हम जब भी किसी सरकारी नौकरी के लिए आवेदन करते हैं, तो सबसे पहले उसकी योग्यता के बारे में पढ़ते हैं। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि बिना जरूरी शैक्षणिक योग्यता को पूरा किए हम उस पद के लिए आवेदन नहीं कर सकते। आमतौर पर अधिकतर सरकारी नौकरियां 10वीं पास, 12वीं पास, स्नातक और परास्नातक के लिए निकाली जाती हैं। ऐसे में, कम पढ़े-लिखे लोगों को लगता है कि वे सरकारी नौकरी नहीं पा सकते हैं। मगर आपको बता दें कि ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। यदि आप केवल 8वीं पास हैं, तब भी आप सरकारी नौकरी पा सकते हैं। आज के इस लेख में हम 8वीं पास नौकरी के बारे में बताने जा रहे हैं।
महिलाओं के लिए 8वीं पास सरकारी नौकरियां
वे महिलाएं जो 8वीं पास हैं और सरकारी नौकरी करना चाहती हैं, उन्हें बता दें कि इसके लिए आप नीचे बताए गए विभागों के लिए आवेदन कर सकती हैं। इसके लिए आपको यह ध्यान रखना होगा कि इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया कब शुरू की जा रही है?
इसे भी पढ़ें- वकील बनने की अधिकतम उम्र क्या होती है? जानें लॉ एडमिशन से जुड़े नियम
आंगनवाड़ी सहायिका और कार्यकर्ता (Anganwadi Worker Or Helper)
महिला एवं बाल विकास विभाग (WCD) के तहत आंगनवाड़ी में 8वीं और 10वीं पास महिलाओं के लिए बंपर भर्तियां निकलती हैं। इसमें मुख्य रूप से बच्चों की देखरेख, पोषण आहार वितरण और टीकाकरण जैसे कार्य होते हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं के लिए यह नौकरी उनके अपने ही इलाके में मिल जाती है।
सरकारी स्कूलों में रसोईया या सहायिका (Mid-Day Meal Cook And Helper)
सरकारी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में मिड-डे मील योजना के तहत रसोइया और सहायिका के पद पर महिलाओं की नियुक्ति की जाती है। यह नौकरी उन महिलाओं के लिए बहुत अच्छी है जो स्कूल के समय के अनुसार काम करना चाहती हैं।
अस्पतालों में मल्टी-टास्क स्टाफ या आया (MTS And Ays Vacancy)
सरकारी अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में महिला मरीजों की देखरेख, साफ-सफाई और सहायता के लिए 'आया' या वार्ड सहायिका के पद पर 8वीं पास महिलाओं की भर्ती की जाती है।
पंचायती राज एवं सफाई विभाग (Panchayat And Municipal Corporation Jobs)
नगर निगम, नगर पालिका और ग्राम पंचायतों के अंतर्गत सफाई कर्मचारी, चपरासी या मल्टी-टास्क वर्कर के पदों पर भी 8वीं पास महिलाओं के लिए सीधी भर्तियां निकाली जाती हैं।
आवश्यक योग्यता और चयन प्रक्रिया
इन सरकारी नौकरियों के लिए आवेदन करने हेतु कुछ सामान्य नियम और दस्तावेज जरूरी होते हैं। अगर आप भविष्य में 8वीं पास किसी सरकारी नौकरी की तैयारी करना चाहती हैं, तो नीचे जानें चयन प्रक्रिया, योग्यता और आयु सीमा।
- आमतौर पर न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 35 से 40 वर्ष के बीच होती है। आरक्षित वर्ग की महिलाओं को नियमानुसार आयु में विशेष छूट दी जाती है।
- मान्यता प्राप्त स्कूल से 8वीं कक्षा की मार्कशीट या ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) होना अनिवार्य है। इसके साथ ही आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और जाति प्रमाण पत्र की आवश्यकता होती है। चयन अधिकांश 8वीं पास सरकारी नौकरियों (विशेषकर आंगनवाड़ी और स्कूल सहायिका) में चयन प्रक्रिया लिखित परीक्षा के बिना, केवल 8वीं कक्षा के प्राप्त अंकों या सीधे इंटरव्यू के आधार पर होती है।
इसे भी पढ़ें- 12वीं के बाद इंडियन एयर फोर्स में करियर कैसे बनाएं? यहां पढ़ें भर्ती से जुड़ी जरूरी जानकारी
निष्कर्ष
आप या फिर आपने जान-पहचान में कोई महिला कम पढ़ी-लिखी है, तो उसे इन सरकारी नौकरी के बारे में बता सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Images:Magnific
