आज के डिजिटल युग में और सोशल मीडिया के चलते हर कोई अपनी अलग पहचान बनाना चाहता है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर आते ही कुछ ही दिनों में फेमस हो जाते हैं, वहीं कुछ लोग सालों तक कड़ी मेहनत करने के बाद भी अपनी पहचान नहीं बना पाते हैं? इसका सबसे बड़ा कारण है पर्सनल ब्रांडिंग। जी हां, पर्सनल ब्रांडिंग का मतलब है कि इंटरनेट और डिजिटल दुनिया में लोग आपको आपके काम और आपकी पहचान के लिए जानते हैं।

बात चाहे नौकरी की हो, बिजनेस की हो या फिर फ्रीलांसिंग की, मजबूत ऑनलाइन पहचान आज के समय में सबसे बड़ी जरूरत बन गई है। हर कोई डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एक खास और नामी व्यक्ति बनना चाहता है। अगर आप भी सोशल मीडिया पर कई समय से मेहनत कर रही हैं,लेकिन सही पहचान नहीं मिल पा रही है, तो केवल 3 महीनों में सही स्टेप्स को फॉलो करके अपनी पर्सनल ब्रांडिंग बना सकती हैं।

क्या है पर्सनल ब्रांडिंग?

पर्सनल ब्रांडिंग का सीधा सा मतलब है कि जब लोग आपको आपकी स्किल्स, काम और पर्सनालिटी के लिए जानने लगते हैं। जब भी कोई क्लाइंट, कंपनी या नया इंसान आपके साथ जुड़ना चाहता है, तो वह सबसे पहले आपको गूगल या सोशल मीडिया पर सर्च करके आपकी प्रोफाइल चेक करता है।

उदाहरण के लिए, अगर आप टेक, फाइनेंस, फिटनेस या कंटेंट राइटिंग के फील्ड में काम करना चाहती हैं और इस फिल्ड में अपना नाम बनाना चाहती हैं, तो आपको अपनी नॉलेज और स्किल्स लोगों के साथ शेयर करनी होगी। इससे लोग आप पर भरोसा करेंगे और आपके लिए नए करियर ऑप्शंस भी खुलेंगे।

3 महीने में पर्सनल ब्रांडिंग बनाने का 3-स्टेप फार्मूला

अगर आप आने वाले 3 महीनों में एक मजबूत पर्सनल ब्रांड बनाना चाहती हैं, तो नीचे बताए गए 3-स्टेप फार्मूले को जरूर आजमाएं -

स्टेप 1: पहला महीना

शुरुआत के 30 दिनों में आप सबसे पहले यह डिसाइड करें कि आप में क्या खूबियां हैं और आप किस सब्जेक्ट पर अच्छा काम कर सकती हैं। ऐसा टॉपिक चुनें जो लोगों की मदद कर सके और उन्हें गाइड या मोटिवेट कर सके। इसके बाद अपनी पसंद और टारगेट ऑडियंस के हिसाब से लिंक्डइन, इंस्टाग्राम या यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अपनी प्रोफेशनल प्रोफाइल बनाएं।

स्टेप 2: दूसरा महीना

दूसरे महीने के 30 दिनों में आप अपने चुने हुए सब्जेक्ट पर लगातार पोस्ट, कंटेंट या वीडियोस बनाकर अपलोड करें। ध्यान रहे कि आपका कंटेंट इंफॉर्मेटिव, काम का और लोगों की समस्याओं को सुलझाने वाला होना चाहिए। कंटेंट पोस्ट करते वक्त एक वीकली शेड्यूल तैयार कर लें कि आपको हफ्ते में कितने दिन और कब-कब कंटेंट पोस्ट करना है, क्योंकि डिजिटल दुनिया में लगातार दिखते रहना ही सबसे जरूरी है। 

स्टेप 3: तीसरा महीना

तीसरे महीने के 30 दिनों में आप अपने फील्ड के बड़े एक्सपर्ट्स और प्रोफेशनल्स की पोस्ट पर अच्छे और यूनिक कमेंट्स करें। उनके साथ बातचीत की शुरुआत करें और अपना नेटवर्क बढ़ाएं। इसके अलावा, जो भी लोग आपकी पोस्ट या वीडियो पर कमेंट करते हैं, उनके कमेंट्स का रिप्लाई दें और उन्हें यह भरोसा दिलाएं कि आप आगे भी उनके काम का कंटेंट पोस्ट करते रहेंगे। जब आप लोगों की परेशानियों को सॉल्व करते हैं, तो इससे एक मजबूत कनेक्शन और ब्रांड बनता है।

निष्कर्ष: डिजिटल लाइफस्टाइल में आजकल सोशल मीडिया का इस्तेमाल लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में हर कोई अपनी पर्सनल ब्रांडिंग बनाने का प्रयास कर रहा है। अगर आप भी काफी समय से पर्सनल ब्रांड बनाने की सोच रही हैं लेकिन सफलता नहीं मिल पा रही है, तो इस लेख में बताए गए 3-स्टेप फार्मूले को जरूर ट्राई करें। यह तरीका आपकी ऑनलाइन पहचान बनाने में बहुत मददगार साबित हो सकता है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी। 

Image credits: Freepik