान और चित्रांगदा सिंह अपनी आगामी फिल्म 'मातृभूमि' (Maatrubhumi) को लेकर एक विशेष संवाद सत्र में शामिल हुए थे। यहां जब सलमान से स्टारडम के मायने पूछे गए, तो उन्होंने इसे किसी स्थायी उपलब्धि की तरह देखने से इनकार किया।
सलमान खान के मुताबिक, एक कलाकार और उसके फैंस के बीच पसंद का रिश्ता होता है। दर्शक किसी एक्टर को पसंद करते हैं, इसलिए उसकी फिल्म देखने सिनेमाघर पहुंचते हैं, लेकिन अगर एक दिन वही दर्शक उसे पसंद करना बंद कर दें, तो उसके सुपरस्टार होने का दर्जा भी खत्म हो सकता है। उन्होंने साफ कहा कि जब तक लोगों को उनका काम पसंद आ रहा है और वे उन्हें बड़े पर्दे पर देखने के लिए आ रहे हैं, तभी तक उनका स्टारडम बरकरार है। उनकी इस बेबाक बात पर वहां मौजूद लोगों ने जमकर तालियां बजाई।
भाईजान ने जिंदगी के फैसले लेने का बताया तरीका
जिंदगी में सही और गलत के बीच चुनाव करने को लेकर भी सलमान खान ने अपनी राय रखी। उन्होंने अपने मजाकिया अंदाज में कहा कि दिल का असली काम खून को पंप करना है, जबकि सोचने और समझने की जिम्मेदारी दिमाग की होती है। इसलिए जरूरी फैसले भावनाओं में बहकर नहीं, बल्कि सोच-समझकर लेने चाहिए।
साथ ही दूसरों के साथ व्यवहार को लेकर सलमान ने एक अहम बात कही। उनके मुताबिक, किसी वरिष्ठ व्यक्ति के साथ गलत तरीके से पेश आना अनुचित है, तो किसी जूनियर को दबाना भी बिल्कुल सही नहीं है। काम की जगह पर हर व्यक्ति के साथ सम्मान और बराबरी का व्यवहार होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि दूसरों के प्रति सम्मान रखने की सीख उन्हें बचपन में अपने माता-पिता से मिली है। यही वजह है कि उनके घर में साथ काम करने वाले लोगों को भी परिवार की तरह अपनापन दिया जाता है। वहां सभी के लिए एक जैसा खाना तैयार होता है और सब लोग साथ बैठकर भोजन करते हैं।
यह भी पढ़ें- कितनी थी Salman Khan की पहली सैलरी, 21 लाख की पेंटिंग लेने से क्यों किया था इनकार? जानें वजह
सलमान खान के घर में मनाए जाते हैं हर धर्म के त्योहार
सलमान खान ने अपने परिवार की एक ऐसी परंपरा के बारे में भी बताया, जो आपसी सम्मान और एकता की मिसाल है। उन्होंने कहा कि उनके घर में अलग-अलग धर्मों से जुड़ी परंपराओं को जगह दी जाती है और सभी धर्मों के त्योहार मिलकर मनाए जाते हैं। उनके परिवार में अलग-अलग धार्मिक और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के लोग हैं। ऐसे में हर त्योहार को खुशी के साथ मनाना और एक-दूसरे की मान्यताओं का सम्मान करना उनके घर की खास पहचान है।
कब रिलीज मातृभूमि? (Salman Khan Film Maatrubhumi Release Date)
फिल्मों की बात करें तो सलमान खान जल्द ही 'मातृभूमि'(Maatrubhumi Release Date) में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में उनके साथ एक्ट्रेस चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में दिखाई देंगी। फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। इस फिल्म को लेकर सलमान के प्रशंसकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- Salman Khan को लगा था वह 'मैंने प्यार किया' के लिए फिट नहीं हैं, फिर कैसे मिली फिल्म? जानिए मजेदार किस्सा
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
