क्या आपको चाय की चुस्कियां लेना पसंद है? अगर हां, तो आपको जानकर हैरानी होगी कि आपकी यह पसंद आपको करियर की ऊंचाइयों पर पहुंचा सकती है। चाय की हर चुस्की से उसका स्वाद पहचानना और उसकी क्वालिटी का आकलन करना केवल एक कला नहीं, बल्कि एक बेहतरीन प्रोफेशन भी है। इसे टी टेस्टिंग कहा जाता है। टी इंडस्ट्री में एक अच्छे टी टेस्टर का रोल बेहद अहम माना जाता है, क्योंकि वे ही यह सुनिश्चित करते हैं कि बाजार में ग्राहकों तक सिर्फ बेहतरीन क्वालिटी की चाय ही पहुंचे। यदि आप भी इस अनोखे करियर में कदम रखना चाहते हैं, तो जानते हैं कि एक सफल टी टेस्टर बनने का प्रोसेस, योग्यताएं और इसमें करियर के क्या अवसर हैं? 

टी टेस्टर कैसे बनें?

टी टेस्टर बनने के लिए यहां दिए गए तरीके काम आ सकते हैं, जानते हैं- 

  • स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद स्नातक की डिग्री प्राप्त करें।
  • चाय की खेती और उसके विकास की तकनीकों को गहराई से समझें।
  • किसी अच्छे संस्थान से टी टेस्टिंग या टी सोमेलियर का कोर्स करें।
  • चखने और सूंघने की क्षमता के स्किल्स को निखारें।
  • अलग-अलग किस्मों और ब्रांड्स की चाय का बार-बार अभ्यास करें।
  • चाय की बड़ी कंपनियों या बागानों में इंटर्नशिप करके एक्सपीरियंस हासिल करें।
  • टी ग्रेडिंग, क्वालिटी कंट्रोल और टी ब्लेंडिंग की बारीकियों को सीखें।
  • इस इंडस्ट्री के एक्सपर्ट से संपर्क बनाएं और चाय कंपनियों में पदों के लिए आवेदन करें।

टी टेस्टर की जिम्मेदारियां

एक प्रोफेशनल टी टेस्टर का काम सिर्फ चाय पीना नहीं होता बल्कि कई महत्वपूर्ण काम शामिल हैं:

  • चाय की सूखी और गीली पत्तियों के आकार को चेक करना।
  • चाय की खुशबू और अर्क का टेस्ट करना।
  • टेस्ट के आधार पर चाय की क्वालिटी की रेटिंग तय करना।
  • मार्केट की मांग के अनुसार चाय का नया ब्लेंड तैयार करना।
  • मार्केट के रुझान और ग्राहकों की पसंद पर स्टडी करें।

यह भी पढ़ें- वकील बनने की अधिकतम उम्र क्या होती है? जानें लॉ एडमिशन से जुड़े नियम

टी टेस्टर बनने के लिए जरूरी योग्यता

इस फील्ड में आने के लिए किसी खास सिंगल डिग्री की जरूरत नहीं है। हालांकि, एग्रीकल्चर यानी कृषि विज्ञान, बॉटनी यानी वनस्पति विज्ञान, फूड साइंस या बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए इस क्षेत्र को समझना बेहद आसान हो जाता है। इसके अलावा, कई संस्थान टी टेस्टिंग में स्पेशल डिप्लोमा और सर्टिफिकेशन कोर्स भी कराते हैं।

चाय की मुख्य किस्में और उनकी विशेषताएं

एक प्रोफेशनल टी टेस्टर को चाय की हर किस्म की पूरी जानकारी होनी चाहिए-

  • ब्लैक टी: यह पूरी तरह से ऑक्सीडाइज्ड होती है। इसका रंग गहरा और स्वाद काफी कड़ा होता है।
  • ग्रीन टी: इसे बिना ऑक्सीडाइज किए तैयार किया जाता है। इसका स्वाद हल्का और ताजा होता है।
  • ऊलॉन्ग टी: यह ब्लैक टी और ग्रीन टी के बीच की श्रेणी है, जो आंशिक रूप से ऑक्सीडाइज्ड होती है।
  • व्हाइट टी: यह सबसे कम प्रोसेस की जाने वाली चाय है, जिसका स्वाद बहुत हल्का होता है।
  • हर्बल टी: यह कैमेलिया साइनेन्सिस (चाय के पौधे) से नहीं, बल्कि जड़ी-बूटियों, फूलों और फलों के अर्क से बनती है।

टी टेस्टिंग की कला में महारत हासिल करने का तरीका

टी टेस्टिंग में महारत हासिल करने के लिए एक तय प्रक्रिया को अपनाना होता है-

  • चाय की पत्तियों का सही वजन लेना और उन्हें तय तापमान पर सही समय के लिए उबालना।
  • सूखी और उबली हुई पत्तियों के आकार, रंग और बनावट को चेक करना।
  • सबसे पहले सूखी पत्तियों को सूंघना और फिर तैयार चाय की भाप से खुशबू का अंदाजा लगाना।
  • चाय को हवा के साथ मुंह के अंदर खींचना ताकि स्वाद जीभ के हर हिस्से तक पहुंचे।
  • हर सैंपल का स्कोरकार्ड बनाना, जिसमें उसके स्वाद, सुगंध और कसैलेपन का पूरा ब्योरा दर्ज हो।

इंडस्ट्री के ट्रेंड्स से अपडेट रहना भी है जरूरी

चाय का मार्केट लगातार बदल रहा है। इस फील्ड में खुद को अपडेट रखने के लिए टी मैग्जीन और रिसर्च पेपर्स पढ़ें, प्रोफेशनल टी एसोसिएशंस से जुड़ें और समय-समय पर आयोजित होने वाले ट्रेड शो व एग्जीबिशन्स में हिस्सा लें।

यह भी पढ़ें- चुनौतियों के बावजूद नहीं मानी हार, पढ़ें CA से कंटेंट क्रिएटर बनीं ईशा जायसवाल की कहानी

सैलरी पैकेज

एक फ्रेशर के रूप में टी टेस्टर की शुरुआत 3 लाख से 5 लाख रुपये सालाना के पैकेज से हो सकती है। कुछ सालों के एक्सपीरियंस और सेंसरी स्किल्स हासिल करने के बाद, अनुभवी टी टेस्टर सालाना 10 से 15 लाख रुपये या उससे भी ज्यादा का पैकेज आसानी से हासिल कर लेते हैं।

निष्कर्ष

चाय की चुस्कियों के लोगों के लिए टी टेस्टिंग एक बेहद रोमांचक और शानदार करियर ऑप्शन है। अगर आपके पास स्वाद और सुगंध को गहराई से समझने की क्षमता है और आप कुछ अलग हटकर करना चाहते हैं, तो यह फील्ड आपको एक नई पहचान दे सकती है। 

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: magnific