आजकल बालों का झड़ना और पतला होना एक आम समस्या बन गया है। अधिकतर महिलाएं इन झड़ते बालों की वजह से अक्सर परेशान रहती हैं और तरह-तरह के महंगे हेयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करती हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर बालों को दोबारा उगाने के लिए अलग-अलग ट्रेंड्स सामने आ रहे हैं। इन दिनों रोजमेरी ऑयल बहुत ज्यादा चर्चा में है और वायरल वीडियोज में यह दावा किया जा रहा है कि रोजमेरी तेल बालों की ग्रोथ के लिए सबसे बेस्ट है। यही नहीं, इसे मिनॉक्सिडिल जैसी मेडिकल दवाई जितना ही असरदार भी बताया जा रहा है।
रोजमेरी ऑयल मिनॉक्सिडिल जितनी हेयर ग्रोथ दे सकता है?
क्या एक प्राकृतिक तेल वाकई किसी मेडिकल दवाई की बराबरी कर सकता है? अगर आप भी इस बात को लेकर कंफ्यूज हैं, तो इस लेख में हम आपको डर्मेटोलॉजिस्ट की राय बताएंगे कि आखिर रोजमेरी ऑयल मिनॉक्सिडिल जितनी हेयर ग्रोथ दे सकता है या नहीं।
क्या कहती है रिसर्च और क्लिनिकल स्टडी?
वर्ष 2015 की एक क्लिनिकल स्टडी और रिसर्च के मुताबिक, बालों के झड़ने से परेशान लोगों के दो ग्रुप्स पर एक टेस्ट किया गया था। एक ग्रुप को 2% मिनॉक्सिडिल इस्तेमाल करने को दिया गया, वहीं दूसरे ग्रुप को रोजमेरी ऑयल दिया गया। 6 महीने तक नियमित इस्तेमाल के बाद दोनों ग्रुप्स के लोगों के बालों की डेंसिटी में लगभग बराबर सुधार देखा गया।
डर्मेटोलॉजिस्ट की राय और फायदे
जयपुर के डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. साहिल मंसूरी का कहना है कि रोजमेरी ऑयल में मौजूद कार्नोसिक एसिड स्कैल्प की नसों और टिश्यूज को स्वस्थ रखता है साथ ही स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन बढ़ाता है, जिससे नए बाल उगने में मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि मिनॉक्सिडिल का इस्तेमाल करने वाले लोगों की तुलना में रोजमेरी ऑयल लगाने वालों को स्कैल्प में खुजली और जलन जैसी शिकायतें काफी कम होती हैं।
मिनॉक्सिडिल और रोजमेरी
मिनॉक्सिडिल का इस्तेमाल अचानक बंद करने पर बाल दोबारा तेजी से झड़ सकते हैं। इसके शुरुआती दिनों में सिर में जलन या पपड़ी जमने जैसी परेशानी भी हो सकती है। वहीं रोजमेरी ऑयल के साइड इफेक्ट्स मिनॉक्सिडिल की तुलना में बेहद कम माने जाते हैं। ऐसे में अगर आपके बाल भी झड़ने लगे हैं, तो आप तुरंत केमिकल वाली दवाइयों के बजाय रोजमेरी ऑयल का इस्तेमाल कर सकती हैं।
घर पर रोजमेरी ऑयल लगाने का सही तरीका
अगर आप भी बालों की ग्रोथ के लिए घर पर रोजमेरी ऑयल का इस्तेमाल कर रही हैं, तो इसे लगाने का सही तरीका कुछ इस तरह है -
- सबसे पहले रोजमेरी एसेंशियल ऑयल की 5 से 6 बूंदें एक कटोरी में निकाल लें।
- अब इसमें 1-2 चम्मच नारियल तेल या जोजोबा ऑयल बराबर मात्रा में मिलाएं।
- इस मिश्रण से स्कैल्प की हल्के हाथों से मसाज करें और कम से कम 1 घंटे तक लगा रखें।
- इसके बाद किसी माइल्ड सल्फेट-फ्री शैम्पू से बाल धो लें।
निष्कर्ष: रिसर्च और डर्मेटोलॉजिस्ट की राय के मुताबिक, रोजमेरी ऑयल बालों की ग्रोथ के लिए बेहद असरदार माना जाता है। हालांकि, अगर आपको बहुत ज्यादा हेयर फॉल की समस्या है, तो मिनॉक्सिडिल और डर्मेटोलॉजिस्ट द्वारा सुझाया गया मेडिकल ट्रीटमेंट ज्यादा बेहतर परिणाम दे सकता है। वहीं अगर आप नेचुरल तरीके से बालों को घना बनाना चाहती हैं, तो रोजमेरी ऑयल का इस्तेमाल कर सकती हैं। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
imgae credit: MAGNIFIC
