पैसे कमाने के चक्कर में कई बार हम सभी घूमने का प्लान शिफ्ट कर देते हैं या फिर कैंसिंल कर देते हैं। मगर क्या आपको पता है कि दुनिया में एक ऐसी नौकरी है, जिसमें आपको घूमने का पैसा मिलता है? बदलते वक्त के साथ काम करने के तौर-तरीकों में बड़ा बदलाव आया है। अब लोगों के लिए ऑफिस की चारदीवारी और 9-से-5 की नौकरी ही सब कुछ नहीं रह गई है। इंटरनेट और मॉर्डन टेक्नोलॉजी ने दुनिया के किसी भी कोने से काम करने की आजादी दे दी है।
इसी का नतीजा है कि आज घूम-घूम कर ऑनलाइन कमाई करने का ट्रेंड युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। नीचे लेख में जानें डिजिटल नोमैड क्या है और इसके फायदे-नुकसान।
क्या होता है डिजिटल नोमैड?
डिजिटल नोमैड वे इंडिपेंडेंट प्रोफेशनल , फ्रीलांसर या रिमोट वर्कर होते हैं, जो किसी एक परमानेंट या फिक्स ऑफिस से बंधे नहीं होते। इनके पास केवल एक लैपटॉप और इंटरनेट कनेक्शन होना चाहिए। वे दुनिया के किसी भी शहर, बीच या पहाड़ की वादियों से बैठकर अपनी कंपनी का काम संभाल सकते हैं या अपना खुद का ऑनलाइन बिजनेस चला सकते हैं। घूमना और अपने काम को साथ लेकर चलना ही इनकी जिंदगी का मुख्य उद्देश्य होता है।
इसे भी पढ़ें- वकील बनने की अधिकतम उम्र क्या होती है? जानें लॉ एडमिशन से जुड़े नियम
डिजिटल नोमैड का क्यों बढ़ रहा है ट्रेंड
आज की युवा पीढ़ी रूटीन भरी जिंदगी से हटकर आजादी और वर्क-लाइफ बैलेंस को प्राथमिकता दे रही है। इस ट्रेंड के तेजी से बढ़ने के मुख्य कारण ये हैं
- कोरोना महामारी के बाद ज्यादातर कंपनियों ने अपने कर्मचारियों को घर से या कहीं से भी काम करने की छूट दी है।
- आज देश के लगभग हर कोने में तेज रफ्तार 5G इंटरनेट और वाई-फाई आसानी से मिल जाता है।
- दुनिया भर के पर्यटन स्थलों और महानगरों में अब शानदार कोवर्किंग स्पेस खुल गए हैं, जहां बैठकर लोग सुकून से ऑफिस जैसा माहौल पा सकते हैं।
दुनिया घूमने का मौका, लेकिन इसके भी है नुकसान
इस लाइफस्टाइल का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आपको छुट्टियां मनाने के लिए सालभर इंतजार नहीं करना पड़ता। आप पहाड़ों की शांति या समुद्र किनारे बैठकर ऑफिस का प्रोजेक्ट पूरा कर सकते हैं। शाम को काम खत्म होने के बाद नए लोकल कल्चर, खान-पान और नई जगहों को नजदीक से जानने का मौका मिलता है। हालांकि, बाहर से यह जिंदगी जितनी ग्लैमरस दिखती है, उतनी आसान नहीं है। इसमें कई परेशानियां भी आती हैं।
- क्लाइंट्स या ऑफिस के समय के हिसाब से कई बार रात-विरात काम करना पड़ सकता है।
- घूमते हुए लगातार काम और पर्सनल लाइफ में संतुलन रखना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
- अलग-अलग देशों में लंबे समय तक रहने के लिए वीजा और टैक्स के नियमों को समझना मुश्किल होता है।
इसे भी पढ़ें- चाय का स्वाद बदलेगा किस्मत, जानें कैसे बनें Tea Taster और क्या है सैलरी पैकेज?
यकीनन वर्तमान में काम करने का तरीक 1 या 2 प्रतिशत ही नहीं बल्कि काफी बदल चुका है। अगर आपके पास लैपटॉप और बेहतरीन स्किल्स हैं, तो आप यह नौकरी कर सकती हैं। अगर आपको यह लेख पसंद आया है, तो इसे शेयर करें। साथ ही ऐसे आर्टिकल को पढ़ने के लिए जुड़े रहे हरजिंदगी के साथ।
Image Credit- Magnific, Main image (ai)
