बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान गुरुवार को सिंगापुर इंटनेशनल फिल्म फेस्टिवल का हिस्सा बने। यहां उन्होंने अपने करियर के सबसे मुश्किल वक्त को याद किया और बताया कि कैसे तीन दशकों तक लगातार काम करने की वजह से कहीं न कहीं उनका परिवार, रिश्ते और बच्चे पीछे छूट गए वह उन्हें उनके लिए वक्त नहीं मिल पाया। आमिर खान ने यह भी कहा कि उन्होंने पागलों की तरह काम किया है और इसका उनकी निजी जिंदगी पर काफी असर हुआ। इस दौरान आमिर खान की आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने अपने करियर के सबसे मुश्किल वक्त को भी याद किया। चलिए आपको बताते हैं कि उन्होंने क्या कहा है?
एक गहरा खालीपन महसूस हुआ....
सिंगापुर फिल्म फेस्टिवल में, आमिर खान को हांगकांग के मशहूर फिल्म निर्देशक पीटर चान हो-सन ने 'स्क्रीन आइकन अवार्ड' से सम्मानित किया। इस फेस्टिवल में आमिर ने अपने करियर और पर्सनल लाइफ से जुड़े कई राज खोले। जब उनसे उनके करियर के सबसे मुश्किल वक्त के बारे में पूछा गया, तो एक्टर ने बताया कि कोविड के दौरान उन्होंने अपने तीन दशक के करियर को याद करके काफी खालीपन महसूस हुआ। एक्टर ने कहा, "कोविड के दौरान जब मैं खाली बैठा था, तो मैंने सोचा कि मेरी जिंदगी के लगभग 30 साल बीत चुके हैं। एक-दो या पांच साल तक किसी काम को पूरी तरह पागलपन की हद तक डूबकर करना तो ठीक है, लेकिन अगर ऐसा 30 सालों तक चलता रहे, तो इसका सीधा सा मतलब है कि आपने अपने रिश्ते खो दिए हैं। आपके बच्चे बड़े हो गए हैं, वे अब एडल्ट हो चुके हैं। ये सब सोचकर मुझे एक गहरा खालीपन महसूस हुआ।"
इस दौरान एक्टर की आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने कहा कि कोविड के दौरान हुए इस अनुभव के बाद वह पिछले कुछ सालों से अपने परिवार, बच्चों और दोस्तों के लिए वक्त निकालने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
रीना के सामने रोते थे आमिर खान...
आमिर खान ने इस बातचीत में अपने करियर के शुरुआती दौर को भी याद किया। उन्होंने बताया कि साल 1988 में आई उनकी पहली फिल्म 'कयामत से कयामत तक' की जबरदस्त सफलता के बाद, उन्होंने 6 महीनों के अंदर 9 फिल्में साइन कर ली थीं। हालांकि, शूटिंग शुरू होने पर उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ। आमिर ने बताया कि वह घर आकर रीना (आमिर खान की पहली पत्नी) के सामने रोते थे। इसके बाद उनकी फिल्में एक के बाद एक फ्लॉप होती गईं, और उन्हें 'वन-फिल्म वंडर' (सिर्फ एक हिट फिल्म देने वाला) कहा जाने लगा। इससे उन्हें काफी चोट पहुंची।
Image Courtesy: Instagram/Aamir Khan Productions
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड इंडस्ट्री, टीवी, ओटीटी और सेलेब्स की लाइफ के बारे में ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
-1792737876473_m.webp)