नई नौकरी का पहला दिन, सबके लिए थोड़ा नर्वस करने वाला होता है। नया ऑफिस, नए लोग, नया बॉस और मन में एक ही सवाल कि बात कैसे शुरू करूं? क्या बोलूं कि सामने वाले पर अच्छा इंप्रेशन पड़े। कई लोग ज्यादा बोल जाते हैं तो कई लोग इतना कम बोलते हैं कि लोग उन्हें घमंडी समझ लेते हैं।

ऑफिस का पहला दिन कैसा होना चाहिए?

पहले दिन आपका काम नहीं, आपका बिहेवियर नोटिस होता है। लोग देखते हैं कि आप कैसे मिलते हैं, कैसे बात करते हैं और टीम में कैसे घुलते-मिलते हैं? अगर आप पहले दिन ही सही तरीके से बातचीत की शुरुआत कर लेते हैं तो आधी जंग वहीं जीत लेते हैं। आइए जानते हैं 5 ऐसी आसान बातें जो आपके पहले दिन को सुपरहिट बना देंगी।

Photo Credit: Magnific

1. खुद का इंट्रोडक्शन छोटा और फ्रेश रखें

पहले दिन लंबी-चौड़ी स्पीच देने की जरूरत नहीं है। जब भी कोई आपसे पूछे तो एक छोटा सा, पॉजिटिव इंट्रो तैयार रखें। जैसे- "हाय, मेरा नाम ये है और मैनें ये टीम में ज्वाइन की है''। इसमें 3 बातों का ध्यान जरूर रखें जैसे आपका नाम, आपकी टीम और रोल व एक पॉजिटिव लाइन।

2. बोलने से ज्यादा सुनना सीखें

नए लोग अक्सर गलती करते हैं कि वो खुद के बारे में बहुत ज्यादा बोलते हैं। पहले दिन आपका काम है 70% सुनना और 30% बोलना। जब कोई सीनियर अपना काम समझा रहा हो या कोई को-वर्कर ऑफिस कल्चर बता रहा हो तो ध्यान से सुनें, बीच में टोकें नहीं। बीच-बीच में "ओके, समझ गया" या "ये पॉइंट अच्छा है" जैसे छोटे शब्द बोलते रहें। इससे सामने वाले को लगेगा कि आप सच में इंटरेस्टेड हैं।

Photo Credit: Magnific

3. बॉडी लैंग्वेज से जीतो दिल

बातचीत सिर्फ शब्दों से नहीं होती। आपकी बॉडी लैंग्वेज बहुत कुछ कहती है। हल्की सी स्माइल हमेशा चेहरे पर रखें। हाथ क्रॉस करके या जेब में डालकर बात न करें। जब कोई बात करे तो आंखों में देखें, फोन में नहीं। हाथ मिलाते समय हल्का सा कॉन्फिडेंस रखें, बहुत तेज या बहुत ढीला हाथ न मिलाएं। एक कॉन्फिडेंट बॉडी लैंग्वेज आपको बिना बोले ही प्रोफेशनल बना देती है।

4. स्मॉल टॉक का सहारा लें

एकदम से काम की गहरी बातें शुरू करना अजीब लगता है। इसलिए, स्मॉल टॉक बेस्ट है। जैसे 'आप पूछ सकते हैं कि लंच आप लोग कहां करते हैं?', 'चाय सबसे अच्छी कहां मिलती है?', 'आप इस टीम में कितने टाइम से हैं?'। ये छोटे सवाल सामने वाले को कम्फर्टेबल करते हैं और बातचीत अपने आप आगे बढ़ती है। याद रखें, पहले दिन सबको अपना दोस्त बनाने की कोशिश न करें, बस 2-3 लोगों से अच्छी बातचीत भी काफी है।

5. थैंक यू और हेल्प मांगने में शर्म कैसी?

पहले दिन आपको बहुत सी चीजें नहीं पता होंगी जैसे- वाई-फाई पासवर्ड, वॉशरूम, प्रिंटर कैसे चलता है? पूछने में हिचकिचाएं नहीं। जब कोई हेल्प करे तो दिल से "थैंक यू" जरूर कहें। शाम को जाते समय अपनी टीम को "आज के लिए थैंक यू, कल मिलते हैं" कहना न भूलें। ये छोटा सा थैंक यू आपको सबकी नजर में विनम्र बनाता है।

Photo Credit: Magnific

नए ऑफिस का पहला दिन किसी इंटरव्यू से कम नहीं होता है। उस दिन आप अपना काम नहीं, अपना नेचर दिखाते हैं। इसलिए, परफेक्ट बनने की कोशिश मत कीजिए, बस सच्चे, विनम्र और जिज्ञासु बनिए। याद रखिए, लोगों को आपका टैलेंट बाद में पता चलेगा, लेकिन आपका बिहेवियर वो पहले दिन ही जज कर लेते हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।