रश्मिका मंदाना हाल ही में अपने पति और एक्टर विजय देवरकोंडा के साथ 'कॉफी विद करण 9' के दूसरे एपिसोड में पहुंची थीं। यहां कपल की क्यूट केमिस्ट्री ने फैंस का दिल जीत लिया, लेकिन कई लोगों ने विजय के बिहेवियर की वजह से उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया और यहां तक कि उन्हें 'रेड फ्लैग' तक कह डाला। दरअसल, रश्मिका ने बताया था कि उन्होंने शादी के लिए विजय देवरकोंडा को पूरे एक साल तक मनाया और करीब 100 बार कहा, उसके बाद जाकर वह शादी के लिए राजी हुए। शो के दौरान हुई और भी कई बातों को लेकर इंटरनेट यूजर्स ने कहा कि रश्मिका को एक बेहतर पार्टनर मिलना चाहिए था। इस पूरे मुद्दे पर कई मीम्स और रील्स भी वायरल हुईं। अब इस पूरे विवाद पर रश्मिका और विजय ने चुप्पी तोड़ी है और अपना पक्ष रखा है। कपल ने अपने जवाब से ट्रोलर्स की बोलती बंद कर दी है। चलिए आपको बताते हैं कि दोनों ने क्या कहा है?
'बाकी सब भाड़ में जाएं...'
विजय ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से रश्मिका संग एक फोटो और वीडियो पोस्ट करते हुए कैप्शन में इस पूरे विवाद का जवाब दिया। उन्होंने लिखा, "मेरी सबसे अच्छी दोस्त, मेरी पत्नी, मेरी जीवनसंगिनी। मेरी जिंदगी के सबसे खूबसूरत हिस्सों में से एक, जिसे मैंने बिल्कुल सही चुना। उन सभी लोगों के लिए, जो हमारी चिंता कर रहे हैं, हम दोनों बहुत खुश हैं। मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं। अगर पूरी दुनिया के खिलाफ सिर्फ मैं और वह हैं, तो ऐसा ही सही। उन सभी लोगों को ढेर सारा प्यार, जो प्यार का जश्न मनाते हैं और खुशी से जिंदगी जीने की सादगी को समझते हैं। अब, बिना किसी तरह की नरमी या सम्मान दिखाने का इरादा रखते हुए, बाकी सभी लोग भाड़ में जाएं। :))- देवरकोंडा विजय साई।"
रश्मिका ने लिखा लंबा-चौड़ा पोस्ट
रश्मिका मंदाना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने ट्रोलर्स को फटकार लगाई है। उन्होंने लिखा, "इंटरनेट पर मौजूद मेरे प्यारे लोग... उन सभी लोगों के लिए जो दिल से प्यार करते हैं और उन लोगों के लिए भी, जो हमेशा कड़वाहट से भरे रहते हैं....विजय और मुझसे जुड़े इस मामले पर मैं छोटी सी बात कहना चाहूंगी। मैं आमतौर पर इस तरह की चीजों पर रिएक्ट नहीं करती हूं, क्योंकि हर किसी को अपनी राय रखने का पूरा हक है। कभी-कभी मुझे लोगों की बातें पढ़ना और उनसे एक अलग नजरिया समझना भी अच्छा लगता है....लेकिन हमारे इंटरव्यू को लेकर इस समय जो माहौल बना हुआ है वो लोगों की अलग-अलग राय से ज्यादा एक ऐसी भीड़ जैसा लग रहा है, जो अपना गुस्सा निकालने के लिए किसी को निशाना बना रही है। मैं यह इसलिए लिख रही हूं कि मैं उन लोगों को प्रोटेक्ट करना चाहती हूं, जो प्यार में विश्वास रखते हैं और मैं चाहती हूं कि सभी को अपने हिस्से और अपने जैसा प्यार मिले।"
100 बार शादी के लिए पूछने पर कही यह बात
रश्मिका ने अपने पोस्ट में साफ लिखा कि जब वह शो में यह कह रही थीं कि वह एक साल तक विजय से शादी के लिए पूछती रहीं या उन्होंने 100 बार अपने प्यार का इजहार किया, तो उसका सीधा सा मतलब था कि विजय चाहता था कि हम एक-दूसरे को थोड़ा वक्त दें, लेकिन लोगों ने यह नहीं समझा, वे केवल नंबर पर अटक गए।
रश्मिका मंदाना ने आगे लिखा, 'ऐसा इंसान ढूंढिए, जिसके लिए आप किसी भी हद तक जा सकें और जो आपके लिए भी ऐसा ही करे और हां, मैं अपने पार्टनर के प्यार में पूरी तरह डूबी हुई हूं.... आखिर इसमें बुरा क्या है? अगर मैं उस इंसान के प्यार में ही नहीं हूं, जिससे शादी करने जा रही हूं, तो फिर मैं उससे शादी ही क्यों करूंगी? वो जिंदगी भर मेरा साथी होगा.....आम दिनों से लेकर खास पलों तक मेरा दोस्त होगा..... मेरे बच्चों का पापा होगा....ये वो इंसान होगा, जिसके साथ मैं बूढ़ी होना चाहूंगी.... मैं ये हजार बार भी कर सकती हूं......100 बार तो कुछ भी नहीं है।
विजय की तारीफ के बांधे पुल
रश्मिका ने इस पोस्ट में यह भी साफ किया कि जब उन्हें आधी रात को एंग्जायटी होती है, वह लो फील करती हैं या उन्हें हर महीने पेटदर्द होता है, तो वहां और कोई नहीं, बस विजय उनका साथ देने के लिए होते हैं। रश्मिका ने अपनी पोस्ट के जरिए साफ किया है कि उनके और विजय के बीच सब ठीक है। उन्होंने अपने रिश्ते से जुड़ी सारी अटकलों पर विराम लगा दिया है।
यह भी पढ़ें- रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने शादी की खबरों पर लगाई मुहर, फैंस के नाम लिखा प्यार भरा मैसेज
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। बॉलीवुड, टीवी इंडस्ट्री और सेलेब्स की लाइफ के बारे में ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी के एंटरटेनमेंट सेक्शन से।
