दिलीप कुमार भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन वह फैंस के दिलों में हमेशा रहेंगे। उनकी पत्नी और दिग्गज एक्ट्रेस सायरा बानो अपने साहेब (वह दिलीप कुमार को यही कहकर बुलाती थीं) से जुड़े किस्से कई बार अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करती हैं। ऐसे ही लगभग दो साल पहले वैजयंतीमाला के जन्मदिन पर उन्होंने उन पर खूब प्यार लुटाया था और दिलीप कुमार व वैजयंतीमाला से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी शेयर किया था।
उन्होंने वैजयंतीमाला के साथ अपनी और दिलीप की पुरानी तस्वीरें शेयर करते हुए बताया था कि कैसे एक बार दिलीप कुमार और सायरा बानो के बीच तनाव हो गया था, दोनों के रिश्ते में दरार आ गई थी और सायरा बानो ने उनकी सुलह करवाई थी। मैं समझ सकती हूं कि इतना पढ़ने के बाद आपके मन में इस पूरे किस्से को जानने की ख्वाहिश जरूर जाग गई होगी। हमारी खास सीरीज 'फिल्मी गलियारों से' में हम सेलेब्स और उनकी जिंदगी से जुड़ी इसी तरह के किस्से आपको सुनाते हैं। चलिए इस सीरीज में आज यही दिलचस्प किस्सा जानते हैं।
साहब और अक्का का रिश्ता बहुत प्यारा था...
सायरा प्यार से वैजयंती को 'अक्का' कहती थी। इसका मतलब बड़ी बहन होता है। सायरा बानो ने इस पोस्ट में लिखा था कि साहब और अक्का का रिश्ता बहुत खूबसूरत था। दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री कमाल की थी और उनकी दोस्ती भी काफी खास थी। सायरा ने बताया था कि वैजयंतीमाला अक्सर कहा करती थीं कि उन्होंने दिलीप साहब के साथ काम करके काफी कुछ सीखा।
जब दिलीप कुमार और वैजयंतीमाला के बीच हुई थी गलतफहमी
सायरा ने बताया था कि एक बार दिलीप कुमार और वैजयंतीमाला के बीच गलतफहमी हो गई थी। इसके बाद जब 'राम और श्याम' की शूटिंग के कुछ दिनों बाद वैजयंतीमाला को उस फिल्म से हटाया गया, तो यह तनाव और बढ़ गया। दोनों के रिश्ते में दरार आ गई थी और दोनों ने बात करना बंद कर दिया था।
यह भी पढ़ें- जब दिलीप कुमार की इस एक्ट्रेस से नजदीकी देख सायरा बानो को हुई थी जलन, कैंची से काट डाली थी फोटो
सायरा बानो ने करवाई थी सुलह
सायरा बानो ने इस पोस्ट में लिखा था कि इसके कुछ वक्त बाद वह और दिलीप कुमार व वैजयंतीमाला और उनके पति एक इवेंट में मिले थे। जहां उन्होंने नोटिस किया कि दिलीप कुमार और वैजयंतीमाला एक-दूसरे की तरफ देख भी नहीं रहे हैं और बात करने से भी कतरा रहे हैं। तब उन्होंने आगे बढ़कर दोनों के बीच सुलह करवाई थी। इसके बाद वैजयंतीमाला ने उन्हें 'देवदूत' कहना शुरू कर दिया था।
यह भी पढ़ें- 'वैजयंतीमाला को ऑटोग्राफ देने से मना करो', नरगिस ने राज कपूर से क्यों कही थी यह बात?
'फिल्मी गलियारों से' सीरीज में हम बॉलीवुड सेलेब्स और फिल्मों से जुड़े ऐसे ही दिलचस्प किस्से आप तक पहुंचाते रहेंगे। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड इंडस्ट्री, टीवी, ओटीटी और सेलेब्स की लाइफ के बारे में ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
