How to Prevent Dry Skin in Winter: सर्दी आते ही सबसे पहले असर हमारे हाथों पर दिखता है। हाथ रूखे हो जाते हैं, त्वचा खिंची-खिंची लगती है और कई बार तो उंगलियों के पास से फटने भी लगती हैं। इसकी वजह सिर्फ ठंड नहीं है, बल्कि बाहर की सूखी हवा और घर के अंदर चलने वाला हीटर दोनों मिलकर हाथों की नमी को खींच लेते हैं। हाथों की त्वचा में वैसे भी तेल बनाने वाली ग्रंथियां कम होती हैं, इसलिए वो जल्दी ड्राई हो जाते हैं। अमेरिकन एकेडमी ऑफ डर्मेटोलॉजी एसोसिएशन के अनुसार, आइए जानते हैं सर्दियों में हाथ फटने की वजह और उन्हें मुलायम रखने के आसान उपाय।

सर्दियों में हाथ सूखने की वजहें

अक्सर ठंड के मौसम में यह सबके साथ होता है कि लोगों के हाथ ड्राई हो जाते हैं। आइए जानते हैं कि इसकी वजह क्या है?

image credit-pinterest (negar ghorbani)

  • सर्दियों की हवा में नमी बहुत कम होती है, जो हाथों की ऊपरी त्वचा से पानी को सीधे खींच लेती है।
  • रूम हीटर और सेंट्रल हीटिंग से कमरे की हवा और ज्यादा सूख जाती है, जिससे त्वचा की परत कमजोर हो जाती है।
  • गर्म पानी और तेज साबुन से हाथ धोने पर हाथों का नेचुरल तेल निकल जाता हैं।
  • शरीर के बाकी हिस्सों के मुकाबले हाथों की त्वचा में ऑयल ग्लैंड्स कम होते हैं, इसलिए वह नमी को ज्यादा देर तक रोक नहीं पाते।
  • बिना ग्लव्स के सफाई वाले प्रोडक्ट, डिटर्जेंट या अल्कोहल वाले सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने से हाथों में छोटी-छोटी दरारें पड़ जाती हैं।

हाथों को मुलायम रखने के आसान उपाय

रूखे हाथों को मुलायम रखने के लिए आप नीचे दिए गए उपायों को अपना सकती हैं।

  • हाथ धोने के बाद जब त्वचा हल्की गीली हो, तभी क्रीम या ऑइंटमेंट लगा लें। इसमें ग्लिसरीन, सेरामाइड या शीया बटर जैसे तत्व होने चाहिए, जो नमी को लॉक करते हैं।
  • सोने से पहले हाथों पर बिना खुशबू वाला पेट्रोलियम बेस्ड ऑइंटमेंट जैसे वैसलीन या एक्वाफोर लगाएं और ऊपर से सूती ग्लव्स पहनकर सोएं। इससे पूरी रात नमी बनी रहेगी।
  • गर्म पानी की जगह गुनगुने या ठंडे पानी से हाथ धोएं, क्योंकि गर्म पानी त्वचा के नेचुरल तेल को तेजी से खत्म कर देता है।
  • ठंडी हवा और कड़ाके की ठंड से बचने के लिए बाहर निकलते समय हमेशा गर्म ग्लव्स पहनें। बर्तन धोते या सफाई करते समय रबर के ग्लव्स का इस्तेमाल करें।
  • तेज एंटीबैक्टीरियल साबुन की जगह माइल्ड और हाइड्रेटिंग क्लींजर का इस्तेमाल करें।

image credit-pinterest

ध्यान रखने वाली बातें

सर्दियों में हाथों को फटने और रूखेपन से बचाने के लिए इन बातों का हमेशा ध्यान रखें।

  • हाथ धोने के बाद तौलिये से ज्यादा रगड़ें नहीं, हल्के से थपथपाकर सुखाएं।
  • तेज खुशबू वाली क्रीम की जगह बिना खुशबू वाली गाढ़ी क्रीम लगाएं।
  • दिन में 3-4 बार मॉइस्चराइजर लगाना न भूलें, खासकर बाहर जाने से पहले।
  • बर्तन या सफाई का काम बिना ग्लव्स के न करें।
  • बहुत ज्यादा गर्म पानी से नहाने और हाथ धोने से बचें।
  • अगर हाथों में गहरी दरारें या खून आ रहा है, तो घरेलू उपाय पर निर्भर न रहें, डॉक्टर को दिखाएं।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

main image credit- gemini